छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

सूचना का अधिकार अधिनियम पर प्राचार्यों का प्रशिक्षण आयोजित

  गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 29 अक्टूबर 2026

सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों एवं आवेदन निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए बुधवार को एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना गौरेला के सभा कक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के समस्त प्राचार्यों ने भाग लिया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने प्राचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम से संबंधित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने आवेदकों को सामान्यतः 30 दिवस के भीतर जानकारी उपलब्ध कराने की समय-सीमा का पालन करने पर जोर दिया। साथ ही समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर नियमानुसार कार्रवाई के प्रावधान से अवगत कराया।
       जिला जन सूचना अधिकारी श्री देवेन्द्र सिरमौर ने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के प्रावधानों एवं निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर श्री हरीश शर्मा एवं श्री गिरीश दत्त शर्मा ने प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नागरिकों के सूचना प्राप्त करने के अधिकार पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में उल्लास नोडल अधिकारी श्री आलोक शुक्ला एवं बीआरसी श्री संतोष सोनी सहित जिले के प्राचार्य उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image