अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान शुरू
वाशिंगटन । अमेरिका में मंगलवार को मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान होगा। इस चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सामने प्रतिनिधि सभा और सीनेट में अपना बहुमत बचाने की चुनौती है। वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी की नजर कांग्रेस के कम से कम एक सदन में बहुमत हासिल करने पर है। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के कार्यकाल (चार साल) के बीच में होने वाले चुनाव को मध्यावधि चुनाव कहा जाता है।
इसमें राष्ट्रपति का चुनाव नहीं होता, बल्कि मतदाता कांग्रेस के सदस्यों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं। इस बार प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी चुनाव हो रहे हैं। सीटों की संख्या की बात करें तो रिपब्लिकन के पास प्रतिनिधि सभा में 218 के मुकाबले 214 सीटों का मामूली बहुमत है, जबकि सीनेट में उसकी स्थिति 53-47 की है। इस चुनाव के नतीजे तय करेंगे कि ट्रंप अपने कार्यकाल के अगले दो वर्षों में कांग्रेस में कितने मजबूत रहेंगे।
मध्यावधि चुनाव को मौजूदा राष्ट्रपति के कामकाज पर जनता की पहली बड़ी राष्ट्रव्यापी प्रतिक्रिया के रूप में भी देखा जाता है। महंगाई, जीवनयापन की लागत, स्वास्थ्य सेवाएं, आव्रजन और ईरान के साथ जारी संघर्ष इस बार चुनावी बहस के प्रमुख मुद्दे हैं। इससे पहले, ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों को अपने दूसरे प्रशासन के पहले 20 महीनों पर जनमत संग्रह घोषित किया था और नागरिकों से कहा था कि वे ऐसे वोट दें जैसे कि वे स्वयं उम्मीदवार हों।