छत्तीसगढ़ / गरियाबंद
प्रदेश के कौशल विकास तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब का दौरा कार्यक्रम
गरियाबंद । प्रदेश के कौशल विकास तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब 24 जुलाई शुक्रवार को जिले के दौरे पर रहेंगे। प्रोटोकॉल शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशवंत साहेब 24 जुलाई को प्रातः 8ः00 बजे रायपुर से गरियाबंद जिले के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 12ः00 बजे अमलीपदर में भगवान जगन्नाथ महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम पश्चात साहेब रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
18 अगस्त को जिलेभर में आयोजित होगी राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ
गरियाबंद । भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18 अगस्त 2026 को देशभर में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में भी कार्यक्रम के सफल एवं आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, सार्वजनिक संस्थानों तथा शासकीय कार्यालयों में 18 अगस्त को राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर समुचित समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अब तक देशभर में 29 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। जिनमें 11 करोड़ से अधिक युवा एवं 7 करोड़ से अधिक महिलाएं शामिल हैं। साथ ही 1 लाख 19 हजार से अधिक लोग ‘नशामुक्ति मित्र’ के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं। इन उपलब्धियों को देखते हुए राज्य में भी अभियान को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
कलेक्टर बीएस उइके कहा है कि जिले की कुल जनसंख्या के कम से कम 10 प्रतिशत लोगों को 18 अगस्त को राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ दिलाई जाएगी तथा विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत अभियान की ई-प्लेज वेबसाइट पर शपथ लेने एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला मुख्यालय से वर्चुअल सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में नशामुक्त भारत अभियान के लोगो, शुभंकर, हेल्पलाइन नंबर 14446 तथा अन्य जनजागरूकता सामग्री का उपयोग किया जाएगा। साथ ही शपथ लेने वाले नागरिकों की संख्या एनएमबीए पोर्टल एवं मोबाइल एप पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
मोखागुड़ा में पेयजल समस्या हल: सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होते ही सोलर ड्यूल पंप ठीक
गरियाबंद । मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 राज्य शासन की एक प्रभावी जनशिकायत निवारण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी समस्या, शिकायत अथवा सुझाव सीधे शासन तक पहुंचा सकता है। हेल्पलाइन में दर्ज प्रत्येक शिकायत का संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित समय-सीमा में परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाती है, जिससे आम नागरिकों को त्वरित राहत मिलने के साथ शासन की पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत मोखागुड़ा के धौराझोला पारा में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप को मरम्मत के बाद पुनः चालू कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को फिर से नियमित पेयजल उपलब्ध होने लगा है। क्रेडा विभाग के जिला प्रभारी टीआर धु्रव ने बताया कि ग्राम मोखागुड़ा निवासी देनेश्वर राम नागेश ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप काफी समय से बंद पड़ा है तथा टंकी में भी सुधार की आवश्यकता है। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। क्रेडा के फील्ड कर्मचारियों ने 18 जून 2026 को स्थल का निरीक्षण कर सोलर ड्यूल पंप की तकनीकी जांच की। निरीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों को दूर करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया गया। जिसके बाद संयंत्र को सफलतापूर्वक पुनः कार्यशील कर दिया गया। पंप के चालू होने से धौराझोला पारा में पेयजल आपूर्ति फिर से सुचारु हो गई है।
सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद शिकायतकर्ता देनेश्वर राम नागेश ने कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए संतुष्टि पत्र भी उपलब्ध कराया। जिला प्रशासन ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
15 से 29 वर्ष के युवाओं का माई भारत पोर्टल पर होगा पंजीयन
स्वयंसेवा, कौशल विकास और नेतृत्व के अवसरों से जुड़ेंगे विद्यार्थी
गरियाबंद, 22 जुलाई 2026
जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माई भारत (मेरा युवा भारत) पोर्टल पर पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देश के अनुसार माई भारत युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल विकास, राष्ट्र निर्माण एवं सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच है। इस पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पंजीयन किया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों से कहा है कि वे अपने संस्थान में अध्ययनरत 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन 15 अगस्त 2026 तक माई भारत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें। इससे युवा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं स्वयंसेवी गतिविधियों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास कर सकेंगे।
गरियाबंद में प्रयास आवासीय विद्यालयों के लिए काउंसलिंग 22 जुलाई से
गरियाबंद ।
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद काउंसलिंग तिथि घोषित कर दिया गया है।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त लोकेश पटेल ने बताया कि काउंसलिंग 22 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं काउंसलिंग की तिथि विभागीय वेबसाइट एकलव्य डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सूची में आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में सुबह 11ः00 बजे से शाम 4ः00 बजे तक उपस्थित होना होगा। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) अंकसूची, विद्यालय द्वारा जारी सत्यापन प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति अथवा नक्सल पीड़ित प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों जैसे दिव्यांग, अनाथ, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा शहीद सैनिक, पुलिस, अर्द्धसैनिक एवं सशस्त्र बलों के बच्चों को संबंधित प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग के बाद प्रवेश के पात्र अभ्यर्थियों को तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाणपत्र जमा करना अनिवार्य होगा।
कलेक्टर उइके ने नीट, जेईई जैसे प्रवेश परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को किया सम्मानित
गरियाबंद ।
कलेक्टर बीएस उइके ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोसमबुड़ा के सत्र 2025-26 के विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश परीक्षा में चयनित बच्चों को सम्मानित किया।
कलेक्टर उइके ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में उन्हें मोमेंटो एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों के समर्पित प्रयासों और मार्गदर्शन को भी दिया। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर नेहा भेड़िया, हितेश्वरी बाघे सहित अन्य अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी सत्रों में भी विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने के लिए विद्यालय परिवार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के कुल 33 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की। इनमें चिकित्सा क्षेत्र के प्रवेश परीक्षा नीट, बीएससी नर्सिंग एवं फार्मेसी में 16 विद्यार्थियों ने, इंजीनियरिंग एवं डिजाइन क्षेत्र के जेईई मेन्स में 4 विद्यार्थियों ने एवं एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (एनसीईटी-आईटीईपी) के बीए-बीएड पाठ्यक्रम में 13 विद्यार्थियों का चयन हुआ। इस दौरान सहायक आयुक्त लोकेश पटेल तथा विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जनसुनवाई : कलेक्टर ने प्राप्त 39 शिकायतों पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के आदेश
गरियाबंद।
आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर द्वारा जनदर्शन का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं दूर-दराज इलाकों से पहुंचकर लोगों ने जनदर्शन में कलेक्टर बीएस उइके को अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपा। आज जनदर्शन में कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर उइके ने आवेदनों को संज्ञान में लेकर आवश्यक निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसी कड़ी में आज आयोजित जनदर्शन में ग्राम बेलटूकरी की शिवकुमारी साहू ने शौचालय निर्माण के लिए आवेदन सौंपा।
इसी प्रकार ग्राम कोसमी के हरक राम यादव ने पीएम आवास की सूची में नाम जुड़वाने के लिए, ग्राम कुम्हड़ईकला के अन्तोराम माली ने भूमि सीमांकन के संबंध, ग्राम सड़क परसुली के बलदेव राम साहू ने शौचालय निर्माण के बकाया राशि को दिलाने के लिए आवेदन सौंपा। इस पर कलेक्टर उइके ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्राप्त आवेदनों का समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे सहित जिले के सभी अधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा गरियाबंद का कार्यकारिणी परिचायक एवं मिलन समारोह 23 जुलाई को किया जायेगा आहुत
राधेश्याम सोनवानी,
राष्ट्रगौरव के प्रतीकों पर आधारित हो गरियाबंद के चौकों का नामकरण : प्रो. (डॉ.) संजीव कर्मकार
राधेश्याम सोनवानी
,गरियाबंद :- भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक प्रो. (डॉ.) संजीव कर्मकार 'वशिष्ठ' ने जिला संयोजक श्री पन्नालाल देवदास, सह-संयोजक श्री अशोक मिश्रा, केसर कुमार निर्मलकर, राजेन्द्र सिंह परिहार, सदस्य श्रीमती गीता पटेल एवं श्री हेमकुमार के साथ राजिम नगर के प्रमुख चौकों एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण किया। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती संध्या वर्मा से भेंट कर प्रदेश कार्यसमिति की ओर से नगर के प्रमुख चौकों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव सौंपा। प्रस्ताव में जनभावनाओं एवं नगर के समग्र हित को दृष्टिगत रखते हुए सिविल लाइन चौक (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष स्थित चौक) का नाम "डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक" तथा वर्तमान बाज़ार चौक का नाम "पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक" रखने का आग्रह किया गया। प्रो. (डॉ.) संजीव कर्मकार 'वशिष्ठ' ने कहा कि राष्ट्रनिर्माताओं के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा देने के साथ-साथ नगर की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय पहचान को भी सुदृढ़ करेगा। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर पालिका जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
जिला रोजगार केन्द्र गरियाबंद में 24 जुलाई को प्लेसमेंट कैम्प
439 रिक्त पदों पर होगी भर्ती, विभिन्न निजी संस्थानों में होगा चयन
इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय परिसर में उपस्थित हों सकते है
गरियाबंद ।
छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग तथा संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, रायपुर के निर्देशानुसार जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गरियाबंद द्वारा 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला कार्यालय परिसर में प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 3ः00 बजे तक आयोजित होगा। जिसमें निजी क्षेत्र के विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी अंजुम अफरोज ने बताया कि इस रोजगार मेले में स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर एवं अलर्ट एस.जी.एस. प्राइवेट लिमिटेड रायपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, असिस्टेंट सुपरवाइजर, एजेंट तथा मार्केटिंग सहित कुल 439 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट आकार के फोटो, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता से संबंधित मूल प्रमाण-पत्र तथा उनकी छायाप्रति के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होना होगा।
प्लेसमेंट कैम्प में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी को ई-रोजगार पोर्टल ईरोजगार डॉट सीजी डॉट गवर्नमेंट इन अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन दूरभाष क्रमांक 07706-241269 एवं मोबाइल नंबर 93295-59607 पर संपर्क किया जा सकता है।
चेक बाउंस के संबंध में विशेष लोक अदालत का आयोजन।
राधेश्याम सोनवानी
घायल चौसिंगा को मिला नया जीवन : फॉरेस्ट रेंजर की तत्परता से सफल रेस्क्यू वन्यजीव संरक्षण की मिसाल
राधेश्याम सोनवानी
रथयात्रा के दिन से झमाझम बारिश का दौर जारी, हरियाली से महका गरियाबंद
रथयात्रा के दिन से झूमकर बरस रहे बादल, गरियाबंद में मानसून पूरे शबाब पर
खेत-खलिहान लबालब, किसानों के चेहरे खिले, पर्यटन स्थलों पर उमड़ रही भीड़, शहर में जलभराव से बढ़ी परेशानी
श्रद्धा पब्लिक स्कूल, गरियाबंद में छात्र परिषद चुनाव संपन्न, विद्यार्थियों को मिला मतदान का अधिकार एवं लोकतंत्र का व्यावहारिक ज्ञान
राधेश्याम सोनवानी
गरियाबंद :-
श्रद्धा पब्लिक स्कूल, गरियाबंद में छात्र परिषद ( Students' Council ) का चुनाव लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान का अधिकार, निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया तथा लोकतंत्र में मत के महत्व के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। विद्यालय परिसर में मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई, जहाँ विद्यार्थियों ने अनुशासनपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव के दौरान मतदान की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि एक जागरूक मतदाता का प्रत्येक वोट लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करती हैं। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ चुनाव प्रक्रिया में भाग लेकर लोकतंत्र के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों के लिए निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया ।
राधेश्याम सोनवानी,
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गरियाबंद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत
राधेश्याम सोनवानी