छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

जिला जेल सूरजपुर में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता एवं निरीक्षण कार्यक्रम

 सूरजपुर  नवंबर 2026

जिला जेल सूरजपुर में निरुद्ध बंदियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से विधिक जागरूकता एवं निरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एवं फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय सूरजपुर के न्यायाधीश श्री आनंद प्रकाश वारियाल, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री हृदय नारायण श्रीवास्तव, अन्य लीगल एड डिफेंस काउंसिल अधिवक्ता एवं पैनल अधिवक्ता उपस्थित रहे।
जेल में निरुद्ध निर्धन, दंडित एवं विचाराधीन बंदियों को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का समाधान करने तथा वित्तीय सहायता सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का उचित लाभ दिलाने के उद्देश्य से गठित एंपावर्ड कमेटी के अंतर्गत यह निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान न्यायाधीश श्री आनंद प्रकाश वारियाल ने जेल के विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों से सीधे संवाद किया तथा उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
विधिक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई बंदी आर्थिक अथवा अन्य कारणों से अपने खर्च पर अधिवक्ता नियुक्त करने में असमर्थ है, तो उसे चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल की पूरी टीम निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करने के लिए कार्यरत है। जिन बंदियों के पास अपना अधिवक्ता नहीं है, वे अपनी आवश्यकता जेल अधीक्षक के माध्यम से अथवा जेल भ्रमण पर आने वाले लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ताओं एवं लीगल एड क्लिनिक में उपलब्ध अधिवक्ताओं को बता सकते हैं।
उन्होंने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, जमानत संबंधी प्रावधानों एवं निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि प्रथम बार अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के मामलों में जमानत के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालयों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों एवं कानूनी प्रावधानों का लाभ प्राप्त करने के लिए विधिक सहायता ली जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बंदियों से उनकी व्यक्तिगत एवं कानूनी समस्याओं के संबंध में जानकारी लेकर उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक विधिक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image