देश-विदेश

सुहागन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना से रखा निर्जला व्रत, मुख्यमंत्री आवास में भी मना करवा चौथ

भोपाल,  बुधवार को कार्तिक कृष्ण चतुर्थी के मौके पर करवा चौथ का पर्व परंपरागत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना से निर्जला व्रत रखा। शाम को कई जगहों पर सामूहिक आयोजन हुए और महिलाओं ने छलनी से आसमान में चांद के दर्शन करने के बाद पति की सूरत निहारी और उसके बाद व्रत खोला। चंद्रमा को अर्ध्य दिया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कथा श्रवण की। कालोनियों, होटल, रेस्टोरेंट, सामुदायिक भवनों में आयोजित हुए करवा चौथ पर्व के कार्यक्रमों में महिलाओं ने चंद्रमा देखा। विधि-विधान से करवाचौथ कथा पढ़ी। पूजा-अर्चना की। चंद्रमा को अर्घ्‍य दिया। पति का आशीर्वाद लिया और पतियों के हाथों से पानी पीकर निर्जला व्रत खोला।

सीएम हाउस में करवा चौथ

सीएम हाउस में भी करवा चौथ का पर्व पूर्ण श्रद्धाभाव से मनाया गया। सीएम शिवराज राज चौहान अपनी पत्‍नी के साथ करवा चौथ की पूजा-अर्चना में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज ने करवा चौथ की कहानी पत्नी साधना को सुनाई। इसके बाद साधना सिंह ने शिवराज संग सीएम हाउस के प्रांगण में छलनी से चंद्रमा के दर्शन कर जल ग्रहण किया।
 
दुल्हन की तरह सज-धज कर किया पूजन
शाम साढ़े सात बजे से उपवास करने वाली महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती दिखीं। इस दौरान बार-बार छतों पर जाकर चंद्रमा का उदय होने का इंतजार करतीन नजर आईं। सुहागिनों ने दुल्हन की तरह सजधज कर शिव-पार्वती और करवे की पूजा की। पति का पूजन करने के अलावा सास-ससुर के भी पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। घरों में भगवान गणेश, कर्तिकेय व चौथ माता की पूजा-अर्चना की। पूजन के साथ-साथ व्रतधारी महिलाओं ने सुहागिन महिलाओं को हल्दी कुमकुम लगाकर सुहाग की सामग्री भेंट की। अखंड सौभाग्य के लिए आशीर्वाद मांगा।

Leave Your Comment

Click to reload image