छत्तीसगढ़ / बालोद

चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को लेकर बालोद जिला प्रशासन सतर्क

 बालोद । चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए बालोद जिला प्रशासन सतर्क है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने, जन-धन की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व में अतिवृष्टि से प्रभावित जिले के 61 गांवों को विशेष रूप से चिन्हांकित किया गया है। इन गांवों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर ग्रामीणों को सुरक्षित और सतर्क रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं। संभावित अतिवृष्टि को ध्यान में रखते हुए निचले क्षेत्रों, नदी-नालों के आसपास तथा जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखना आवश्यक है। संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने, जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, आपात स्थिति में प्रभावित नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 
 
 
 
 
 

बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। किसी भी आपात स्थिति, बाढ़ या अतिवृष्टि से संबंधित सूचना के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07749223950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही जिले में हेल्पलाइन नंबर डायल 112 के 12 वाहनों को विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सहायता और राहत एवं बचाव कार्य पहुंचाया जा सके।

जिले में राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, पंचायत, स्वास्थ्य, लोक निर्माण तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्य करना महत्वपूर्ण है। बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव, आवागमन में बाधा, बिजली आपूर्ति में व्यवधान और अन्य संभावित समस्याओं को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक रूप से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले रास्तों के पास न जाएं। बारिश के दौरान बिजली के खंभों, खुले तारों तथा जर्जर भवनों से दूर रहें। खेतों में काम करने वाले किसान भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम के नंबर 07749223950 अथवा 112 पर सूचना दें।

जिला प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा

 

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार संभावित प्राकृतिक आपदा के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें तथा आपदा प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।

 

 
 
 
 
 
 

 
 

 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image