देश-विदेश

मदद के लिए सड़क पर उतरे लोग, ट्रक ने 7 को कुचला...

 खूंटी । झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सात लोगों की जान ले ली। कर्रा थाना क्षेत्र के जोने-लुदरू मोड़ के पास स्कूटर दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए सड़क किनारे जुटे लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे में पांच साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका खूंटी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

स्कूटर दुर्घटना की आवाज सुनकर घरों से निकले थे लोग
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास की बस्ती के लोग मदद के लिए घरों से बाहर आए। वे झाड़ियों में गिरे स्कूटर सवार को निकालने की कोशिश कर रहे थे।

इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतनी तेजी से हुआ कि लोगों को संभलने या वहां से हटने का मौका तक नहीं मिला।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जयंती देवी, अंजलि कुमारी, सौरभ नायक, मान्हू देवी, पाको देवी, गोलू कुमार और तूती कुमारी के रूप में हुई है। मृतकों में बिरसा नायक की पत्नी जयंती देवी, उनकी 20 वर्षीय बेटी अंजलि कुमारी और अंजलि का बेटा सौरभ नायक भी शामिल हैं। इनके अलावा मान्हू देवी, पाको देवी, 12 वर्षीय गोलू कुमार और छह वर्षीय तूती कुमारी की भी मौत हो गई।

बिरसा नायक की पांच वर्षीय बेटी खुशबू कुमारी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिया की दीवार तोड़कर गड्ढे में गिरा ट्रक
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, लोगों को कुचलने के बाद ट्रक पुलिया की दीवार तोड़ते हुए पास के गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी के मौके से फरार होने की खबर है। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों के जरिए खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image