सोनी सब के ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ पर बृंदा त्रिवेदी ने कहा, “निर्माताओं ने शो को यथार्थवादी बनाए रखने के लिए हर संभव कोशिश की है- इसी कारण से यह दर्शकों से इतनी गहराई से जुड़ता है।”
मुंबई, अप्रैल 2025: सिल्वर स्क्रीन पर दर्शकों का दिल जीतने और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार सहित ढेरों तारीफें पाने के बाद, प्रतिभाशाली अभिनेत्री बृंदा त्रिवेदी ने एक रोमांचक छलांग लगाते हुए सोनी सब के प्रसिद्ध शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ के साथ टेलीविजन पर कदम रखा है। यह शो एक दृढसंकल्पित सिंगल मां पुष्पा (करुणा पांडे) के सफर को दर्शाता है, जो धैर्य, शालीनता और एक अटल सकारात्मक भावना के साथ जीवन की बाधाओं का सामना करती है। यह शो बृंदा को अपनी अभिनय क्षमता को एक नए प्रकाश में दिखाने के लिए एकदम सही कैनवास प्रदान करता है।
हाल के एपिसोड्स में एक नया आकर्षक किरदार पेश किया गया है - कादम्बरी, जिसकी भूमिका बृंदा त्रिवेदी ने निभाई है। कादम्बरी के आने से पुष्पा की दृढ़ दुनिया में एक नाटकीय मोड़ आया है। कादम्बरी के रूप में बृंदा के किरदार में कई पहलू हैं। वह सशक्त और बारीक है, जिससे शो में नई ऊर्जा आई है और उसने पुष्पा के भावनात्मक सफ़र को और भी गहरा कर दिया है। उसके आने से, दर्शक पुष्पा के जीवन में चुनौतियों, आत्मनिरीक्षण और विकास से भरे एक नए दौर को देखेंगे।
अपने टेलीविज़न डेब्यू के बारे में बात करते हुए, वृंदा त्रिवेदी ने कहा, “भारतीय दर्शकों के दिलों में टेलीविज़न की एक खास जगह है, और ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ जैसे शो से जुड़ना, जो इतना मज़बूत सामाजिक संदेश देता है, एक सही कदम लगता है। इससे आपको हर दिन दर्शकों तक पहुंचने का दुर्लभ अवसर मिलता है। मैं जिन कलाकारों को जानती हूं, जिन्होंने इस शो में काम किया है, उनमें से लगभग हर एक ने टीम की ईमानदारी, अपने किरदार को समझने के लिए दी गई आज़ादी और सेट पर अच्छे, मज़ेदार माहौल को लेकर बस तारीफें ही की हैं। भले ही पुष्पा इम्पॉसिबल एक डेली सोप है, लेकिन निर्माताओं ने इसे यथार्थवादी बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कोशिश की है, इसी कारण से यह दर्शकों, खासकर गृहणियों से इतना गहराई से जुड़ता है। उनका समर्पण वाकई इस तथ्य में झलकता है कि शो ने 900 एपिसोड पूरे कर लिए हैं, जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।” उन्होंने आगे कहा, “कई ऑडिशन और मॉक शूट के बाद मुझे यह भूमिका मिली। टीम के पास बहुत स्पष्ट दृष्टिकोण था कि वे क्या चाहते हैं - एक ऐसा किरदार जो बाहर से मजबूत हो, लेकिन मन ही मन कमज़ोरियों से घिरा हो। इन कमज़ोरियों ने जीवन के अनुभवों से आकार लिया है। उन्होंने इसे खूबसूरती से समझाया, यहां तक कि संदर्भ भी दिए, और मैं इस बात के लिए उत्साहित हूं कि जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, दर्शक इस भूमिका के कई पहलुओं को देखेंगे।”
सोनी सब का शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ देखिए, हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे.