छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

समय-सीमा की बैठक में की विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा

 लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

  गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अक्टूबर 2026

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागों को प्राप्त नवीन एवं लंबित प्रकरणों के साथ ही कलेक्टर जनसुनवाई, सुशासन तिहार तथा सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की पूर्णता, सृजित मानव दिवस एवं व्यय उपलब्धि की समीक्षा की। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय, मुक्तिधाम शेड, बोरवेल रिचार्ज हेतु फिल्टर निर्माण सहित उचित मूल्य दुकानों, आंगनबाड़ी भवनों एवं खाद्य गोदामों के निर्माण कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
            कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की स्थापना एवं संचालन, स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र एवं अपार आईडी बनाने के कार्यों में तेजी लाने कहा। उन्होंने राशन कार्डधारियों एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का शतप्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराने, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार संबंधी निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने मिलर्स द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों में चावल जमा कराने की प्रगति, धान उपार्जन समितियों में बारदानों की उपलब्धता तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों में खाद्यान्न भंडारण की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल इंस्टॉलेशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
                कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित आवेदनों के निराकरण के साथ ही विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर सुश्री आकांक्षा पांडे सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image