छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

किशुनगढ़ में नाली की खुदाई के दौरान मिला नर कंकाल, गांव में मचा हड़कंप

कंकाल के साथ सड़ा-गला थैला और चप्पल मिलने की भी चर्चा, पुलिस जांच में जुटी

 कवर्धा-पंडरिया विकासखंड के ग्राम किशुनगढ़ में वीबी-जी राम जी योजना के तहत कच्ची नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इसी दौरान खुदाई करते समय एक नर कंकाल मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में कौतूहल के साथ तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

मिली जानकारी के अनुसार, नाली निर्माण के लिए खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक जमीन के भीतर नर कंकाल दिखाई दिया। कंकाल देखकर मौके पर मौजूद मजदूर घबरा गए और इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी। बताया जा रहा है कि खुदाई स्थल पर कंकाल के साथ एक सड़ा-गला थैला और चप्पल भी मिली है। इन वस्तुओं के मिलने के बाद मामले को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल बरामद नर कंकाल की पहचान और उसके पुराने होने की अवधि के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कंकाल कितना पुराना है और वह किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा, इसका खुलासा जांच तथा आवश्यक परीक्षण के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल ग्रामीणों की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है। कंकाल की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों का पता चलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image