खुड़िया मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना, सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए किया गया संयुक्त निरीक्षण
लोरमी - जिले में ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खुड़िया मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक प्रक्रियाओं को गति देने लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं नगर पालिका लोरमी के अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग की सड़क के किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के संबंध में संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया।