छत्तीसगढ़ / महासमुंद
जिला सीईओ श्री हेमन्त नंदनवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत बन रहे आवासों को जल्द पूर्ण करने के दिए निर्देश
आंगनबाड़ी का किया निरीक्षण
महासमुंद 14 नवंबर 2025
जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमन्त नंदनवार द्वारा गुरूवार को विकासखंड महासमुंद के ग्राम पंचायत मचेवा, बरोंडा बाज़ार एवं नवागांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर निर्माण की वर्तमान स्थिति, सामग्री उपलब्धता तथा निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधूरे या निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र प्रारम्भ करने हेतु जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी।
जन चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रमुख पात्रता, किस्तों का भुगतान प्रक्रिया, आवास पूर्णता की शर्तें तथा आवश्यक दिशानिर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों का चयन सुनिश्चित करने दिशा-निर्देश दिए तथा लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्री नंदनवार ने आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक स्कूल तथा सामुदायिक शौचालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में बच्चों के पोषण व शिक्षा-संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली और स्कूल में उपस्थिति, शिक्षण गुणवत्ता व मूलभूत सुविधाओं का जायज़ा लिया एवं आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जन चौपाल और निरीक्षण में सरपंच, सचिव, आवास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिले में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) जारी
कलेक्टर श्री लंगेह के घर पहुंचे बी एल ओ
महासमुंद, 11 नवंबर 2025
जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य जारी है। 4 नवम्बर से प्रारंभ इस अभियान में बीएलओ घर घर मतदाताओं तक पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इसी क्रम में बी एल ओ योजना यादव एवं सरपंच आज सुबह कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निवास पहुंचकर उन्हें गणना पत्र एवं घोषणा पत्र वितरित किए। इस दौरान टीम द्वारा आवश्यक जानकारी संकलित की गई। फार्म वितरण के दौरान ग्राम पंचायत मचेवा के सरपंच श्रीमती प्रमिला ध्रुव, उप सरपच जीतेंद्र साहू , किशोर ध्रुव, बी एल ओ योजना यादव, पंच शिव साहू मौजूद थे।
ज्ञातव्य है कि महासमुंद जिले में 8 लाख 86 हजार 422 पंजीकृत मतदाता हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र वितरित कर रहे हैं तथा आवश्यक दस्तावेज संकलित कर रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) मतदान केंद्र स्तर पर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ग्रामीण एवं शहरी दोनों ही क्षेत्रों में बीएलओ सक्रियता से कार्यरत हैं। कलेक्टर ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी और सहयोग करने की अपील की है।
सबके लिए आवास एक साकार होता सपना
प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कुल 55687 गरीब परिवारों का आवास स्वीकृत
प्रधानमंत्री जनमन योजनांतर्गत 678 विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों का आवास बनेगा
महासमुंद 10 नवम्बर 2025

प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के विकास की दिशा में सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ यह योजना देश के हर उस नागरिक तक छत पहुँचाने का प्रयास किया है, जिसके सिर पर अब तक अपना घर नहीं था। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में इस योजना ने गरीबों के पक्के मकान का सपना पूरा किया है, साथ ही स्वच्छता, जीवन-स्तर और सामाजिक गरिमा में भी अभूतपूर्व सुधार लाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जहां गाँवों में लाखों परिवारों को नया घर मिला है, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) ने शहरों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सम्मानजनक आवास प्रदान किया है। इस योजना से गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के सपने को आधार मिला है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के इस मिशन को पूरा करने के लिए राज्य सरकार मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कदम से कदम मिलाकर चल रही है। चयनित पात्र हितग्राहियों के पक्के घर का सपना पूरा करने के लिए तीव्र गति से कार्य कर रही है। महासमुंद जिले में इसका बेहतर क्रियान्वयन देखने को मिल रहा है। जिंदगी भर कच्चे मकान में रहने की दुःख से उबरते हुए अब गरीब परिवारों को भी पक्का छत नसीब हो रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत जिले में वर्ष 2024-25 में 51 हजार 955 आवास स्वीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें अब तक 45 हजार 75 आवास स्वीकृत हुए हैं। इनमें से अब तक 13 हजार 621 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 31 हजार 454 आवास निर्माणाधीन हैं। जिसके तहत 43 हजार 321 हितग्राहियों के खाते में प्रथम किस्त की राशि जारी किया गया है। इसी तरह 22 हजार 204 हितग्राहियों को द्वितीय किस्त एवं 7 हजार 497 हितग्राहियों को तृतीय किस्त की राशि जारी किया जा चुका है। इसी तरह 2025-26 में 13 हजार 976 आवास स्वीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें अब तक 10 हजार 612 आवास स्वीकृत हो चुका है तथा 3 हजार 364 स्वीकृत कार्य प्रक्रियाधीन है।
इसके अलावा समाज के मुख्यधारा से कटे जनजाति और विशेष पिछड़ी समुदाय के लोगों को पक्का आवास मुहैय्या कराने प्रधानमंत्री जनमन योजनांतर्गत महासमुंद जिले में बागबाहरा, महासमुंद एवं पिथौरा के 678 हितग्राहियों का आवास स्वीकृत किया गया, जिनमें से 372 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 306 आवास प्रगतिरत हैं। जिसके तहत 673 हितग्राहियों के खाते में प्रथम किस्त की राशि जमा किया गया है। इसी तरह 560 हितग्राहियों को द्वितीय किस्त, 465 हितग्राहियों को तृतीय किस्त एवं 307 हितग्राहियों को चतुर्थ किस्त की राशि जारी किया जा चुका है। अब उनके सपने पूरा होने को है।
अवैध रेत उत्खनन के मामले में चार नौकाएं जब्त
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (3.0) के अंतर्गत जिले में कुल 5360 नए गैस कनेक्शन का लक्ष्य
जिले की सभी गैस एजेंसियों को लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश
महासमुंद 7 नवम्बर 2025
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना (3.0) के अंतर्गत भारत सरकार, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा नए गैस कनेक्शन जारी किए जाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया गया हैं। इसी क्रम में महासमुंद जिले को कुल 5360 नए उज्जवला गैस कनेक्शन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। लक्ष्य के अनुरूप जिले की सभी गैस एजेंसियों को लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगह ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, नगरपालिका अधिकारी एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के सभी पात्र परिवारों से आवेदन पत्र आगामी सात दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लिए जाएं। आवेदन के साथ केवाईसी आवेदन पत्र, पहचान प्रमाण, निवास प्रमाण, राशन कार्ड की छायाप्रति, आवेदक एवं परिवार के वयस्क सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण तथा अपवंचन घोषण/स्व-घोषणा पत्र संलग्न करना आवश्यक होगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी आवेदक दो विभिन्न गैस एजेंसियों में आवेदन न करे, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े। गैस एजेंसियों में प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं सत्यापन कर नए गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने समस्त पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने हेतु आवेदन प्राप्त कर उन्हें संबंधित ऑयल कंपनियों एवं गैस एजेंसियों तक को प्रेषित करने के निर्देश दिए है।
जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक 13 नवम्बर को
जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार 13 नवम्बर 2025 को आयोजित होगा। बैठक लोकसभा क्षेत्र महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न होगी। बैठक का आयोजन सुबह 11 बजे से जिला पंचायत सभाकक्ष में किया जाएगा। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सभी संबंधित सदस्यों को बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
वंदे मातरम के 150 वर्षः राष्ट्र गौरव और जनभागीदारी का वर्षभर चलने वाला उत्सव का शुभारम्भ
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पहले चरण में आज वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश देता है - विधायक श्री सिन्हा
महासमुंद 7 नवम्बर 2025
वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पूरे देश के लिए गर्व और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय अवसर है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पहले चरण में आज कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया। यह राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रातः 10 से 11 बजे तक सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री के उद्बोधन के पश्चात पूरे देश में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला पंचायत महासमुंद में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंग ठाकुर, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड के जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।
इस अवसर पर विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ एक स्मरणीय अवसर के साथ राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। यह आयोजन नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए उनमें देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय चेतना की भावना को और गहराई देगा। वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है, जिसकी गूंज हर नागरिक के हृदय में नई ऊर्जा और गर्व का संचार करेगी।
छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि भारत गीत की रचना के आज 7 नवंबर 2025 को 150 साल हो गए। वंदे मातरम् जो कभी देश की आजादी के आंदोलनकारियों का अमर वाक्य रहा, आज भी ये मातृभूमि के लिए हमारे अटूट प्रेम की ये निशानी है। वंदे मातरम् का पहली बार बंगदर्शन में 7 नवंबर 1875 को प्रकाशन हुआ था। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने 1882 में इसे आनंदमठ में प्रकाशित किया। एक कविता से राष्ट्रीय गीत बनने की वंदे मातरम् की यात्रा कभी न भूलने वाली है।
जिला स्काउट एवं गाइड के अध्यक्ष श्री येतराम साहू ने कहा कि वंदे मातरम् के रचनाकार बंकिम चंद्र चटर्जी 19वीं सदी के बंगाल की सबसे मशहूर साहित्यकार थे। उपन्यास, कविता और निबंधों के जरिये बंगाली साहित्य के साथ उन्होंने राष्ट्रवाद की ऐसी अलख जगाई जो धीरे-धीरे सूरज की रोशनी की तरह फैलती गई। आनंदमठ, कपालकुंडला दुर्गेश नंदिनी और देवी चौधरानी भी उनकी रचना है, इसमें गुलामी के दौर की सामाजिक जकड़न को इलमें दिखाया गया हैं। कलकत्ता में अक्टूबर 1905 में देशभक्ति को बढ़ावा देने के लिए वंदे मातरम संगठन की स्थापना की गई। समुदाय के सदस्य हर रविवार वंदे मातरम् गाते हुए प्रभात फेरी निकालते थे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदुलारी सिन्हा, जगमोती भोई, श्री नैन पटेल, श्री महेन्द्र सिक्का, श्री आनंद साहू, श्री रमेश साहू, श्री राजू चंद्राकर, श्री अरविन्द प्रहरे, श्री शरद मराठा मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डीएमसी श्री रेखराज शर्मा द्वारा किया गया।
चार चरणों में होगा वर्षभर आयोजन
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में इस ऐतिहासिक पर्व को वर्षभर चलने वाले महाअभियान के रूप में मनाया जा रहा है। देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी यह आयोजन जनभागीदारी के साथ चार चरणों में ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक भव्य रूप में संपन्न किया जाएगा। जिसमें प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर 2025, द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026, तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ), और चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 तक चलेगा। इस दौरान राज्य के सभी जिलों, जनपदों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों एवं सामाजिक संगठनों में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में वंदे मातरम विषय पर विशेष सभाएँ, निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण, एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और स्कूल बैंड के माध्यम से वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की धुन पर प्रस्तुतियाँ दी जाएगी।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत होम-टू-होम एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण प्रारंभ
महासमुंद । भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय लंगेह के मार्गदर्शन में महासमुंद जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एआईआर ) की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में होम-टू-होम एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना पत्रक) का वितरण बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा शुरू कर दिया गया है।
बुधवार से महासमुंद विधानसभा, खल्लारी विधानसभा, बसना विधानसभा तथा सरायपाली विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से एन्यूमरेशन फॉर्म भरवा रहे हैं। यह अभियान 4 दिसम्बर 2025 तक संचालित रहेगा।
प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना पत्रक उपलब्ध कराया जा रहा है जिसमें एक प्रति मतदाता के पास तथा दूसरी प्रति बूथ लेवल अधिकारी के पास सुरक्षित रखी जाएगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में प्रत्येक मतदाता का नाम, पता एवं अन्य विवरणों को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों में यह कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुका है। इस कार्य के लिए कुल 4 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी एवं बी.एल.ओ. सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता चाहें तो गणना पत्रक ऑनलाइन माध्यम से भी भर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर लॉगइन कर अपनी जानकारी एवं फोटो अपलोड करनी होगी। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत होम-टू-होम एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण प्रारंभ
महासमुंद, 06 नवम्बर 2025
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय लंगेह के मार्गदर्शन में महासमुंद जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एआईआर ) की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में होम-टू-होम एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना पत्रक) का वितरण बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा शुरू कर दिया गया है।
बुधवार से महासमुंद विधानसभा, खल्लारी विधानसभा, बसना विधानसभा तथा सरायपाली विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से एन्यूमरेशन फॉर्म भरवा रहे हैं। यह अभियान 4 दिसम्बर 2025 तक संचालित रहेगा। प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना पत्रक उपलब्ध कराया जा रहा है जिसमें एक प्रति मतदाता के पास तथा दूसरी प्रति बूथ लेवल अधिकारी के पास सुरक्षित रखी जाएगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में प्रत्येक मतदाता का नाम, पता एवं अन्य विवरणों को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों में यह कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुका है। इस कार्य के लिए कुल 4 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी एवं बी.एल.ओ. सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता चाहें तो गणना पत्रक ऑनलाइन माध्यम से भी भर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइटvoters.eci.gov.inपर लॉगइन कर अपनी जानकारी एवं फोटो अपलोड करनी होगी। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
महासमुंद : राज्योत्सव के पहले दिन प्रकाश अवस्थी स्टार नाइट कार्यक्रम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया
सांसद, विधायक सहित दर्शकों ने देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया
महासमुंद, 03 नवंबर 2025 छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में महासमुंद जिले में राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर 23 विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का स्टॉल लगाया गया था। साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक कला और संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में स्थानीय लोक कला मंच, लोक कलाकारों एवं राज्य के सुप्रसिद्ध कलाकारों का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रमुख कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध फिल्म कलाकार प्रकाश अवस्थी स्टार नाइट का मुख्य आकर्षण रहा। प्रसिद्ध कलाकार प्रकाश अवस्थी की लाइव प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। उन्होंने आमा पान के पतरी, मोर छईया भुईया, मया और टूरा रिक्शा वाला फिल्म के चुनिंदा और लोकप्रिय गीतों को अपनी सुमधुर आवाज की जादू से समा बांधा। दर्शक गीतों और प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाते हुए झूम उठे। आयोजन स्थल पर दर्शकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने देर रात तक आनंद लिया। इसके अलावा स्थानीय कार्यक्रमों में पंथी दल मुडियाडीह द्वारा पारंपरिक पंथी नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति की समृद्ध विरासत को उजागर किया। इसी तरह स्कूल, कॉलेज के छात्र छात्राओं एवं अन्य दलों द्वारा प्रदेश के अलग-अलग अंचलों की झलक प्रस्तुत करते हुए लोकनृत्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। सांस्कृतिक संध्या में आकर्षक योग नृत्य की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। तत्पश्चात लोक प्रयाग राजीव कला मंच द्वारा मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें लोकगीत और नृत्य का सुंदर संगम देखने को मिला। राज्योत्सव के शुभारंभ दिवस ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और जनमानस के उत्साह को शानदार रूप से प्रदर्शित किया।
वहीं आज दूसरे दिवस शाम 4:30 से शाम 5:00 बजे तक कमार जनजाति के पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके बाद शाम 5:00 से 7:45 बजे तक अलग-अलग लोक नृत्य दल मंच पर अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। रात 8:00 से 9:30 बजे तक फोक फ्यूज़न 36 बैंड अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेगा।
अंतिम दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम
04 अक्टूबर को समापन दिवस पर शाम 4:00 से शाम 4:30 बजे तक फुलझरिया कर्म पार्टी बिलखंड द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। 4:30 से 7:00 बजे तक विभिन्न लोक नृत्य समूह अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। शाम 7:30 से 7:45 बजे तक कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति होगी। इसके बाद 7:30 से 9:00 बजे तक श्रद्धा के फूल लोक कला मंच दर्शकों का मनोरंजन करेगा। मुख्य समापन कार्यक्रम 9:00 से 10:00 बजे तक रहेगा, जिसमें बॉलीवुड बैंड टीम अपनी शानदार प्रस्तुति देगी।
प्रथम पाली में बी.एल.ओ. एवं द्वितीय पाली में बी.एल.ए. का प्रशिक्षण 03 नवम्बर को
महासमुंद, 01 नवम्बर 2025
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुक्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के निर्देशन अनुसार जिले में बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ए. का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देशित किया है कि 03 नवम्बर 2025 को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रथम पाली में बी.एल.ओ. एवं द्वितीय पाली में बी.एल.ए. का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्रशिक्षण का निरीक्षण करें तथा बी.एल.ओ. द्वारा उठाए जाने वाले सभी प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान करें। साथ ही बी.एल.ओ. को मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु मास्टर ट्रेनर एवं हेल्प डेस्क के संपर्क नंबर साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशानुसार उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रलेखन सहित फोटोग्राफ संधारित रखी जाएगी, जिसे पुनरीक्षण कार्य की निगरानी एवं मूल्यांकन में उपयोग किया जाएगा। कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के आगमन पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने जिले में शाम 5 से 7 बजे तक शराब बिक्री प्रतिबंधित
महासमुंद, 31 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आगमन नवा रायपुर, अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में होना प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनज़र प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
लोकहित में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 24 (1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले की हाईवे से सटी मदिरा दुकानों को निर्धारित समय में बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिसमें जिले की कम्पोजिट देशी मदिरा दुकान घोड़ारी, कम्पोजिट देशी मदिरा दुकान तुमगांव, कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान पटेवा-जोगीडीपा, देशी/विदेशी मदिरा दुकान झलप, देशी/विदेशी मदिरा दुकान पिथौरा एवं देशी/विदेशी मदिरा दुकान सरायपाली में 1 नवम्बर 2025 को शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक शराब बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। आबकारी विभाग द्वारा संबंधित दुकान संचालकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ लेकर एकता और अखंडता के संकल्प का किया गया स्मरण
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आज विविध कार्यक्रम
महासमुंद, 31 अक्टूबर 2025
भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप-प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर आज 31 अक्टूबर को प्रदेश में “राष्ट्रीय एकता दिवस” मनाया जाएगा। भारत सरकार के निर्देशानुसार राज्य शासन द्वारा इस दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज जिले के शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय निकायों में पूर्वान्ह 10.30 बजे राष्ट्रीय एकता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर आज कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने अधिकारियों, कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता शपथ दिलाई। इसी तरह अलग अलग शैक्षणिक संस्थान, आश्रम, छात्रावास, महाविद्यालय और कार्यालयों में अधिकारी कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। इसके साथ ही “रन फॉर यूनिटी”, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ, एकता पर आधारित प्रदर्शनियाँ, युवा रैलियाँ तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम पूरे वर्ष भर अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे, जिससे सरदार पटेल के योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी विभागों, जिलों और शासकीय संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वे “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर निर्धारित गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करें, ताकि सरदार पटेल के आदर्शों और एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संदेश को जन-सामान्य तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जा सके।
कलेक्टर लंगेह ने ली राजनीतिक दलों व मीडिया प्रतिनिधियों की बैठक
4 नवंबर से घर-घर जाकर बीएलओ करेंगे सत्यापन
महासमुंद । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 कार्यक्रम के तहत आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष महासमुंद में राजनीतिक दलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर तिथियों और अन्य आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह ने की। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सचिन भूतड़ा, जिला जनसम्पर्क अधिकारी श्री पोषण कुमार साहू सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के तहत की जा रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अवसर प्रदान करना तथा मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक एवं अद्यतन बनाना है।
कलेक्टर ने बताया कि जारी कार्यक्रम के तहत 3 नवम्बर तक प्रशिक्षण कार्य, 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक घर-घर जाकर सत्यापन, 9 दिसम्बर को मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन, 8 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज किया जाएगा। 31 जनवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
कलेक्टर ने इस अवसर पर राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे पुनरीक्षण के दौरान अपने बूथ स्तरीय एजेंटों के माध्यम से निर्वाचन आयोग के कर्मचारियों को पूरा सहयोग दें, ताकि छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़े जा सकें और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें। उन्होंने मीडिया को जनजागरण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए पारदर्शी, शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण में सभी मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे निर्वाचन कार्यों में सहयोगी की भूमिका निभाते हुए आम नागरिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी व्यापक रूप से दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदान का अधिकार प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने बताया कि बी.एल.ओ, (बूथ स्तरीय अधिकारी) नए मतदाता को शामिल करने के लिए फॉर्म 6 और घोषणा पत्र एकत्र करेंगे और मिलान/लिंकिंग (आधार से जोड़ना) में सहायता करेंगे। मतदाता को ई.एफ. (इलेक्टोरल फॉर्म) भरने में मदद करेंगे उसे एकत्र करेंगे और ई.आर.ओ./ए.ई.आर.ओ. को जमा करेंगे। प्रत्येक मतदाता के घर का कम से कम 3 बार दौरा करेंगे। मतदाता, विशेषकर शहरी मतदाता/अस्थायी प्रवासी, ई.एफ. ऑनलाइन भी भर सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान करेंगे । गणना चरण के दौरान ई.एफ. के अलावा, ई.एफ. के साथ कोई अन्य दस्तावेज एकत्र करने की आवश्यकता नहीं है। ईआरओ/एईआरओ को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र नागरिक छूटा नहीं है; और कोई भी अपात्र व्यक्ति शामिल नहीं है।
मुरूम का क्षमता से अधिक मात्रा में परिवहन पर कार्रवाई, 4 हाइवा वाहन जप्त
महासमुंद । कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने हेतु खनिज विभाग द्वारा सतत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आज संयुक्त टीम द्वारा महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम मालीडीह में खनिज मुरूम का क्षमता से अधिक मात्रा में परिवहन करते पाए जाने पर चार हाइवा वाहनों जप्त किया गया। वाहन को जब्त कर सुरक्षार्थ तुमगांव थाना में रखा गया है।
खनिज अधिकारी श्री योगेन्द्र सिंह ने बताया कि उक्त वाहनों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। पूर्व में भी खनिज पट्टेदारों एवं खनिज परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करना कानूनन अपराध है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज विभाग का विशेष अभियान सतत जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी होंगी जिला मुख्यालय महासमुंद में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
राज्य स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य शासन द्वारा प्रत्येक जिले के लिए मुख्य अतिथियों के नामों की घोषणा की गई है। शासन से जारी आदेश के अनुसार महासमुंद जिले में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राज्योत्सव 2025 के कार्यक्रमों में जिले की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, स्थानीय उत्पादों की झांकी एवं विभिन्न विकासपरक योजनाओं से संबंधित विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम को जनभागीदारी और पारंपरिक गौरव के साथ गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और एकता का संदेश पूरे राज्य में प्रसारित हो सके।
राज्योत्सव : तीन दिवसीय कार्यक्रम 2 से 4 नवम्बर तक मिनी स्टेडियम महासमुंद में
कलेक्टर ने राज्योत्सव की तैयारियों का लिया जायजा
महासमुन्द । छत्तीसगढ़ शासन से प्राप्त निर्देशानुसार विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2025 का आयोजन जिला मुख्यालय महासमुन्द में भव्य रूप से किया जाएगा। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 02 नवम्बर से 04 नवम्बर 2025 तक मिनी स्टेडियम, शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय में आयोजित होगा। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला अधिकारियों ने आज शाम मिनी स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राज्योत्सव 2025 के आयोजन हेतु तत्काल आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करें एवं आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर के मार्गदर्शन में संपूर्ण कार्यक्रम की निगरानी की जाएगी। राज्योत्सव के दौरान शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों को भी अपने घरों और संस्थाओं में रोशनी करने की अपील की है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समुचित व्यवस्थाओं हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है तथा समस्त विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। जिसमें पुलिस विभाग को कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वन विभाग को बेरिकेटिंग हेतु बांस-बल्ली व्यवस्था का दायित्व दिया गया है। जिला पंचायत एन.आर.एल.एम. शाखा, कार्यपालन अभियंता लो.नि. विभाग स्टेज निर्माण, पंडाल, बैठक व्यवस्था एवं प्रदर्शनी लेआउट का कार्य करेंगे। विद्युत विभाग द्वारा निरंतर विद्युत आपूर्ति एवं जनरेटर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगरपालिका परिषद् महासमुंद द्वारा अस्थायी टॉयलेट, चलित शौचालय, स्वच्छता एवं पेयजल की व्यवस्था करेंगे। स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा, ओआरएस, स्ट्रेचर एवं वार्ड ब्वॉय की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उद्यानिकी विभाग मंच सजावट की व्यवस्था करेंगे। प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
राज्योत्सव के दौरान मिनी स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, मत्स्य, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, खाद्य, श्रम, परिवहन, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल में शासन की महत्वपूर्ण योजनाएं, सफल परियोजनाएं एवं 25 वर्षां की उपलब्धियां प्रदर्शित करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इस दौरान उन्होंने वीआईपी, मीडिया एवं आम जनता के बैठने की व्यवस्था का भी जायजा लिया।