छत्तीसगढ़ / बीजापुर

पुनर्वास केंद्र में आत्महत्या की घटना की होगी दण्डाधिकारी जांच, जांच अधिकारी नियुक्त

 बीजापुर । जिला मुख्यालय बीजापुर स्थित नक्सल पुनर्वास केंद्र में 21 अक्टूबर 2026 को आत्महत्या की घटना के संबंध में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बीजापुर द्वारा दण्डाधिकारी जांच के आदेश दिए गए हैं। घटना की जांच के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारी बीजापुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

जारी उद्घोषणा के अनुसार, ग्राम तेलंगापारा, थाना गंगालूर निवासी 26 वर्षीय आत्मसमर्पित नक्सली नरसू बोड़डू, पिता स्वर्गीय लक्ष्मैय्या, फरवरी 2025 में आत्मसमर्पण करने के बाद जुलाई 2026 से पुनर्वास केंद्र बीजापुर में रह रहा था। 21 अक्टूबर 2026 को शाम लगभग 7 बजे से 7ः15 बजे के बीच उसने पुनर्वास केंद्र में स्वयं के स्नानागार में बंद होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

घटना के संबंध में पुलिस थाना बीजापुर द्वारा मर्ग क्रमांक 35/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बीजापुर द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को दण्डाधिकारी जांच के आदेश जारी किए गए हैं। ’जांच के संबंध में आम नागरिकों से जानकारी एवं साक्ष्य आमंत्रित किए गए हैं।’ घटना के संबंध में किसी भी व्यक्ति के पास कोई जानकारी, तथ्य अथवा साक्ष्य उपलब्ध होने पर वह 6 नवम्बर 2026 तक न्यायालय तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी बीजापुर के कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकता है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित घटना की दण्डाधिकारी जांच की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों की जांच की जा सके।

 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image