ट्रेन की द्वितीय श्रेणी की बोगी में सवार दो परिवार आमने-सामने बैठे थे। एक परिवार शहरिया प्रदीप भोले का था तो दूसरा परिवार ग्रामीण रामलाल का था। ठंड का समय था। धीरे-धीरे शाम ढल रही थी। ऐसे समय में ट्रेन की खिड़की से घुसती हुई सर्द हवाएं असहनीय होने लगी थी।
प्रदीप भोले की गर्भवती पत्नी रेखा को ठंड लगने लगी थी। उसने अपने पास रखें दुशाले को ओढ़ लिया था। इसके बावजूद वह कांप रही थी। इसे देखकर सामने की सीट में बैठी रामलाल की पत्नी उमा ने अपने पास रखे नए कम्बल को उसे ओढ़ने के ले दे दिया।
प्रदीप भोले की पत्नी झिझकते हुए कम्बल को लेकर ओढ़ने के बाद बड़ी राहत महसूस करने लगी थी। वह धन्यवाद देते हुए पूछ पड़ी -आपके सामान में नया कम्बल,चद्दर,छोटा तकिया और लकड़ी का झूला दिखाई दे रहा है। यह सब लेकर आप कहां जा रहे हैं?
इस सवाल पर उमा बोल पड़ी- हमारी बिटिया का पहला बच्चा हुआ है।उसके जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हम जबलपुर जा रहे हैं। बिटिया के छोटे बच्चे के लिए ही हम यह सामान ले जा रहे हैं।
यह सुनकर रेखा चौंकते हुए बोल पड़ी- अरे !सामान्यतः नवजात शिशु के बिस्तर ,वस्त्र, खिलौने, बरतन आदि किसी और को तो नहीं दिया जाता।आपने तो नवजात शिशु के लिए रखे नये कम्बल को मुझे दे करके बड़ी कृपा की है।
रेखा की बातें सुनकर उमा हंसते हुए बोली- ए सब बेकार की बातें हैं बहिन।तुम्हारे गर्भ में पल रहा बच्चा भी तो हमारे प्रेम का हकदार है न।
शहरिया भोले और उनकी पत्नी उस ग्रामीण परिवार की सहृदयता सहित खुले विचारों के आगे नतमस्तक हो गए थे। उनके कम्बल की गर्माहट में डूबी हुई रेखा ने संकल्प ले लिया कि वह भी रूढ़िवादी परंपराओं और रिवाजों से सदैव दूर रहेगी। चलती ट्रेन में बने रिश्ते की मिठास ने दोनों परिवारों को मीठी नींद भी दे दी थी।