छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
सहायता समूहों के बैंक लिंकेज के लिए बैंकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के बैंक क्रेडिट लिंकेज को सशक्त करने, मिशन की मूल अवधारणाओं, ऑनलाइन ऋण आवेदन प्रक्रिया तथा आरबीआई मास्टर सर्कुलर की समग्र जानकारी प्रदान करने हेतु आज जिला पंचायत के सभा कक्ष में बैंकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में श्रीमती नियति ध्रुवे एवं एन आर पी गगन बिहारी भुईयाँ, एलडीएम नरोत्तम साहू, जिला मिशन प्रबंधक उपेन्द्र कुमार, समस्त बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधक, विकासखंड प्रभारी, एफएलसीआरपी, बैंक मित्र, बैंक सखी तथा बिहान टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में बैंकरों को स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण से जोड़ने की प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन प्रणाली, ऋण स्वीकृति एवं वितरण, दस्तावेजीकरण तथा आरबीआई के मास्टर सर्कुलर की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में पीपीटी के माध्यम से बताया गया कि बैंकर्स की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति में सशक्त सुधार संभव है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह प्रशिक्षण कार्यशाला बैंकों एवं स्व-सहायता समूहों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लैंगिक समानता एवं सतत् विकास पर कार्यशाला का आयोजन
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के क्रियान्वयन में लैंगिक समानता एवं सतत् विकास थीम पर विकासखण्ड नवागढ़ के सामुदायिक भवन में कार्यशाला आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला में परियोजना नवागढ़ एवं उपस्थित जन प्रतिनिधियों द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जनसंख्या प्रबंधन, परिवार नियोजन, बाल योजनाओं एवं अधिकारों पर चर्चा की गई।
इस दौरान लैंगिक समानता पर चर्चा करते हुए बताया कि लिंग (स्त्री या पुरुष) के भेदभाव के बिना सभी के लिए समान अधिकार, अवसर और व्यवहार सुनिश्चित करना ही सतत विकास का माध्यम है। कार्यक्रम में संबंधित विषयों पर हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए एवं उनके प्रश्नों जवाब दिया गया।
इसके साथ ही परियोजना पामगढ़ में जनसंख्या प्रबंधन एवं लैंगिक समानता का संदेश देते हुए ग्रामीण स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यशाला में विभिन्न जनप्रतिनिधि, परियोजना अधिकारी, सूपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, महिलाएं, स्कूली बालिकाएं उपस्थित थी।
गहरे गड्डे में मिला चार महीने की मासूम का शव, अपहरण कर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
जांजगीर चांपा: जिले के ग्राम धाराशिव में चार माह सात दिन की बच्ची मानवी गोस्वामी पिता राजेश गोस्वामी का शव घर के पीछे गड्ढे में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि मासूम बच्ची का पहले अपहरण किया गया होगा और उसके बाद उसकी हत्या कर शव को घर के पीछे गड्ढे में फेका दिया गया होगा। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार मासूम बच्ची की नानी जासु गोस्वामी ने बताया कि उसकी बेटी पूनम गोस्वामी की शादी शहडोल में हुई। उसकी बेटी पूनम डिलीवरी के लिए चार माह पहले अपने मायके आई हुई थी। आज रविवार की दोपहर करीबन एक बजे मां पूनम बच्ची को अपने पास सुलाई हुई थी।वहीं तबीयत खराब होने पर खुद भी गोली खा कर सो गई थी। इस दौरान क्या हुआ कुछ पता नहीं चला। जब पूनम सोकर अचानक उठी तो अपनी बच्ची को खोजने लगी और अपनी मां जासु गोस्वामी के पास जाकर पूछने लगी जो कि बगल के दूसरे कमरे में सो रही थी। इस दौरान उसके पास बच्ची की नहीं होने पर दोनों मां बेटी ने खोजबीन शुरू की मगर कुछ पता नहीं चला।
स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शशि कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलखन एवं सेजेस शिवरीनारायण में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुडवाने एवं निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से किये जा रहे नवाचारों की जानकारियों के जनहित में व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा मतदाताओं को अपने मताधिकार का निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर प्रयोग करने तथा लोकतंत्र में अपने सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान छात्रों को वोटर हेल्पलाइन एप्लीकेशन तथा चुनाव प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान किया गया।
पीएम आवास योजना हितग्राहियों के घरों के सामने वृक्षारोपण
एक पेड़ मां के नाम अभियान
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी कदम उठाते हुए जिले में ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों के घरों के सामने वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत के सभी ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पौधे का वितरण करते हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणजनों की सक्रिय भागीदारी के साथ पौध रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित करने के साथ-साथ हितग्राहियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का भाव विकसित करना था। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों ने न केवल पौधारोपण किया, बल्कि उन्हें संरक्षित और सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। कई जगहों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पंच-सरपंचों की उपस्थिति में वृक्षों को सुरक्षित किया गया और हितग्राहियों को उनकी देखरेख की जिम्मेदारी दी गई। यह पहल प्रधानमंत्री आवास योजना एवं “मनरेगा,” “मोर गांव-मोर पानी” और “जल संरक्षण-संवर्धन” जैसे कार्यक्रमों से भी जुड़ते हुए जिले को पर्यावरणीय दृष्टिकोण से एक नई दिशा दे रही है। इसके साथ ग्राम पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल, सार्वजनिक स्थल सहित विभिन्न स्थानों में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौध रोपण किया गया। इस अवसर पर जनपद सीईओ, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र सहित नागरिक जन उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बाढ़ संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
रिंगनी-कुकदा, शिवरीनारायण-गिधौरी पुल एवं शिवरीनारायण बैराज का किया अवलोकन
जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार हो रही बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के बाढ़ संवेदनशील इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लेते हुए सभी विभागों और राहत टीमों को अलर्ट मोड में रहने और तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बाढ़ राहत कार्य के लिए गठित टीमों को स्पष्ट रूप से कहा कि जैसे ही कहीं से भी सूचना मिले, वे बिना देर किए मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अधिक वर्षा की स्थिति में जलभराव और बाढ़ के हालात पर कड़ी निगरानी रखी जाए और प्रभावित जगहों से पानी की त्वरित निकासी के इंतजाम किए जाएं। इसके साथ ही नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ की स्थिति में टोल फ्री नंबर 07817-222032 पर सूचना दे सकते है ।
कलेक्टर ने सलखन-खरौद मार्ग पर रिंगनी-कुकदा पुल की स्थिति का जायजा लेते हुए निर्माणाधीन नवीन ब्रिज को शीघ्र पूर्ण करने के लिए ईई पीएमजीएसवाई को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए विभाग युद्धस्तर पर कार्य सुनिश्चित करे। शिवरीनारायण-गिधौरी पुल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईई जलसंसाधन और तहसीलदार से महानदी के वर्तमान और संभावित जलस्तर की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर अलर्ट सिस्टम, नाव और राहत शिविरों की सूची पहले से तैयार रहे। ईई जलसंसाधन को विभागों के साथ समन्वय कर एक्शन प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। शिवरीनारायण बैराज के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैराज के गेट ऑपरेशन, जलभराव और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ईई जल संसाधन को बैराज की सुरक्षा बढ़ाने और निगरानी टीम बढ़ाने को कहा। उन्होंने गार्डन की सफाई और बैराज के आसपास वृक्षारोपण के लिए भूमि चिन्हांकन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बाढ़ संवेदनशील स्थानों की मार्किंग कर वहां राहत सामग्री, नाव, मेडिकल किट और बचाव दल तैनात रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
छज्जा गिरने से मजदूर की मौत
जांजगीर-चांपा । जिले के पामगढ़ क्षेत्र के बारगांव में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिर गया। हादसे में घर के 1 युवक की मौत हो गई, वहीं राजमिस्त्री को गंभीर चोट आई है। घायल राजमिस्त्री को पामगढ़ अस्पताल से बिलासपुर रेफर किया गया है। दरअसल, बारगांव में त्रिदेव गिरी गोस्वामी का परिवार मकान बनवा रहा है। यहां इंद्रकुमार बानी, राजमिस्त्री का काम करता है। यहां छज्जा बनाने सेटरिंग की गई, जिसे खोल दिया गया।
इस दौरान छज्जा गिर गया और घर की दीवार भी गिर गई। इस दौरान वहां मौजूद युवक त्रिदेव गिरी गोस्वामी और राजमिस्त्री इंद्रकुमार बानी दब गए। दोनों को पामगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां युवक त्रिदेव की मौत हो गई, वहीं राजमिस्त्री इंद्रकुमार को बिलासपुर रेफर किया गया है। मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
तलवार से युवक पर किया जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा । जिले के बेलदारपारा में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार पर तलवार से हमला करने का प्रयास किया गया। पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस हमले में एक युवक घायल हो गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सुबह करीब 7:10 बजे की है। निकलेश कुमार यादव के पिता घर के बाहर चबूतरे पर अखबार पढ़ रहे थे, तभी पड़ोसी संतोष साहू उर्फ सोनू वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर निकलेश बाहर निकला तो संतोष का भाई दया राम साहू तलवार लेकर आ धमका और जान से मारने की धमकी देने लगा। दया राम ने तलवार से हमला करने का प्रयास किया।
निकलेश ने बचाव की कोशिश की, लेकिन उसके हाथ में गंभीर चोट लग गई। घटना की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक यदुमनी सिदार के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान दया राम साहू (39) और संतोष साहू उर्फ सोनू (36) के रूप में हुई है, जो चांपा के बेलदारपारा के निवासी हैं। दया राम के कब्जे से तलवार बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) BNS और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि बेलदारपारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सतत निगरानी रखी जाएगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने ली जीवन दीप समिति कार्यकारिणी की बैठक
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में जीवन दीप समिति कार्यकारिणी की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके लिए जरूरी संसाधनों की पूर्ति और आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध रूप से करने कहा। उन्होंने इस दौरान कहा कि जो भी निर्माण कार्य चल रहे है उनको समय सीमा में पूर्ण किया जाए। इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज बर्मन, सिविल सर्जन डॉ एस एस कुजुर, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक में सिविल सर्जन द्वारा समिति के समक्ष विभिन्न बिंदुओं पर आधारित एजेंडा प्रस्तुत किया गया।
जिसमें जिला चिकित्सालय जांजगीर के ऑर्थाे, सर्जिकल एवं नेत्र विभाग की छत में हो रही सिपेज की समस्या के समाधान हेतु छत की मरम्मत कार्य का प्रस्ताव रखा गया। जिस पर कलेक्टर ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को मरम्मत करने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल के आवश्यकता के अनुरूप जीवन दीप समिति के अंतर्गत 5 स्टाफ नर्स, 03 कम्प्यूटर ऑपरेटर रखने, विद्युत कक्ष उन्नयन, पंजीयन काउंटर के विस्तार सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा हेतु उक्त विषयों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
आर्मी के जवान ने युवती से किया रेप, गिरफ्तार
जांजगीर । रेप और छेड़छाड़ के कड़े कानून बनाए गए हैं। बावजूद इसके ऐसी घटना कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन युवती व महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटना हो रही है।
ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले से सामने आया है, जहां शादी का झांसा देखकर युवती से दुष्कर्म किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, यहां एक आर्मी जवान ने युवती को शादी का झांसा देकर लगातार युवती का यौन शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी आर्मी जवान राजेन्द्र साठ शादी से मुकर गया।
जिससे परेशान होकर युवती ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस युवती की शिकायत दर्ज की और मामले की जांचकर आरोपी आर्मी जवान राजेन्द्र साठ को गिरफ्तार कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्रेमी जोड़े की पेड़ पर लटकी मिली लाश
जांजगीर-चांपा । जिले के धनेली गांव में युवक-युवती ने एक साथ पेड़ पर फांसी लगाकर आत्मत्या कर ली। दोनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
युवक की पहचान अमोरा निवासी शैलेन्द्र केवट के रूप में हुई है। वहीं महिला की पहचान रामकुमारी सिंह (36 वर्ष) सोहागपुर, कोरबा की रहने वाली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच में जुट गई है।
जानकरी के मुताबिक, धनेली गांव के खड़ाखोडी तालाब के पास बबुल पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले युवक-महिला, प्रेमी जोड़े हैं।
मृतक शैलेन्द्र सोमवार को पिकनिक मनाने के लिए घर से निकला था। उसकी 3 महीने पहले ही शादी हुई थी. वहीं मौके पर मृत मिली महिला रामकुमारी सिंह के माथे पर सिंदूर देखा गया है।
पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का घर, सुमित्रा पटेल के लिए बना सहारा
जांजगीर-चांपा। जिले के जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरगहनी (च) की श्रीमती सुमित्रा पटेल के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई। यह योजना उनके दिवंगत पति स्व. लखनलाल पटेल के अधूरे सपनों को साकार करने वाली बनी, जिससे आज वे एक सुरक्षित और पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रही हैं। स्व. लखनलाल पटेल का परिवार बेहद ही साधनहीन था और उनकी रोजी-रोटी की एकमात्र सहारा मजदूरी थी। स्वयं की खेती की जमीन नहीं होने के कारण उनका परिवार वर्षों तक एक कच्चे और जर्जर मिट्टी के घर में रह रहा था।
जीवनभर मेहनत करने के बावजूद पक्का मकान बनाना केवल एक सपना बनकर रह गया था। वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पात्र पाते हुए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि किश्तों में उनके खाते में हस्तांतरित की गई। इस योजना के माध्यम से लखनलाल और उनकी पत्नी सुमित्रा ने मिलकर अपने सपनों का मजबूत पक्का घर तैयार किया। दुर्भाग्यवश घर पूर्ण होने के कुछ समय बाद ही लखनलाल का आकस्मिक निधन हो गया। अब सुमित्रा पटेल उसी मकान में अपने पति की स्मृतियों के सहारे जीवन यापन कर रही हैं। उनका कहना है कि, सरकार की इस योजना ने हमें वह दिया जिसकी हमने कल्पना भी नहीं की थी।
यह घर अब मेरे जीवन का सहारा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही उन्हें महात्मा गांधी नरेगा के तहत मजदूरी कार्य, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय जैसी सुविधाएं भी प्राप्त हुई हैं। श्रीमती सुमित्रा पटेल ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह योजना हम जैसे गरीब परिवारों के लिए आशा की किरण है, जिससे हमें जीवन में स्थायित्व और सम्मान मिला है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के 6 पदाधिकारियों को 7-7 साल की जेल
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के छह पदाधिकारी और सदस्यों को लूटपाट, मारपीट और उगाही के मामले में सात-सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश (FTC), न्यायालय जांजगीर ने सुनाया। मामले की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक योगेश गोपाल ने की।
2021 में दुकान में घुसकर की थी लूटपाट
यह मामला 27 अगस्त 2021 का है, जब बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में कीटनाशक दवाइयों की दुकान में घुसकर आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और एक लाख रुपये की उगाही की थी। आरोपियों ने दुकान मालिक से जबरन वसूली करते हुए उसे धमकाया था।
दोषियों के नाम और पते
भूपेन्द्र रात्रे (31 वर्ष) – बोकरामुडा, बलौदा
लक्की उर्फ लकेश्वर वर्मा (29 वर्ष) – भनपुरी, रायपुर
तरुण कुमार (23 वर्ष) – भनपुरी, रायपुर
कृपाण बघेल (26 वर्ष) – दीनदयाल कॉलोनी, रायपुर
भोला कश्यप (29 वर्ष) – मलदा, थाना हसौद, जिला शक्ति
रामपल कश्यप (24 वर्ष) – ग्राम जमडी, थाना हसौद, जिला शक्ति
सजा का विवरण
धारा 147, 148, 452, 323, 386 IPC: प्रत्येक आरोपी को 1 वर्ष सश्रम कारावास, ₹200 जुर्माना
धारा 397 IPC: 7 वर्ष सश्रम कारावास, ₹500 जुर्माना
भोला कश्यप को अतिरिक्त रूप से आयुध अधिनियम 25(1)(1-ख)(ख) के तहत 3 वर्ष की सजा और ₹200 जुर्माना
न्यायालय का सख्त संदेश
इस फैसले ने यह साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था के खिलाफ काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना जैसे संगठनों की आड़ में अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
16 जून से 15 अगस्त तक मत्स्याखेट प्रतिबंधित
जांजगीर-चांपा। वर्षा ऋतु में मछलियों की वंश वृद्धि (प्रजनन) को दृष्टिगत रखते हुए, उन्हें संरक्षण देेने के लिए राज्य में छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्याखेट अधिनियम 1972 की धारा 3 की उपधारा दो के तहत 16 जून 2025 से 15 अगस्त 2025 तक क्लोज सीजन घोषित किया गया है।
सहायक संचालक मछली पालन विभाग ने बताया कि जिले के समस्त नदियों, नालों तथा छोटी नदियों, सहायक नदियों में जिन पर सिंचाई के तालाब, जलाशय (बड़े या छोटे) निर्मित किए गए हैं, उनमें किये जा रहे केज कल्चर के अतिरिक्त सभी प्रकार का मत्स्याखेट पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। इन नियमों का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य मत्स्य क्षेत्र (संशोधित) अधिनियम के नियम - 3 (5) के अंतर्गत अपराध सिद्ध होने पर एक वर्ष का कारावास अथवा 10 हजार रूपए का जुर्माना या दोनों एक साथ होने का प्रावधान है। यह प्रतिबंध छोटे तालाब या अन्य जल स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी नाले से नहीं है, के अतिरिक्त जलाशयों में किये जा रहे केज कल्चर में लागू नहीं होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध : कलेक्टर
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति-शासी निकाय एवं कार्यकारी समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मनोज बर्मन, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी सहित जिले के सभी विकासखंडों के बीएमओ, स्वास्थ्य अधिकारी एवं मिशन से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर महोबे ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता हो, अधिकारी बेझिझक अपनी बात रखें, प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए और कहा कि जांजगीर-चांपा एक मैदानी जिला है, जहां शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अपेक्षित है। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वे विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लें, ताकि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि गर्भवती महिलाओं को समुचित देखरेख एवं सुविधाएं उपलब्ध हों, जिससे सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहन मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि मौसमी बीमारियों डायरिया, डेंगू, मलेरिया एवं फाइलेरिया से बचाव के लिए जनसामान्य में आवश्यक सावधानी, सर्तकता एवं जागरूकता के लिए कार्य करें। उन्होंने बारिश में मौसमी बिमारियों के मद्देनजर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नालियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने, दवां एवं फॉगिंग मशीन से छिड़काव करने के निर्देश संबंधित अधिकरियों को दिए। उन्होंने बारिश को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य केन्द्रों में एण्टी स्नैक वैनम की दवाई रखने के लिए कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सिकल सेल एनीमिया की जांच बढ़ाई जाए और इसके प्रति जनजागरूकता अभियान को व्यापक रूप से चलाया जाए, ताकि समय रहते रोग की पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड में नियमित शिविरों का आयोजन करने तथा विशेष रूप से पुरुष नसबंदी के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, मोबाइल मेडिकल यूनिट, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन, एनीमिया मुक्त भारत, वेलनेस एक्टिविटी, एचआईवी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता हैं और इनके क्रियान्वयन में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वय वंदना कार्ड, आयुष्मान कार्ड में शत प्रतिशत प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आंगनबाड़ी सहायिका पद हेतु आवेदन
जांजगीर-चांपा । एकीकृत बाल विकास परियोजना नवागढ़ में जनपद पंचायत नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुडपारा (खि) अतर्गत ऑगनबाडी केन्द्र मुड़पारा 01 में ऑगनबाड़ी सहायिका 01 पद के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना नवागढ़ ने बताया कि इच्छूक अभ्याथियों से 20 जून 2025 तक आवेदन पत्र कार्यालयीन दिवस एवं समय पर 10 बजे से सायं 5.30 बजे तक स्वयं अथवा पंजीकृत डाक से भेजा जा सकता है। निर्धारित समयावधि के पश्चात् प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक
शासकीय भूमि पर अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित प्रकरण एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित कर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने कहा। बैठक में कलेक्टर ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को गरिमामय एवं प्रभावी ढंग से मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित हो तथा आम नागरिकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने आयोजन स्थल, प्रशिक्षक, प्रचार-प्रसार एवं अन्य योग दिवस संबंधी सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि वे धान के स्थान पर अन्य लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से मिट्टी की गुणवत्ता, जल संरक्षण और आय में वृद्धि संभव है। उन्होंने धान के बदले अन्य लाभकारी फसल लेने हेतु कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम आवास योजना में आ रही समस्याओं की गहन समीक्षा करते हुए समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का पूर्ण लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने आगामी शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पहले सभी स्कूलों, छात्रावासों की मरम्मत एवं जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासकीय कार्यों में लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने शिवरीनारायण क्षेत्र में घाटों की सफाई सुनिश्चित करने और खाली पड़े स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है। बैठक में कलेक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत सभी अधिकारियों को वृक्ष लगाने हेतु प्रेरित किया और जल संरक्षण की दिशा में विभागीय योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में डायवर्सन के प्रकरण, नक्शा बटांकन की जानकारी, विवादित खाता विभाजन, विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, सीमांकन, आरबीसी 6-4 के प्रकरण की जानकारी ली एवं समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना, सिकलसेल सर्वे, आयुष्मान कार्ड, केसीसी, ई-ऑफिस, फार्मर रजिस्ट्री, अनुकम्पा नियुक्ति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, सर्व एसडीएम सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।