छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित, 4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम

गरियाबंद, 12 नवम्बर 2026/

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नवीन मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, स्थानांतरण अथवा नया ईपिक कार्ड प्राप्त करने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
मतदाता अपना आवेदन ईसीआईनेट मोबाइल एप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट वोटर्स डॉट ईसीआई डॉट जीओवी के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास भी ऑफलाइन आवेदन जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन संबंधी अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image