*फर्जी ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का जाल, सतर्क रहें नागरिक*
गरियाबंद |
2026-11-21 18:24:35
0 विभाग के वेबसाइट की नकल कर लोगों को भेजे जा रहे संदिग्ध लिंक।
0 APK फाइल डाउनलोड करने से बचने परिवहन विभाग की अपील।
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- यातायात नियमों के उल्लंघन और ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का खतरा लगातार बढ़ रहा है। साइबर ठग अब सरकारी विभागों की आधिकारिक वेबसाइट की नकल कर फर्जी वेबसाइट और लिंक तैयार कर रहे हैं। इन लिंक के जरिए लोगों को चालान लंबित होने या जुर्माना जमा करने का संदेश भेजा जा रहा है। ऐसे में एक छोटी सी लापरवाही लोगों के बैंक खाते तक साइबर ठगों की पहुंच बना सकती है।
इस तरह की साइबर धोखाधड़ी को देखते हुए जिला परिवहन विभाग गरियाबंद ने आम नागरिकों के लिए सतर्कता संदेश जारी करते हुए अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट और APK फाइलों से दूर रहने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निजी मोबाइल नंबरों से प्राप्त ई-चालान संबंधी संदिग्ध संदेशों पर भरोसा न करें और उनमें दिए गए लिंक पर बिना सत्यापन के क्लिक न करें।
*–फर्जी लिंक से खाली हो सकता है बैंक खाता–*
साइबर ठग ई-चालान के नाम पर भेजे जाने वाले संदेशों के साथ ऐसे लिंक साझा करते हैं, जो देखने में सरकारी वेबसाइट जैसे ही प्रतीत होते हैं। लिंक खोलने पर लोगों को जुर्माना भुगतान करने या चालान की जानकारी देखने के लिए कहा जाता है। कई बार APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जाता है। ऐसी फाइल मोबाइल में इंस्टॉल होने पर व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण और अन्य संवेदनशील डेटा चोरी होने का खतरा रहता है। इससे मोबाइल और बैंक खाते की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
*–अधिकृत सरकारी वेबसाइट से ही करें चालान का सत्यापन–*
परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने और उसका भुगतान करने के लिए केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल एवं मान्य भुगतान माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। चालान की वास्तविकता की जांच आधिकारिक पोर्टल पर चालान नंबर और कैप्चा दर्ज कर की जा सकती है। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर जल्दबाजी में ऑनलाइन भुगतान न करें।
*–OTP, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी को न दें–*
विभाग ने विशेष रूप से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, ATM PIN, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान APK फाइल डाउनलोड करने अथवा फोन पर प्राप्त निर्देशों के अनुसार कोई ऐप इंस्टॉल करने से बचें।
*–ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत–*
यदि किसी नागरिक को फर्जी ई-चालान का संदेश, संदिग्ध कॉल या ठगी का प्रयास सामने आता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में दें। यदि साइबर ठगी का शिकार हो जाएं तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
*–परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल–* सुविधाओं का उपयोग सावधानी के साथ करें। याद रखें, साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार आपकी जल्दबाजी और लापरवाही है। इसलिए किसी भी चालान संबंधी संदेश पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, पहले उसकी सत्यता जांचें और केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों से ही भुगतान करें। आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई को साइबर ठगी से सुरक्षित रख सकती है।