बेटी ने लिवर डोनेट कर बचाई पिता की जान
बेटी ने लिवर डोनेट कर बचाई पिता की जान, ट्रांसप्लांट के बाद ऑपरेशन थियेटर में मरीज ने खुशी से किया डांस
रायपुर। मां-बाप अपने बच्चों के लिए सब कुछ करते हैं और उनकी रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी बेटी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने अपने पिता की जिंदगी बचाने के लिए अपने लिवर का दान किया है।
छत्तीसगढ़ की बेटी ने अपने पिता के जीवन में नई रोशनी लाकर मिसाल कायम किया है। तिल्दा निवासी 50 वर्षीय अनिल कुमार यादव लिवर सिरोसिस जैसी जानलेवा बीमारी से ग्रसित थे। पिछले दो से ढाई वर्षों से वह श्री नारायणा अस्पताल में अपने इलाज के लिए आ रहे थे।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी जांच की और बताया कि उन्हें लिवर ट्रांसप्लांट की आवश्यकता है। इस गंभीर स्थिति में, उनकी बेटी वंदना यादव राठी ने भी जांच करवाई, और पाया गया कि उनका लिवर उनके पिता के लिए उपयुक्त है।
इसके बाद, वंदना ने 6 अक्टूबर को अपने लिवर का 60 प्रतिशत हिस्सा अपने पिता को देने का निर्णय लिया। ऑपरेशन के केवल पांच दिन बाद वंदना को डिस्चार्ज कर दिया गया और 10 दिनों बाद अनिल यादव को भी स्वस्थ होकर घर जाने की अनुमति मिली।