तरेगांव वन क्षेत्र में हाथी की दस्तक, 20 गांवों में अलर्ट जारी
कबीरधाम |
2026-11-23 12:10:55
तरेगांव वन क्षेत्र में हाथी की दस्तक, 20 गांवों में अलर्ट जारी
वन विभाग ने कराई मुनादी, ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की दी समझाइश
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा--कबीरधाम जिले के सामान्य वनमंडल कवर्धा अंतर्गत तरेगांव एवं आसपास के वन क्षेत्रों में जंगली हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग सतर्क हो गया है। हाथी के विचरण की सूचना के बाद विभाग द्वारा आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। इसी कड़ी में वन विभाग की टीम ने ग्राम बाकी में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी की गतिविधियों की जानकारी दी और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वन परिक्षेत्र तरेगांव के मुंडादादर सर्किल अंतर्गत ग्राम बाकी में 22 नवंबर को वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को हाथी के विचरण के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान लोगों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, उसके नजदीक नहीं जाने तथा किसी भी स्थिति में उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास नहीं करने की समझाइश दी गई। गांव में मुनादी कराकर लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
ढोलबज्जा से आमनारा तक मिले हाथी की मौजूदगी के संकेत
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को दोपहर में वन परिक्षेत्र तरेगांव के बोक्करखार सर्किल अंतर्गत ढोलबज्जा बीट क्षेत्र में एक जंगली हाथी की उपस्थिति दर्ज की गई। इसके बाद कवर्धा वन परिक्षेत्र के आमनारा बीट स्थित कक्ष क्रमांक 307 में हाथी के पदचिह्न एवं लीद भी पाए गए। हाथी के विचरण के दौरान अब तक दो फसल क्षति के मामले सामने आए हैं। हालांकि, मकान क्षति एवं जनहानि की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
20 गांवों में जारी किया गया अलर्ट
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आमापानी, माचापानी, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, धौराटोला, थूहापानी, चोड़चोड़ा, तेंदूपड़ाव, जमुनपानी, बोलदा, बावापथरा, खरिया, मुड़घुसरी, मांदीभाठा, छीरपानी जलाशय, अगरी, भीरा, खुरमुंदा, भलपहरी एवं महली सहित आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। विभागीय अमला ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार संपर्क बनाए हुए है, ताकि हाथी की गतिविधियों की जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचाई जा सके।
ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील
वन मंडला अधिकारी निखिल अग्रवाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में अकेले आवागमन करने से बचें। यदि कहीं हाथी दिखाई देता है तो उसके नजदीक जाने, शोर मचाकर परेशान करने, छेड़ने अथवा भगाने का प्रयास न करें। हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वन विभाग द्वारा हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुनादी, जनजागरूकता एवं सतर्कता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए वन विभाग के साथ सहयोग बनाए रखें।