सीएम हेल्पलाइन 1076 से मिली बड़ी राहत, नेलावरम के दिलीप कुमार के आधार कार्ड में सुधरा नाम
सुकमा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “सीएम हेल्पलाइन 1076“ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बन रही है। इसी कड़ी में सुकमा जिले के ग्राम नेलावरम निवासी दिलीप कुमार के आधार कार्ड में दर्ज नाम की त्रुटि का प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है।
आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज होने के कारण दिलीप कुमार को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और दैनिक आवश्यक कार्यों को पूरा करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मामले को पूरी गंभीरता से लिया। अधिकारियों ने दिलीप कुमार से संपर्क कर उन्हें आधार केंद्र बुलाया और सभी आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रियाएं पूरी करवाते हुए कुछ ही दिनों के भीतर उनके आधार कार्ड में नाम सुधार दिया। अपनी लंबे समय से लंबित समस्या के त्वरित और सहज समाधान से संतुष्ट होकर दिलीप कुमार ने राहत की सांस ली और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।