’भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जिले में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, जनजातीय संस्कृति और वीरता को किया नमन’
जनजातीय समाज के अधिकारों, परंपराओं और संस्कृति का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी - श्री रूपसाय सलाम’
’मेधावी छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट शिक्षक एवं छात्रावास अधीक्षकों का किया गया सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन’
’नारायणपुर, नवंबर 2026//’
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिले में 18 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एजी सिनेमा हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीर नायकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री रूपसाय सलाम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारत के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी और जननायक थे। उन्होंने अंग्रेजों के शोषणकारी शासन के विरुद्ध उलगुलान अर्थात महान विद्रोह का नेतृत्व कर जनजातीय समाज के अधिकारों, जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्हें धरती आबा के नाम से जाना जाता है। उनका साहस, संघर्ष, त्याग और देश के प्रति समर्पण आज भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है।
जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय वीर नायकों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश देकर संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय समुदायों ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध अनेक आंदोलन और विद्रोह किए। इन आंदोलनों ने स्वतंत्रता संग्राम को मजबूती प्रदान की। जनजातीय वीरों के संघर्ष और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने तथा उनके गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई है।
श्री सलाम ने कहा कि जनजातीय समाज की जीवनशैली प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव और सामंजस्य का उदाहरण है। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता जनजातीय परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है। जनजातीय समाज की संस्कृति, रीति-रिवाज, परंपराओं और सामाजिक व्यवस्थाओं का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी पहचान और परंपराओं को समझते हुए आगे बढ़ सकें।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा बस्तर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित किए जा रहे बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सहभागिता और जनभागीदारी के माध्यम से गांव एवं समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही गांवों में गायता, पुजारी, पटेल सहित पारंपरिक सामाजिक पदों पर आसीन लोगों से अपने अधिकारों एवं दायित्वों का सकारात्मक उपयोग करते हुए सामाजिक एकता और विकास को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि नारायणपुर जिले के समग्र विकास के लिए सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। इसके लिए शासन-प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने सभी से विकास कार्यों में सहयोग करने तथा समाज की भावी पीढ़ी को शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, जनजातीय समाज के योगदान और सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से अपनी परंपराओं और पहचान को संरक्षित रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पारंपरिक लोकनृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोककला और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा में मेरिट स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान की गई। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक एवं छात्रावास अधीक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत नारायणपुर की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेण्डी, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री तनुजा नाग, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।