देश-विदेश

गाजा पट्टी में इजरायल का भीषण हमला, एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, उत्तरी गाजा को खाली करने की चेतावनी

दीर अल-बला: मध्य गाजा पट्टी में इजराइल के हमले में एक ही परिवार के आठ सदस्यों की मौत हो गयी है। फलस्तीन के चिकित्सा अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दीर अल-बला स्थित अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अनुसार, गाजा में शनिवार देर रात को नुसरत शरणार्थी शिविर में एक मकान पर हमला किया गया है, जिसमें माता-पिता और आठ से 23 साल की उम्र के उनके छह बच्चों की मौत हो गयी। शवों को इसी अस्पताल में लाया गया था।उसने बताया कि हमले में सात लोग घायल भी हुए हैं जिनमें दो महिलाओं और एक बच्चे की हालत गंभीर है। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक संवाददाता ने शवों की गिनती की है। हमास के साथ युद्ध को एक साल से अधिक समय होने पर भी इजराइल के हमले जारी है और वह गाजा में लगभग हर दिन आतंकवादी ठिकानों को निशाना बना रहा है। हाल के महीनों में उसने विस्थापित लोगों द्वारा पनाह के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे स्कूलों को भी निशाना बनाया है। वह आतंकवादियों पर इन विस्थापित लोगों के बीच छिपने का आरोप लगाता है।

उत्तरी गाजा को खाली करने का आदेश

इजराइल ने उत्तरी गाजा को पूरी तरह से खाली करने का दबाव बनाया है। उत्तरी गाजा में इजराइल के हवाई और जमीनी बल जबालिया पर हमले कर रहे हैं, जहां उसके अनुसार आतंकवादी पुन: संगठित हो गए हैं। इजराइल ने गाजा सिटी समेत उत्तरी गाजा को पूरी तरह खाली करने का आदेश दिया है। सेना ने शनिवार को पुष्टि की कि अस्पतालों को भी खाली करने का आदेश दिया गया है, लेकिन उसने इसके लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है।

शांति सैनिक पर चली गोली

इजराइल ने हवाई हमलों में कम से कम 22 लोगों के मारे जाने के कुछ घंटे बाद शनिवार को उत्तरी गाजा में भारी बमबारी कर रहा है। इजराइल लगातार गाजा और दक्षिणी लेबनान में लोगों से कह रहा है कि वे उन इलाकों को खाली कर दें, जहां आतंकवादी समूहों हमास और हिजबुल्ला के खिलाफ उसके हमले हो रहे हैं। लेबनान में, संयुक्त राष्ट्र शांति सेना ने कहा कि शुक्रवार देर रात नकौरा स्थित उसके मुख्यालय पर फिर से हमला किया गया, जिसमें एक शांति सैनिक पर गोलीबारी की गई। उसने कहा कि सैनिक की हालत स्थिर है। हालांकि, गोली किसने चलाई इसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। 

Leave Your Comment

Click to reload image