पिया गए जेल, वहां से मांगा फोन, पैकेट पहुंचाने के प्रयास में पत्नी हो गई गिरफ्तार
हनुमानगढ़.। जिला कारागृह में बंद पति को मोबाइल फोन सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री का पैकेट पहुंचाने के प्रयास में पत्नी हवालात पहुंच गई। पुलिस ने उसे आपत्तिजनक सामान के दो पैकेट व बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जंक्शन थाने में विवाहिता सहित दो जनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है। जंक्शन पुलिस ने रविवार को मौका निरीक्षण किया तथा जेल प्रहरियों के बयान दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार जेल प्रहरी रामधन मीणा ने रिपोर्ट दी कि शनिवार को ड्यूटी के दौरान जेल में दीवार के ऊपर से एक पैकेट आकर गिरा। इस पर तत्काल पैकेट जब्त कर जेल की दीवार के बाहर पड़ताल की। वहां एक महिला व एक युवक खड़े थे। उनकी बाइक दीवार के पास साइड में खड़ी थी। जब तक जेल प्रहरी पहुंचे तो युवक फरार हो गया। जेल प्रहरियों ने महिला से पूछताछ की। उसकी शकुंतला देवी पत्नी मुकेश कुमार निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन तथा फरार युवक की विनोद कुमार निवासी गांव शेरेकां के रूप में पहचान हुई। जेल में फेंके गए तथा महिला के कब्जे से जब्त पैकेट से तीन मोबाइल फोन, तीन डाटा केबल, पांच बीड़ी के बंडल, 11 जर्दे के पैकेट तथा आठ चूने की ट्यूब बरामद हुई। पुलिस ने बाइक व पैकेट जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शकुंतला देवी ने पुलिस को बताया कि उसका पति मुकेश कुमार किसी प्रकरण में जेल में न्यायिक अभिरक्षा में है। उसके इस्तेमाल के लिए मोबाइल फोन व अन्य सामग्री लाई थी। पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही पैकेट मंगवाने में अन्य की संलिप्तता की जांच कर रही है।