छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी राहत का माध्यम, दो दिन में सुधरी विजेता नाग की जन्मतिथि

 शिकायत के त्वरित निराकरण से मिली राहत, जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता का दिखा उदाहरण

दंतेवाड़ा, 12 नवंबर 2026।

आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनका समाधान प्राप्त कर रहे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण जिले के तुड़पारास निवासी विजेता नाग के मामले में देखने को मिला, जहां जन्मतिथि में हुई त्रुटि का निराकरण शिकायत दर्ज होने के महज दो दिनों के भीतर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजेता नाग के दस्तावेज में जन्मतिथि गलत दर्ज हो गई थी। जन्मतिथि में त्रुटि होने के कारण उन्हें आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में अपनी शिकायत दर्ज कराई और संबंधित विभाग से सुधार की मांग की।
      शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। आवश्यक जांच एवं प्रक्रिया पूरी कर मात्र दो दिनों के भीतर जन्मतिथि में सुधार कर दिया गया। कम समय में समस्या का समाधान होने से विजेता नाग को बड़ी राहत मिली। विजेता नाग ने अपनी समस्या के शीघ्र निराकरण पर संतोष व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुनना और उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना है। इस तरह के उदाहरण बताते हैं कि शिकायत निवारण की प्रभावी व्यवस्था से आम नागरिकों को राहत मिल रही है और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image