बस्तर ओलंपिक से खेल प्रतिभाओं को मिल रहा नया मंच
गुंडाधुर कॉलेज मैदान में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप खेलों के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभाओं को निखारने की पहल
कोण्डागांव, 03 नवंबर 2026
कोण्डागांव के गुंडाधुर कॉलेज मैदान में मंगलवार को विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत जीवन दिशा एकेडमी और मुलमुला की बालिकाओं के बीच आयोजित रस्साकशी मुकाबले से हुई। खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, श्री टोमन सिंह ठाकुर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बस्तर ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर अंचल के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आगे बढ़ने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर प्रदान करने वाली पहल है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप इस आयोजन के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें जिला, संभाग एवं राज्य स्तर तक आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस आयोजन के पीछे उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है। साथ ही बस्तर की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर देकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करना भी इसका महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।