छत्तीसगढ़ / कांकेर

बस्तर ओलंपिक 2026 के पंजीयन की अंतिम तिथि 30 तक, युवाओं तक जानकारी पहुंचाने कलेक्टर ने दिए निर्देश

 उत्तर बस्तर कांकेर । बस्तर संभाग के युवाओं को खेल के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। 

जिले में आयोजन की तैयारियों एवं पंजीयन की प्रगति की समीक्षा के लिए आज कलेक्टर कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पात्र युवाओं तक आयोजन की जानकारी पहुंचाने, प्रतियोगिता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ), नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) एवं जिला शिक्षा अधिकारी से विकासखंडवार पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्थानीय कर्मचारियों एवं मैदानी अमले के माध्यम से गांव-गांव तक बस्तर ओलंपिक की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इस आयोजन से परिचित होकर स्वयं आगे आएं और अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए पंजीयन कराएं।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विकासखंडों में पंजीयन की संख्या अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष रूप से प्रचार-प्रसार कर युवाओं को प्रतियोगिता, खेल विधाओं एवं पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे विकासखंडों कोयलीबेड़ा, दुर्गूकोंदल, अंतागढ़ एवं भानुप्रतापपुर से अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त अवसर मिले और वे उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, सभी एसडीएम एवं डिप्टी कलेक्टर सहित जिला स्तर के अधिकारीगण, नगरीय निकाय तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मौजूद थे।  

खेल मैदानों को पहले से तैयार करने के निर्देश

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के लिए खेल मैदानों की तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित मैदान समतल, सुरक्षित एवं खेल गतिविधियों के अनुकूल होने चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। संबंधित अधिकारी मैदानों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

विकासखंड स्तर के बाद जिला स्तर पर होंगे आयोजन

बस्तर ओलंपिक 2026 के अंतर्गत पहले विकासखंड स्तर पर और उसके बाद जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 01 से 13 नवंबर तक, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तक तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 07 से 11 दिसंबर 2026 तक आयोजित होंगी।

 

विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा

बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग के 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो एवं 4×100 मीटर रिले रेस सहित तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे खेल शामिल हैं। हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं पुनर्वासित सदस्यों की सहभागिता सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी होंगे पुरस्कृत

 

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि पंजीयन अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने, युवाओं तक आयोजन की जानकारी पहुंचाने तथा प्रतियोगिता की तैयारियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए बस्तर ओलंपिक को सफल बनाने के निर्देश दिए। जिले के पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे 30 अक्टूबर तक अपना पंजीयन अवश्य कराएं। पंजीयन की सुविधा विकासखंड स्तर पर जनपद पंचायत एवं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा जिला स्तर पर जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, इंडोर स्टेडियम भवन कांकेर और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध है। इसके अलावा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से भी पंजीयन किया जा सकता है। बिना पंजीयन के किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। पंजीयन के लिए आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी तथा स्वयं के बैंक खाते की जानकारी देना अनिवार्य है। पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से प्रतिभागी के खाते में भेजी जाएगी।

 

Leave Your Comment

Click to reload image