श्रीलंका में नई सरकार बनने के बाद पहली बार कोलंबो पहुंचे एस जयशंकर
श्रीलंका में वामपंथी झुकाव वाले अनुरा कुमारा दिसानायके के राष्ट्रपति बनने के बाद भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर पहली बार कोलंबो पहुँचे हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है.
विदेश मंत्री ने लिखा है, “दोबारा कोलंबो आकर अच्छा लग रहा है. श्रीलंका के नेतृत्व से बातचीत को लेकर उत्सुक हूं.”
इससे पहले अनुरा कुमारा दिसानायके के श्रीलंका के राष्ट्रपति बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंधाई दी थी.
प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पोस्ट में कहा था, ''भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और विजन में श्रीलंका का ख़ास स्थान है.''
इस साल फ़रवरी महीने में अनुरा कुमारा दिसानायके जब भारत आए थे, तो किसी ने शायद ही सोचा था कि क़रीब सात महीने बाद वो श्रीलंका के राष्ट्रपति बनेंगे.
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस मुलाक़ात पर ख़ुशी जताते हुए अपने एक्स पोस्ट में लिखा था कि दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और इसे गहरा करने पर अच्छी बातचीत हुई है.
अब 22 सितंबर को आए नतीजों में वामपंथी नेता अनुरा कुमारा दिसानायके ने श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज की थी. आमतौर पर वामपंथी विचारधारा वाली सरकारों को वैचारिक रूप से चीन के क़रीब माना जाता है. ऐसे में भारत के लिए भी इसे चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.