छत्तीसगढ़ / दुर्ग

स्व सहायता समूह ने आंगनबाड़ी बच्चों के लिए खिलौना व खेल सामग्री भेंट की

 दुर्ग । जिले में आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के सर्वांगीण विकास, मनोरंजन एवं खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आंगनमिलन सेवा के अंतर्गत समाज के जागरूक नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से निरंतर सकारात्मक पहल की जा रही है। 

इसी कड़ी में समाजसेविका एवं मिनीमाता सम्मान से सम्मानित ललेश्वरी साहू की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से जीविका स्व-सहायता समूह द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों के लिए खिलौना एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। उनके प्रेरणादायी प्रयासों से प्रेरित होकर जीविका स्व-सहायता समूह ने बच्चों के हित में खिलौना सामग्री प्रदान करने की पहल की, जिससे आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों को खेल एवं सीखने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। इस सहयोग में ललेश्वरी साहू के साथ सविता साहू, सुशीला देवांगन एवं भुनेश्वरी साहू की सहभागिता रही।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समाज के सभी वर्गों से अपील की गई है कि वे आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए आगे आएं तथा अपनी सामर्थय के अनुसार सहयोग प्रदान करें। समाज की सक्रिय सहभागिता से प्रत्येक बच्चे को सीखने, खेलने एवं आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार पाण्डेय एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू उपस्थित रहे।


 
 
 
 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image