छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुगम यातायात के लिए सभी आवश्यक सुधारात्मक उपाय करें: कलेक्टर

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । कलेक्टर  विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार गति अवरोधक, संकेतक बोर्ड, सड़क चौड़ीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने पुलिस, यातायात एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूलों एवं कॉलेजों के आसपास की सड़कों का निरीक्षण कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण एवं आवारा पशुओं के कारण बाधित होने वाली यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों की प्रगति, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तथा विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की गई। साथ ही जिला सड़क सुरक्षा एक्शन प्लान-2026 के क्रियान्वयन, जिले में ट्रामा सेंटर की स्थापना, सड़क दुर्घटना में घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, नेक व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने एवं पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक  मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी  कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर श्रीमती प्रतिमा अभिषेक झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जिला परिवहन अधिकारी  आनंद शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बैठक के विभिन्न एजेंडों एवं विभागवार कार्यवाही की जानकारी दी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image