छत्तीसगढ़ / रायपुर
आत्मा ही वास्तविक धन है, संसार में कोई गरीब नहीं : मुनि आगम सागर
रायपुर । दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर के 23 अगस्त को प्रातः 7:30 बजे भव्य जिनालयों में सकल जैन समाज को एक साथ त्रिसंयोग धर्मलाभ का अलौकिक एवं पावन सुअवसर प्राप्त हुआ। यह समस्त धार्मिक आयोजन मुनि आगम सागर, मुनि पुनीत सागर, एलक धैर्य सागर एवं एलक स्वागत सागर के मंगल सानिध्य और मार्गदर्शन में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
प्रातः काल की बेला में जिनालय में भगवान पार्श्वनाथ जी की प्रतिमा का स्वर्ण कलशों के माध्यम से प्रथम महामस्तकाभिषेक किया गया। इस परम पवित्र कार्य को संपन्न करने का सौभाग्य संजय दीप्ति जैन, अरुण जैन प्रदर्शनी नगर, प्रदीप जैन विश्वपरिवार, पवन कुमार, अमित कुमार, प्रणीत कुमार एवं श्रेय जैन जोरापारा वाले को प्राप्त हुआ।
इसके पश्चात मुनि आगम सागर के मुखारबिंद से मंत्रोच्चारण के बीच स्फटिक मणि की प्रतिमाओं पर शांतिधारा संपन्न हुई। शांतिधारा करने का पुण्य लाभ सुजीत कुमार जैन लाभांडी एवं सुनील जैन वारासिवनी वाले ने प्राप्त किया।
इसी पावन समय पर त्रिकाल चौबीसी में प्रतिमा विराजमान करने वाले गुरुकृपा परिवार समता कॉलोनी के नरेंद्र जैन,योगेंद्र,रितेश,रिंकू जैन ने मूलनायक भगवान आदिनाथ जी का महामस्तकाभिषेक करने का सौभाग्य अर्जित किया।
मुनि पुनीत सागर के पावन सानिध्य में छोटे बच्चों के मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास हेतु प्रति शनिवार और रविवार को विशेष थर्ड आई (अंतर ज्ञान चक्षु) कक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला के अंतर्गत बीते कल शनिवार को दोपहर 4:00 बजे भव्य कक्षा आयोजित की गई, जबकि रविवार को दोपहर 1 बजे पुनः इस कक्षा का आयोजन किया जाएगा। इन ज्ञानवर्धक कक्षाओं में लगभग 100 से अधिक बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी आंतरिक क्षमताओं को विकसित कर रहे हैं।
धार्मिक कक्षाएं और स्वाध्याय
अभिषेक एवं शांतिधारा के उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा आचार्य की संगीतमय पूजन की गई। पूजन संपन्न होने के बाद प्रतिदिन की तरह धार्मिक कक्षाओं का आयोजन हुआ। धार्मिक कक्षाओं के अंतर्गत मुनि पुनीत सागर ने श्रद्धालुओं को तत्त्वार्थ सूत्र ग्रंथ का गहराई से अध्ययन कराया। वहीं मुनि आगम सागर ने छह ढाला ग्रंथ का वाचन कर भक्तों को जैन दर्शन के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया।
मंगल देशना: आत्मा ही वास्तविक धन है, संसार में कोई गरीब नहीं
धार्मिक सभा को संबोधित करते हुए पूज्य मुनि आगम सागर ने अपनी अमूल्य वाणी में कहा कि इस संसार में कोई भी व्यक्ति गरीब नहीं है, क्योंकि हर जीव के पास उसकी अपनी अमूल्य और शाश्वत आत्मा विद्यमान है। मनुष्य केवल अपनी अज्ञानता और विपरीत मान्यताओं के कारण ही इस संसार रूपी सागर के दुखों में उलझा हुआ है।.
उन्होंने कहा कि मनुष्य जिन भौतिक साधनों, मकान और धन-दौलत को अपना मानता है, वे वास्तव में उसके हैं ही नहीं। यदि ये चीजें अपनी होतीं तो जीव मृत्यु के बाद इन्हें अपने साथ ले जाता। अनादि काल से जीव इस भ्रम में जी रहा है कि यह मेरा परिवार है या मेरा बच्चा है। वास्तव में इस संसार चक्र में जीव न जाने कितनी बार किसका संबंधी बना और छूटा। केवल आत्मा ही एकमात्र सच्चा और शाश्वत तत्व है।
सांसारिक मोह के दुष्परिणामों को समझाते हुए मुनिश्री ने एक मार्मिक कथा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्षों की तपस्या और आशीर्वाद के बाद जन्मे एक पुत्र की जब भरी जवानी में मृत्यु हो गई, तो उसके माता-पिता शोक में व्याकुल हो गए। उस समय गांव में पधारे एक अवधिज्ञानी मुनिराज ने बताया कि वह पुत्र वास्तव में उनके पूर्व जन्म का एक ईर्ष्यालु पड़ोसी था। उसने बदला लेने की भावना अर्थात निदान ध्यान करके पुत्र के रूप में जन्म लिया था, ताकि भरी जवानी में मरकर माता-पिता को गहरा दुख दे सके।
मुनिश्री ने समझाया कि यदि संतान जीवन में सुख दे तो समझना चाहिए कि वह पूर्व जन्म का कोई पुण्यात्मा जीव है, और यदि वह जीवनभर सताए या असमय दुख देकर चला जाए, तो समझना चाहिए कि पूर्व जन्म का कोई बैरी बदला लेने आया था। उन्होंने सचेत किया कि यदि मनुष्य मोह-माया के साथ मरण करेगा तो बार-बार नीची गतियों में भटकेगा, लेकिन यदि सांसारिक मोह त्याग कर आत्म-कल्याण के मार्ग पर चलेगा तो उसका ऊर्ध्वगमन होगा।
पूजा-अर्चना और प्रवचन के पश्चात श्रद्धालुओं ने नवधा भक्ति के साथ मुनि संघ को आहार कराने का पुण्य लाभ लिया। मुनि आगम सागर जी महाराज को आहार देने का सौभाग्य श्रीमती मोना अक्षत जैन सपरिवार जगदलपुर वाले को प्राप्त हुआ।
मुनि पुनीत सागर को आहार देने का सौभाग्य श्रीमती अंजली निलेश जैन, निवास सुपर स्वीट्स के सामने वाली गली, बुढ़ापारा को प्राप्त हुआ। एलक धैर्य सागर को आहार देने का सौभाग्य दीपक, जिनेश कुमार, नवीन कुमार, राकेश, मुकेश, अनिमेश, निधि दीदी, मधु दीदी, राजकुमारी, प्रमोद कुमार एवं फूफाजी आरोन वाले को प्राप्त हुआ।
एलक स्वागत सागर का आज उपवास अर्थात व्रत रहा। इस समस्त धार्मिक आयोजन में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मुनिश्री के दर्शन कर धर्म लाभ उठाया।
छत्तीसगढ़ पर्यटन बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े से सावधान
पर्यटन बोर्ड की पर्यटकों से अपील—फर्जी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया से रहें सतर्क
रायपुर, 23 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े की शिकायतों को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को सतर्क रहने की अपील की है। बोर्ड को ऐसी अनधिकृत वेबसाइटों और माध्यमों की जानकारी मिली है, जो छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर फर्जी बुकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं। ऐसे माध्यमों के जरिए पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी किए जाने की आशंका है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यटक पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं तथा अन्य पर्यटन सेवाओं की बुकिंग के लिए केवल छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइटtourism.cgstate.gov.inका ही उपयोग करें। किसी अन्य वेबसाइट, अनधिकृत बुकिंग लिंक, संदिग्ध मोबाइल नंबर, विज्ञापन अथवा सोशल मीडिया के ऐसे पेज पर भरोसा नहीं करें, जो छत्तीसगढ़ पर्यटन की बुकिंग उपलब्ध कराने का दावा करते हों।
बोर्ड के अनुसार, साइबर ठगी करने वाले तत्व छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम, प्रतीक चिन्ह, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और अन्य प्रचार सामग्री का दुरुपयोग कर पर्यटकों को भ्रमित कर सकते हैं। ऐसे तत्व आकर्षक दरों पर कमरे, पर्यटन आवास, भ्रमण पैकेज अथवा अन्य सुविधाओं की बुकिंग का झांसा देकर पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान कराने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले संबंधित वेबसाइट और बुकिंग प्रक्रिया की प्रामाणिकता की जांच करना आवश्यक है।
पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि बुकिंग के लिए केवल अधिकृत पर्यटन प्रक्रिया का पालन करें और भुगतान भी उसी अधिकृत प्रक्रिया के माध्यम से करें। किसी व्यक्ति के निजी खाते, संदिग्ध भुगतान माध्यम अथवा अनजान मोबाइल नंबर पर राशि भेजने से बचें। विशेष रूप से कम कीमत में बुकिंग, तत्काल भुगतान का दबाव या आकर्षक पर्यटन पैकेज का प्रस्ताव मिलने पर अतिरिक्त सावधानी बरतें।
आधिकारिक माध्यम से ही करें बुकिंग
पर्यटक छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइटtourism.cgstate.gov.inके माध्यम से ही बुकिंग करें। पर्यटन संबंधी जानकारी और बुकिंग के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के गढ़ कलेवा, रायपुर स्थित सूचना केंद्र तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में स्थित सूचना केंद्रों से भी संपर्क किया जा सकता है। इन अधिकृत केंद्रों के माध्यम से पर्यटकों को पर्यटन संबंधी जानकारी के साथ उपलब्धता के अनुसार पर्यटन आवासों की बुकिंग की सुविधा भी प्राप्त की जा सकती है।
संदेह होने पर हेल्पलाइन से करें पुष्टि
पर्यटकों को किसी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया के पेज की प्रामाणिकता को लेकर संदेह होने पर भुगतान करने से पहले छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की हेल्पलाइन से जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन नंबर:
+91-7714224600
18001026415
बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय केवल अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। फर्जी वेबसाइटों, संदिग्ध बुकिंग प्रस्तावों और अनधिकृत भुगतान माध्यमों से सतर्क रहकर पर्यटक अपनी यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बना सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में मानसून का जलवा: औसतन 783.0 मिमी वर्षा दर्ज
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे अधिक तो कांकेर-सुकमा में थमी बारिश की रफ्तार
रायपुर , 23 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून की चाल खेती-किसानी और जल स्रोतों के लिहाज से बेहद राहत जनक बनी हुई है। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी 23 अगस्त 2026 तक की बारिश रिपोर्ट के मुताबिक 1 जून से अब तक प्रदेश भर में औसतन 783.0 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो कि इस अवधि की 10 वर्षों की औसत बारिश (791.1 मिमी) का लगभग 99 प्रतिशत है। चालू मानसून सत्र में आज प्रदेश का औसत दैनिक वर्षा का आंकड़ा 15.6 मिमी रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में बारिश का वितरण क्षेत्रवार काफी विविध रहा है। मैदानी और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में जहां बादल खुलकर बरसे हैं, वहीं बस्तर संभाग और सरगुजा के कुछ इलाकों में बारिश की रफ्तार अब भी औसत से पीछे चल रही है। प्रतिशत के लिहाज से देखें तो राज्य में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला 168.3 फीसदी (1019.9 मिमी) बारिश के साथ पहले पायदान पर है, जबकि बलरामपुर 150.6 फीसदी (1028.1 मिमी) और महासमुंद 133.2 फीसदी (943.3 मिमी) के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
दूसरी ओर, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अब तक सामान्य की तुलना में सबसे कम 64.7 प्रतिशत (662.0 मिमी) बारिश हुई है। इसी तरह सुकमा में 65.8 फीसदी (726.0 मिमी) और बीजापुर में 67.0 फीसदी (973.8 मिमी) ही वर्षा दर्ज की गई है।
संभागवार जिलों की स्थिति पर नजर डालें तो मैदानी और मध्य क्षेत्र के रायपुर में 819.9 मिमी (127.7%), गरियाबंद में 918.1 मिमी (122.9%), बलौदाबाजार में 848.6 मिमी (116.5%), धमतरी में 783.5 मिमी (105.2%), बिलासपुर में 827.9 मिमी (108.7%), मुंगेली में 841.5 मिमी (120.3%), जांजगीर-चांपा में 936.3 मिमी (113.4%), सक्ती में 788.6 मिमी (107.1%), कोरबा में 852.4 मिमी (100.7%), गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 805.5 मिमी (106.3%), दुर्ग में 617.2 मिमी (105.8%), राजनांदगांव में 672.1 मिमी (101.7%) और बालोद में 831.9 मिमी (114.8%) बारिश दर्ज की जा चुकी है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 863.3 मिमी (117.9%) और सूरजपुर में 885.2 मिमी (108.3%) बारिश हुई है। हालांकि रायगढ़ (801.7 मिमी - 96.9%), कोरिया (686.1 मिमी - 94.0%), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (551.1 मिमी - 98.0%), कबीरधाम (538.3 मिमी - 88.9%), दंतेवाड़ा (901.3 मिमी - 86.6%), जशपुर (658.5 मिमी - 85.7%), बेमेतरा (462.0 मिमी - 79.9%), सरगुजा (469.8 मिमी - 77.9%), कोण्डागांव (686.4 मिमी - 76.7%), बस्तर (709.7 मिमी - 70.2%) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (640.5 मिमी - 69.3%) में बारिश की कुल मात्रा अब भी सामान्य औसत से कम बनी हुई है। नारायणपुर में जरूर 1089.3 मिमी वर्षा के साथ 111.5 प्रतिशत का आंकड़ा हासिल हुआ है।
बीते 24 घंटों के भीतर बस्तर जिले में सबसे ज्यादा 59.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बालोद में 30.0 मिमी, गरियाबंद में 29.9 मिमी, दंतेवाड़ा में 29.6 मिमी, कोण्डागांव में 29.4 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 29.3 मिमी, राजनांदगांव में 28.0 मिमी और बीजापुर में 26.8 मिमी पानी बरसा। प्रदेश में समग्र रूप से 99 फीसदी औसत बारिश हो जाने से खरीफ फसलों की स्थिति मजबूत हुई है और प्रमुख नदी-नालों तथा बांधों में जलस्तर सुरक्षित बना हुआ है।
निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों का होगा सम्मान
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना‘ के अंतर्गत राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का शुभारंभ
18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 1.45 लाख से अधिक श्रमिकों को 39.67 करोड़ रुपये की सहायता राशि होगी डीबीटी से अंतरित
रायपुर, 23 अगस्त 2026
श्रम विभाग के छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित श्अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजनाश् के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर के पास, जी.ई. रोड, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन अतिविशिष्ट अतिथि तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, श्रमिक परिवारों तथा प्रदेशभर से आए हितग्राहियों की सहभागिता रहेगी।
समारोह में वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने खेलकूद एवं शैक्षणिक प्रावीण्य के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में नवप्रवेशित 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित कर उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम का एक अन्य महत्वपूर्ण आकर्षण श्रमिक हितों से जुड़ा होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय इस अवसर पर श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत
1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों को 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित करेंगे। इससे श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
राज्य सरकार का उद्देश्य श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। यह राज्य स्तरीय सम्मान समारोह श्रमिक कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनेगा।
कृषि विश्वविद्यालय द्वारा 7 अगस्त को संपन्न प्लांट पैथोलॉजी का प्रश्न पत्र भी रद्द किया गया
भारतीय कृषि महाविद्यालय दुर्ग को पेपर लीक मामले में नोटिस जारी
विश्वविद्यालय प्रबंधन की आपात बैठक में परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु अनेक निर्णय
रायपुर, 23 अगस्त 2026
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा पेपर लीक प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए परीक्षाओं की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए आज रविवार को अवकाश के दिन डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित आपातकालीन बैठक में अनेक निर्णय लिए गए। बैठक में 20 अगस्त की परीक्षा के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस द्वारा की गई जांच में विश्वविद्यालय द्वारा 07 अगस्त 2026 को आयोजित बी.एस.सी. कृषि प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलॉजी विषय के प्रश्न पत्र को भी अभियुक्त द्वारा लीक किए जाने की जानकारी मिलने पर उस प्रश्न पत्र को भी निरस्त करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग पर पेपर लीक प्रकरण में परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित न कर पाने हेतु नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करने का फैसला लिया गया तथा उन्हें इस संबंध में नोटिस जारी किया गया।
20 अगस्त के पेपर लीक प्रकरण में रायपुर पुलिस द्वारा भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग के जिन दोषी पाए गए छात्रों को हिरासत में लिए गया है उनके ऊपर भी कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही 20 अगस्त को आयोजित बी.एस.सी. कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी प्रश्न पत्र तथा 07 अगस्त को आयोजित प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलॉजी प्रश्न पत्र की गोपनीयता सुनिश्चित करने हेतु भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वरों को भी कारण बताओ नोटिस देने का निर्णय लिया गया है। बैठक में तय किया गया कि दोनों रद्द परीक्षाएं सितम्बर माह के प्रथम सप्ताह में पुनः आयोजित की जाएंगी।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा कहा गया है कि छात्रों के सुरक्षित भविष्य हेतु परीक्षाओं की गोपनीयता, निष्पक्षता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा कड़े कदम उठाए जा रहे हैं तथा परीक्षा प्रणाली को लीक प्रूफ बनाने की कार्यवाही की जा रही है। इसी संबंध में 20 अगस्त के पेपर लीक प्रकरण पश्चात विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग द्वारा दिनांक 22 अगस्त 2026 को आयोजित परीक्षा के प्रश्न पत्र संबंधित महाविद्यालयों को हार्ड कॉपी के स्थान पर पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के माध्यम से भेजे गए। संबंधित महाविद्यालयों को प्रातः 10 बजे से होने वाले पश्न पत्र का ईमेल प्रातः 9ः30 बजे उपलब्ध कराया गया जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई आशंका न रहे। सोमवार 24 अगस्त को आयोजित होने वाली परीक्षाएं भी इसी प्रक्रिया से संपन्न कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग तथा महाविद्यालयों के परीक्षा हॉल में सीसी टी वी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाली परीक्षाओं की गोपनीयता एवं पारदर्शिता में बढ़ोतरी हेतु आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करने पर भी विचार किया जा रहा है।
विवेकानंद नगर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने की गिरनार तीर्थ की भाव यात्रा
रायपुर । गिरनार तीर्थ की यात्रा का भावपूर्ण अनुभव रविवार को विवेकानंद नगर से टेगौर नगर तक दिखाई दिया। श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक समाज एवं चातुर्मास समिति की ओर से निकाली गई गिरनार तीर्थ भाव यात्रा में बड़ी संख्या में श्रावक -श्राविकाओं ने भाव से गिरनार तीर्थ की यात्रा की।
चतुर्विध संघ के सानिध्य में गाजे-बाजे के साथ विवेकानंद नगर स्थित लाभार्थी परिवार के निवास से टैगोर नगर स्थित पटवा भवन तक निकली भाव यात्रा में भक्ति गीतों के साथ भगवान नेमिनाथ के जयकारों से मार्ग गिरनारमय हुआ।
पटवा भवन पहुंचने पर लाभार्थी परिवार भगवान नेमिनाथ को पालकी में विराजमान कर गिरनार मंडप पहुंचा। मुनि भगवंतों की पावन निश्रा में भगवान नेमिनाथ को मंडप में विराजमान कर अक्षत, नैवेद्य और फल अर्पित किए गए। इसके बाद रत्नागिरी से आए दीक्षित ओसवाल ने अपनी टीम के साथ संगीतमय प्रस्तुति दी। संगीत और भक्ति के माध्यम से श्रावक- श्राविकाओं ने गिरनार तीर्थ की भाव यात्रा की।
सूरत से आए ऋषभ बारोटा ने भजनों की प्रस्तुति से पूरे मंडप को गिरनारमय कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए। जयकारों और भक्ति गीतों के बीच ऐसा माहौल बना कि श्रद्धालुओं ने भाव के माध्यम से स्वयं को गिरनार तीर्थ से जुड़ा महसूस किया।
सहसावन प्रतिकृति के दर्शन और चैत्यवंदन
गिरनार भाव यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सहसावन प्रतिकृति के दर्शन किए और चैत्यवंदन कर धर्मलाभ लिया। मुनि भगवंतों के सानिध्य में श्रावक-श्राविकाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ गिरनार तीर्थ की भावपूर्ण आराधना की। भाव यात्रा को परम पूज्य खरतरगच्छाचार्य श्री जिन पीयूषसागर सूरीश्वरजी म.सा. के शिष्यरत्न प.पू. मुनिश्री संवेगरत्न सागरजी म.सा. आदि ठाणा-5 का पावन सानिध्य मिला।
आयोजन में लाभार्थी परिवार के साथ बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने गिरनार भाव यात्रा की। भगवान नेमिनाथ की आरती के पश्चात भक्ति के साथ भाव यात्रा का सानंद समापन हुआ। इसके बाद श्री रत्नप्रभसूरि सदन, विवेकानंद नगर में साधर्मिक वात्सल्य का आयोजन हुआ।
मोह का त्याग किए बिना मोक्ष की प्राप्ति संभव नहीं : साध्वी मंजुलाश्रीजी
रायपुर । आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के अंतर्गत दादाबाड़ी में अध्यात्म सार ग्रंथ का पठन करते हुए रविवार को साध्वी मंजुलाश्रीजी म.सा. ने कहा कि जीवन में किए गए अच्छे और बुरे कर्म ही हमारे पाप और पुण्य का आधार बनते हैं। राग और द्वेष हमारे भीतर कब पैदा हो जाते हैं, इसका कई बार हमें पता भी नहीं चलता, लेकिन कर्म सत्ता हमारे प्रत्येक कर्म का राई-राई और पाई-पाई का हिसाब रखती है।
साध्वीश्री ने कहा कि जब तक व्यक्ति को सही ज्ञान प्राप्त नहीं होगा, तब तक वह मोह का त्याग नहीं कर सकता। यदि मोक्ष प्राप्त करना है तो मोह से दूर होना ही पड़ेगा। ज्ञान की प्राप्ति के लिए व्यक्ति को क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ना होगा। पूर्णता प्राप्त करने के लिए भीतर मग्नता जरूरी है, मग्नता के लिए स्थिरता चाहिए और स्थिरता तभी आएगी जब व्यक्ति मोह का त्याग करेगा।
उन्होंने कहा कि मनुष्य संसार में हर चीज को पूर्ण रूप से पाना चाहता है, जबकि संसार की कोई भी वस्तु पूर्ण नहीं है। संसार में जो कुछ भी मिलता है, वह किसी न किसी रूप में अधूरा है। इसके बावजूद व्यक्ति सांसारिक वस्तुओं में पूर्णता तलाशता रहता है। साध्वीश्री ने कहा कि धर्म के क्षेत्र में मिलने वाला ज्ञान और आत्मिक अनुभव ही व्यक्ति को वास्तविक पूर्णता की ओर ले जाता है।
साध्वीश्री ने कहा कि व्यक्ति को संसार की अधूरी वस्तुओं के पीछे भागने के बजाय ज्ञान, संयम और आत्मसाधना की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। ज्ञान की साधना करते-करते जब व्यक्ति कैवल्य ज्ञान की अवस्था को प्राप्त करता है, तब उसके लिए जानने और पाने को कुछ भी शेष नहीं रहता।
इस अवसर पर श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया, कार्यकारी अध्यक्ष अभय कुमार भंसाली, ट्रस्टी नरेश बैदसमुघा, राजेंद्र गोलछा एवं उज्ज्वल झाबक तथा आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 समिति के अध्यक्ष बसंत लोढ़ा, महासचिव मुकेश निमाणी, सह-सचिव अभिषेक गोलछा एवं कोषाध्यक्ष चिंतन मालू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
खेल के साथ संस्कार और सीख का हुआ संगम
आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के अंतर्गत श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट एवं आयोजन समिति की ओर से दादाबाड़ी परिसर में आयोजित संस्कारम शिविर में बच्चों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को रूबिक क्यूब सिखाया गया। इसके लिए रूबिक क्यूब की विशेष टीम ने बच्चों को प्रशिक्षण दिया।
शिविर में बच्चों ने उत्साह के साथ रूबिक क्यूब सीखने में भाग लिया। खेल और मनोरंजन के माध्यम से बच्चों में एकाग्रता, धैर्य, रचनात्मक सोच और समस्या का समाधान करने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया।
समिति ने बताया कि संस्कारम शिविर का उद्देश्य बच्चों को धर्म और जैन संस्कारों से जोड़ने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देना है। शिविर में खेलों के माध्यम से संस्कार, प्रेरणादायक कहानियां और विभिन्न शिक्षाप्रद गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागी बच्चों के लिए आकर्षक एवं उपयोगी उपहार भी रखे गए।
यह आयोजन परम पूज्य कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तिनी महोदया निपुणा श्रीजी म.सा. की सुशिष्या एवं प्रवचन प्रभाविका श्री मंजुला श्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा एवं प्रेरणा में आयोजित किया जा रहा है।
श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट एवं आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 समिति की ओर से बताया गया कि संस्कारम शिविर के माध्यम से बच्चों में धर्म, संस्कार, अनुशासन, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के गुण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
तस्वीरों ने ताजा कीं मुख्यमंत्री विष्णुदेवसाय की पुरानी यादें
रायपुर । तस्वीरें बीते हुए समय को वर्तमान से जोड़ती हैं। कभी वे इतिहास का दस्तावेज बनती हैं तो कभी जीवन के भूले-बिसरे पलों को फिर से जीवंत कर देती हैं। राजधानी रायपुर में आज कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी वर्षों पुरानी तस्वीरों के माध्यम से सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर को एक बार फिर जिया। कहीं पहली बार विधायक बनने की स्मृतियां थीं, तो कहीं गांव, खेत और मिट्टी से जुड़े जीवन की झलक। इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने स्वयं कैमरा संभाला और एक फोटो पत्रकार की तस्वीर खींचकर इस अवसर को यादगार बना दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए। 19 अगस्त से आयोजित इस फेस्ट में मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों तथा ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों द्वारा खींची गई तस्वीरों की सराहना की।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने जब अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी पुरानी तस्वीरें देखीं तो उनके साथ जुड़ी अनेक स्मृतियां भी ताजा हो गईं। वर्षों पुराने चित्रों को देखते हुए उन्होंने अपने साथ मौजूद लोगों से कई रोचक संस्मरण साझा किए। अपनी पहली बार विधायक बनने के समय की एक तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था। इस छोटे से संस्मरण ने वहां मौजूद लोगों के बीच सहज और आत्मीय माहौल बना दिया।
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री श्री साय के ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं। हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर उन्होंने खेती के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांव और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें उन्हें अपनी मिट्टी, खेत-खलिहान और पुराने दिनों की याद दिलाती हैं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण जीवन से जुड़े अपने अनुभव भी फोटो पत्रकारों के साथ साझा किए।
प्रदर्शनी के दौरान एक दिलचस्प क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद कैमरा थाम लिया। उन्होंने फोटो पत्रकार की भूमिका निभाते हुए एक फोटो जर्नलिस्ट को कैमरे में कैद किया। आमतौर पर मुख्यमंत्री की गतिविधियों और भाव-भंगिमाओं को अपने कैमरे में दर्ज करने वाले फोटो पत्रकार के सामने इस बार स्वयं मुख्यमंत्री कैमरे के पीछे थे। यह सहज और आत्मीय पल ‘दृश्य संवाद 2026’ के खास आकर्षणों में शामिल रहा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने फोटो पत्रकारों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना या क्षण को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं। कई बार एक तस्वीर बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती है। फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी घटनास्थल पर पहुंचकर समाज और इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को कैमरे में दर्ज करते हैं। उनका काम पत्रकारिता का महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पक्ष है।
मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘दृश्य संवाद 2026’ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता की रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हैं। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को अनुभवी फोटो पत्रकारों के काम को देखने, समझने और सीखने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी फोटो पत्रकारों, प्रतिभागियों और रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
तस्वीरों में दिखे प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार के विविध रंग
रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ‘दृश्य संवाद 2026’ में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों को भी स्थान दिया गया। प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा तथा समाचार एवं जनसरोकार सहित विभिन्न विषयों पर प्रदर्शित तस्वीरों ने छत्तीसगढ़ के जीवन, समाज और परिवेश के विविध रंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पांच दिनों के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
समापन अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव सुश्री निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े उपस्थित थे। इस अवसर पर फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के संयोजक दीपक पांडे, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी, प्रदीप डडसेना, राजकुमार चतुर्वेदी, रुपेश यादव, नरेंद्र बंगाले, सुधीर सागर, रमन हलवाई, किशन लोखंडे, मनोज देवांगन, विजय देवांगन, विनय घाड़गे, पंकज चौहान, हीरा मानिकपुरी, त्रिलोचन मानिकपुरी, हेमंत गोस्वामी, जय गोस्वामी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।
‘कोहरा’ जैसी रचनाएं समाज को सजग करने और सच सामने लाने का सशक्त माध्यम : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री ने युवा साहित्यकार श्री करुणा सागर पण्डा के उपन्यास ‘कोहरा’ का किया विमोचन
हर घर में हो छोटी-सी लाइब्रेरी, पढ़ने की संस्कृति को दें बढ़ावा : मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर अगस्त 2026


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय सभागृह में युवा साहित्यकार श्री करुणा सागर पण्डा के उपन्यास ‘कोहरा’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साहित्य केवल समाज का दर्पण ही नहीं, बल्कि उसे सजग करने और सही दिशा दिखाने का भी सशक्त माध्यम है। ‘कोहरा’ जैसे उपन्यास सामाजिक विषयों को विमर्श के केंद्र में लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने युवा साहित्यकार श्री करुणा सागर पण्डा को उनके उपन्यास के प्रकाशन पर बधाई देते हुए कहा कि संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण विषय पर लेखन के लिए साहस की आवश्यकता होती है। रचनाकार जब समाज की समस्याओं और वास्तविकताओं को अपनी लेखनी का विषय बनाते हैं, तो साहित्य सामाजिक चेतना का माध्यम बनता है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की धरती ने देश को अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकार दिए हैं। विनोद कुमार शुक्ल जैसे मूर्धन्य रचनाकार को साहित्य के सर्वोच्च सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ मुक्तिबोध की सृजनभूमि रही है और पदुमलाल पन्नालाल बख्शी जैसे साहित्यकारों ने हिंदी साहित्य को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के रचनाकार इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और समकालीन विषयों को साहित्य के माध्यम से समाज के सामने ला रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सिनेमा और साहित्य ने समय-समय पर समाज के संवेदनशील विषयों को सामने लाने का काम किया है। उन्होंने ‘द केरल स्टोरी’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन और मार्मिक विषयों को उठाने पर मतभेद और विरोध के स्वर भी सामने आते हैं, लेकिन रचनाकार का दायित्व है कि वह अपनी दृष्टि और संवेदना के साथ समाज के सामने विषय रखे। उन्होंने ‘कोहरा’ के लेखक के साहसिक प्रयास की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अच्छी पुस्तकें अधिक से अधिक पाठकों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने घरों में छोटी-सी लाइब्रेरी बनाने और बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घर की समृद्धि केवल उसकी भव्यता में नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन की संस्कृति में भी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें पीढ़ियों के बीच ज्ञान, संस्कार और अनुभव का सेतु बनती हैं। इसलिए हर परिवार को अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का संग्रह अवश्य रखना चाहिए।
*नक्सलवाद की अनकही पीड़ा को भी सामने लाएं रचनाकार*
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर नक्सलवाद का उल्लेख करते हुए साहित्यकारों और रचनाकारों से इससे प्रभावित लोगों की पीड़ा और संघर्ष को भी अपनी रचनाओं का विषय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने लंबे समय तक नक्सल हिंसा का दंश झेला है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और राज्य सरकार के सतत प्रयासों से प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है और बस्तर शांति एवं विकास के नए दौर की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद की हिंसा में अनेक निर्दोष लोगों ने अपने परिजनों को खोया, बच्चों की शिक्षा और भविष्य प्रभावित हुआ तथा दशकों तक अनेक क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर रहे। नक्सलवाद की इस मानवीय त्रासदी और इसके कारण समाज पर पड़े प्रभावों को भी व्यापक रूप से सामने लाने की आवश्यकता है। साहित्यकार अपनी संवेदनशील लेखनी के माध्यम से उन परिवारों की पीड़ा, संघर्ष और बदलते बस्तर की कहानी को देश-दुनिया तक पहुंचा सकते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री सुनील गंगाराम गर्ग ने कहा कि भारत की संस्कृति विविधता और विशिष्टता के साथ सहअस्तित्व को स्वीकार करती है। उन्होंने श्री करुणा सागर पण्डा की लेखनी की सराहना करते हुए ‘कोहरा’ को समकालीन विषय पर लिखी गई प्रासंगिक कृति बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय विचारों के संवाद का समय है और साहित्य इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक प्रश्नों पर सार्थक विमर्श पैदा करने वाली रचनाएं समाज को आत्ममंथन का अवसर देती हैं। ‘कोहरा’ भी अपने विषय के माध्यम से पाठकों को विचार करने के लिए प्रेरित करता है।
छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा ने कहा कि ‘कोहरा’ केवल समस्या को सामने नहीं रखता, बल्कि समाधान की दिशा में भी सोचने के लिए प्रेरित करता है। बीबीजे के स्वतंत्र निदेशक श्री जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि नई पीढ़ी को देश की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक वास्तविकताओं से परिचित कराने में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वरिष्ठ साहित्यकार श्री गिरीश पंकज ने ‘कोहरा’ को साहसिक लेखन का उदाहरण बताते हुए कहा कि रचनाकार को समाज के ज्वलंत प्रश्नों पर अपनी बात रखने का साहस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपन्यास में सामाजिक विषयों के साथ नक्सलवाद की समस्या को भी अभिव्यक्ति दी गई है। साहित्य समाज में वैचारिक चेतना और सकारात्मक प्रतिरोध का स्वर मजबूत करता है।
इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, राज्य गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजीव लोचन महाराज, श्री जलज कुमार अनुपम सहित जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।
सौर ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ बनेगा देश का अग्रणी राज्य : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर । सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है और छत्तीसगढ़ इस क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ भी सौर ऊर्जा की अपनी अपार संभावनाओं का उपयोग करते हुए ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को मजबूती दे रहा है। प्रदेश में मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों, वेंडर्स, बैंकिंग संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाने वाला यह अपनी तरह का पहला बड़ा आयोजन है। अलग-अलग क्षेत्रों के अनुभव और सुझावों का यह सार्थक संवाद छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा के विस्तार को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ऊर्जा विकास की बुनियादी आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में पहले से ही मजबूत स्थिति में है और वर्तमान में प्रदेश में लगभग 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। राज्य में ऊर्जा क्षेत्र में लगभग ₹3 लाख 50 हजार करोड़ के एमओयू हुए हैं, जिनसे आने वाले समय में लगभग 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता विकसित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना है।
*स्वच्छ ऊर्जा से सुरक्षित होगा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सौर ऊर्जा के साथ ग्रीन एनर्जी के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दे रहे हैं। सूर्य हमें प्रकृति से प्राप्त स्वच्छ, अक्षय और प्रचुर ऊर्जा स्रोत प्रदान करता है। सौर ऊर्जा का व्यापक उपयोग पर्यावरण संरक्षण के साथ जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2070 तक भारत को नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन वाला देश बनाने का लक्ष्य रखा है। इस राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में छत्तीसगढ़ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश में आने वाले समय में 4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
*मार्च 2027 तक 5 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने सामान्य परिवारों को ऊर्जा उपभोक्ता के साथ ऊर्जा उत्पादक बनने का भी अवसर दिया है। छत्तीसगढ़ में योजना को उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। प्रदेश में अब तक लगभग 95 हजार घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं और यह संख्या निरंतर बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक प्रदेश के 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में सोलर उद्योगों, वेंडर्स, बैंकिंग संस्थाओं और नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग के लिए सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र स्थापित करने पर केंद्र सरकार द्वारा ₹30 हजार और राज्य सरकार द्वारा ₹15 हजार का अनुदान दिया जा रहा है। इसी प्रकार 3 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर लगभग ₹1 लाख 8 हजार की सब्सिडी उपलब्ध है। डीएमएफ वाले क्षेत्रों में अनुदान की अंतर राशि डीएमएफ से उपलब्ध कराने का भी प्रावधान किया गया है। इससे अधिक से अधिक परिवारों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना आसान होगा।
*सौर ऊर्जा से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही नारी शक्ति*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सौर ऊर्जा का विस्तार केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है। प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूहों की बहनें अब सोलर वेंडर के रूप में आगे आ रही हैं और हितग्राहियों के घरों में सोलर संयंत्र स्थापित करने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला वेंडरों से संवाद किया। महिलाओं ने बताया कि वे स्वयं हितग्राहियों के घर जाकर सोलर संयंत्र स्थापित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह बदलते और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की प्रेरक तस्वीर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2 लाख 82 हजार स्व-सहायता समूहों से 30 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं और 13 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। हमारी माताएं-बहनें प्रतिभा और उद्यमशीलता से परिपूर्ण हैं। सौर ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों से उन्हें जोड़कर रोजगार, स्वरोजगार और आयवृद्धि के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘संवाद’ कार्यक्रम अपने नाम के अनुरूप सार्थक सिद्ध हुआ है। सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पक्षों के एक मंच पर आने, अनुभव साझा करने और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करने से निश्चित रूप से प्रदेश में इस क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति ने हमें सूर्य के रूप में ऊर्जा का असीम स्रोत दिया है। घरों, कृषि और अन्य क्षेत्रों में सूर्य की ऊर्जा का अधिकतम उपयोग करके परंपरागत ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम की जा सकती है। कोयले जैसे जीवाश्म ईंधनों के अत्यधिक उपयोग से प्रदूषण बढ़ता है, इसलिए स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ना समय की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सिंचाई के क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा का व्यापक उपयोग हो रहा है और लगभग ढाई लाख सिंचाई पंप सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत किए जा चुके हैं। आने वाले समय में कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग का और विस्तार किया जाना चाहिए। इससे ऊर्जा पर होने वाले व्यय में कमी के साथ किसानों को भी दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उससे छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा के विकास की मजबूत नींव रखी गई है और अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इसे नई गति मिल रही है। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने और अपने परिवार तथा परिचितों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा कि ‘संवाद’ कार्यक्रम सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नए विचारों, संभावनाओं और संकल्पों को साझा करने का प्रभावी मंच बना है। प्रदेश में हरित एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उद्योगों, वेंडर्स, वित्तीय संस्थाओं और महिला स्व-सहायता समूहों को एक मंच मिलने से इस क्षेत्र में निवेश, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि ‘हर घर सोलर, हर घर ऊर्जा आत्मनिर्भर’ के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
*मुख्यमंत्री ने सोलर उद्योगों के स्टॉलों का किया अवलोकन*
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम परिसर में सोलर उद्योगों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने सोलर पैनल, उपकरणों, नवीन तकनीकों और हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली संस्थाओं, बैंकों एवं व्यक्तियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन की डायरेक्टरी का विमोचन भी किया। डायरेक्टरी में प्रदेशभर के एसोसिएशन पदाधिकारियों और वेंडर्स के संपर्क विवरण के साथ शासन की ऊर्जा संबंधी योजनाओं की उपयोगी जानकारी संकलित की गई है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी, सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगपति एवं वेंडर्स, बैंक अधिकारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
रायपुर । पवित्र श्रावण मास में राजधानी रायपुर आज भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुढि़यारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को पवित्र श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। इस पवित्र माह में कांवड़ यात्रा हमारी आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए पैदल निकलते हैं। कठिन यात्रा के बीच शिवभक्तों का उत्साह और श्रद्धा सनातन संस्कृति में निहित आस्था की शक्ति को प्रकट करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुढि़यारी के मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवडि़ए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए हैं। शिवभक्तों के जयघोष और भक्ति से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा है। यह आयोजन केवल धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मंदिर छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। महादेव घाट में विराजमान भगवान हटकेश्वरनाथ के प्रति प्रदेशवासियों की गहरी आस्था है। विशेष रूप से श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान जितनी इसकी प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति से है, उतनी ही इसकी गहरी आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में स्थित प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ हमारी समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के साक्षी हैं। यहां के पर्व, उत्सव और धार्मिक यात्राएं समाज को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़े रखती हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों में समाज के हर वर्ग के लोग एक साथ जुड़ते हैं। इससे आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और समरसता की भावना मजबूत होती है। सेवा, सहयोग और सामूहिकता की यही भावना छत्तीसगढ़ की संस्कृति की विशेषता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इससे हमारी आस्था के केंद्रों को नई पहचान मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी विस्तार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रदेश की निरंतर प्रगति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा छत्तीसगढ़ और प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे। हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए तथा हमारा छत्तीसगढ़ विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ के कण-कण में विराजमान हैं देवाधिदेव महादेव, प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा हमारी अमूल्य धरोहर - मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सपत्नीक शिव महापुराण कथा में हुए शामिल, व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की
पांच शक्तिपीठों का चारधाम की तर्ज पर हो रहा विकास, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को मिल रही नई पहचान
श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना से 50 हजार से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का मिल रहा अवसर
रायपुर 23 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय के साथ भिलाई नगर के जयंती स्टेडियम के समीप आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के अंतिम दिवस कथा श्रवण करने पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री साय ने विधि-विधान से व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
विशाल संख्या में उपस्थित शिवभक्तों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में पिछले सात दिनों से शिवभक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य का अवसर है। हजारों श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा के माध्यम से धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला है। आज उन्हें भी सपत्नीक इस पुण्य कथा के श्रवण का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भगवान शिव की आराधना और शक्ति उपासना की प्राचीन परंपरा से समृद्ध रही है। प्रदेश के चारों दिशाओं में अलग-अलग स्वरूपों में भगवान महादेव विराजमान हैं। रायपुर में हटकेश्वर महादेव, कबीरधाम में भोरमदेव, राजिम में कुलेश्वर महादेव, चम्पारण में चम्पेश्वर महादेव, गरियाबंद में भूतेश्वर महादेव, सिरपुर में गंधेश्वर महादेव और जशपुर में मधेश्वर महादेव सहित अनेक प्राचीन शिवधाम हमारी आस्था और आध्यात्मिक विरासत के केंद्र हैं। छत्तीसगढ़ के कण-कण में देवाधिदेव महादेव की कृपा है और उनके आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर खुशहाली एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव के साथ ही छत्तीसगढ़ में आदिशक्ति के अनेक पवित्र स्वरूप विराजमान हैं। राज्य सरकार प्रदेश की इस समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और तीर्थ स्थलों के सुनियोजित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सूरजपुर की कुदरगढ़ी माता, चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी, रतनपुर की मां महामाया, डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी और दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी के शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं का विस्तार होने के साथ प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिले।राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी पुनः प्रारंभ किया है, जिसके अंतर्गत पात्र श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा और दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के माध्यम से अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन करते हुए कहा कि वे शिव महापुराण कथा के माध्यम से देश-दुनिया में भगवान शिव की महिमा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में लगातार तीसरी बार शिव महापुराण कथा का आयोजन होना यहां के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और धर्म के प्रति अनुराग का परिचायक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों की ओर से पंडित प्रदीप मिश्रा का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, सहयोगियों और सभी शिवभक्तों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन, संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, आयोजन समिति के श्री दया सिंह सहित समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
वनांचल की गृहिणी कुसुम सिन्हा बनीं ‘लखपति दीदी’, राखी कारोबार से 7 लाख रुपए की आय की उम्मीद
विष्णु भैया को रक्षाबंधन की दी बधाई एवं शुभकामनाएं
रायपुर, 23 अगस्त 2026
कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली एक साधारण गृहिणी आज आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी हैं। बालोद जिले के डौंडी विकासखंड स्थित वनांचल ग्राम कुमुड़कट्टा की श्रीमती कुसुम सिन्हा ने राज्य सरकार की 'बिहान' योजना से जुड़कर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति बदली, बल्कि आज एक सफल ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बनाई है।
श्रीमती कुसुम सिन्हा 'जय मां पहाड़ों वाली स्व-सहायता समूह' की अध्यक्ष हैं, जिसमें 12 महिलाएं सक्रिय रूप से जुड़ी हैं। समूह के जरिए महिलाएं अचार, रंगोली और मौसमी उत्पादों का निर्माण करती हैं। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर समूह ने कुछ माह पहले से ही बड़े पैमाने पर पर्यावरण-अनुकूल और पारंपरिक राखियों का निर्माण शुरू किया था।
कुसुम सिन्हा और उनके समूह द्वारा धान, चावल, गेहूं, मूंग, बांस और ऊन से तैयार की जा रही कलात्मक एवं इको-फ्रेंडली राखियों की भारी मांग बालोद सहित आसपास के कई जिलों में है। समूह द्वारा अब तक लगभग 12 हजार से अधिक राखियां बनाकर बेचा जा चुका है। इस सीजन में उन्हें राखी निर्माण से लगभग 7 लाख रुपए तक की आय होने की उम्मीद है। आजीविका संवर्धन में उत्कृष्ट कार्य के लिए कुसुम सिन्हा को जिला एवं राज्य स्तर पर 'लखपति दीदी' के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अन्य ग्रामीण महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि घर से बाहर निकलकर स्वरोजगार अपनाने से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में नई पहचान मिलती है।
श्रीमती सिन्हा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को अपने बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए आभार जताया और विष्णु भैया को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना और बिहान जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं जो “बहनों की तरक्की, परिवार की शान - विष्णु भैया का यही अभियान” के ध्येय को साकार कर रहा है।
रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की राशि मिलने से सावित्री बाई के चेहरे पर आई खुशी
आमगांव की श्रीमती सावित्री बाई यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु भैय्या का जताया आभार
रायपुर, 23 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से आमगांव निवासी श्रीमती सावित्री बाई यादव के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने समय पर राशि मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विष्णु भैय्या को धन्यवाद दिया।
श्रीमती सावित्री बाई यादव स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं और समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर रक्षाबंधन के लिए राखियां तैयार कर रही हैं। राखी बनाने के कार्य से उन्हें अपनी मेहनत का आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। त्योहार के अवसर पर समूह से जुड़कर आय अर्जित करने के साथ महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से उनके लिए यह रक्षाबंधन और भी खास बन गया है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महतारी वंदन योजना की राशि मिलना उनके लिए खुशी की बात है। यह राशि त्योहार के समय परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी। साथ ही राखियां तैयार कर मिलने वाली आय से भी त्योहार की तैयारियों में सहयोग मिल रहा है।
श्रीमती सावित्री बाई यादव ने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल मिल रहा है। हर माह मिलने वाली सहायता राशि से परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से त्योहार की खुशियां और बढ़ गई हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार की सहायता से महिलाओं में आर्थिक आत्मविश्वास बढ़ रहा है। वहीं स्व-सहायता समूह से जुड़कर राखी जैसे स्थानीय उत्पाद तैयार करने से महिलाओं को अपनी मेहनत से अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है।
जिला प्रशासन कोरिया की अभिनव पहल : विजनरी-15’ से विद्यार्थियों को मिली नई दिशा
रायपुर, 23 अगस्त 2026

कोरिया जिले के आकांक्षी विकासखण्ड बैकुंठपुर के स्वामी आत्मानंद विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए रविवार का दिन यादगार बन गया। जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘विजनरी-15 : जहां सपने मिलते हैं नेतृत्व से’ के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को प्रशासन के साथ सीधे संवाद, अपने सपनों को साझा करने और भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
‘विजनरी-15’ की अवधारणा पर आयोजित इस विशेष संवाद में विद्यार्थियों ने अपने लक्ष्य, रुचियों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा की। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि बड़े सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और समय प्रबंधन आवश्यक है। ‘उठो, पढ़ो और बढ़ो’ के मंत्र के साथ बच्चों को हर गलती से सीखते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात आत्मीय और पारिवारिक वातावरण रहा। बच्चों ने झूला झूला, वॉलीबाल और शतरंज खेला तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने फूल लगाए तो विद्यार्थियों ने बांस से सुंदर फूल बनाकर स्थानीय कला और हुनर की झलक प्रस्तुत की। बच्चों ने कविता और पेंटिंग भी भेंट की।
विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने पर बच्चों ने अपने विचार रखे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी।
विद्यार्थियों के साथ भोजन और अनौपचारिक बातचीत ने इस आयोजन को और खास बना दिया। जिला प्रशासन की यह पहल बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। ‘सशक्त युवा, समृद्ध कोरिया’ के संकल्प को साकार करने वाली यह पहल विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान दे रही है।
मनेंद्रगढ़ महाविद्यालय को प्रदेश के उत्कृष्ट संस्थानों में करेंगे विकसित: स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल
शिक्षा के साथ कौशल और तकनीक जरूरी, युवा विकसित भारत 2047 की सबसे बड़ी शक्ति: स्वास्थ्य मंत्री
रायपुर ,23 अगस्त 2026


राष्ट्रीय शिक्षा नीति ( NEP-2020) के अंतर्गत सत्र 2026-27 में शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी गई। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती ने अतिथियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए बताया कि NEP-2020 के अंतर्गत इस सत्र से महाविद्यालय में हिन्दी साहित्य, इतिहास एवं प्राणीशास्त्र जैसे तीन नए विषय प्रारंभ हुए हैं। पूर्व से संचालित चार विषयों को मिलाकर अब कुल सात विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने इसे महाविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। प्राचार्य ने महाविद्यालय में बाउंड्रीवाल, नवीन कक्ष, स्टेज, ऑडिटोरियम सहित आवश्यक अधोसंरचना की जरूरतों से अतिथियों को अवगत कराया और विकास कार्यों के लिए सहयोग का आग्रह किया।
नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को अवसरों से जोड़ने का माध्यम: कलेक्टर
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व, सोच और भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण समय है। NEP -2020 शिक्षा को विद्यार्थी-केंद्रित, कौशल आधारित, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीक, कौशल, नवाचार और रचनात्मकता से जुड़ते हुए अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की अधोसंरचना संबंधी आवश्यकताओं पर प्राथमिकता से पहल एवं समन्वय किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके।
महाविद्यालय को प्रदेश के उत्कृष्ट संस्थानों में विकसित करेंगे : स्वास्थ्य मंत्री
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ निरंतर प्रगति कर रहा है। विद्यार्थियों की संख्या और शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि हो रही है। हमारा प्रयास है कि इस महाविद्यालय को प्रदेश के उत्कृष्ट शासकीय महाविद्यालयों की श्रेणी में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ व्यावसायिक एवं कौशल आधारित शिक्षा भी आवश्यक है। इसी दिशा में मनेंद्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज, चिरमिरी में हॉर्टिकल्चर एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज, मनेंद्रगढ़ में फिजियोथेरेपी, झगराखांड में नर्सिंग तथा खड़गवां में कृषि कॉलेज जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में महाविद्यालय के विकास के लिए लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये के कार्य कराए गए हैं। उन्होंने महाविद्यालय की बाउंड्रीवाल, अधूरे स्टेज की छत तथा महिला एवं पुरुष प्रसाधन कक्ष के निर्माण की घोषणा की। ऑडिटोरियम के लिए भी आवश्यक पहल किए जाने की बात कही।
गुरु ही सही मार्ग दिखाते हैं
विद्यार्थियों को गुरु के महत्व से अवगत कराते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कबीरदास के प्रसिद्ध दोहे “गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागू पाय। बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताय“ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वाेच्च है और विद्यार्थियों को सदैव अपने गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सरकारी नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व का विकास करना है। युवा ही विकसित भारत /2047 के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
बहन के हाथों में हुनर, आंखों में सपने ‘विष्णु भैया’ ने दिया आत्मनिर्भरता का सहारा
रायपुर, 23 अगस्त 2026
हर बहन चाहती है कि उसके भाई के जीवन में खुशियां ही खुशियां हो। सफलता उसके भाई के कदम चूमे। हर भाई की भी यही इच्छा होती है कि उसकी बहन सदैव खुश रहे अपने बलबूते पर अपना जीवन यापन करें। छत्तीसगढ़ सरकार के मुखिया और प्रदेश की लाखों बहनों के चहेते भाई ‘विष्णु भैया‘ का भी यही अरमान है। प्रदेश की बहनें स्वरोजगार करे और आत्मनिर्भर बने।
जन-जन के प्यारे ‘विष्णु भैया‘ और उनकी सुशासन की सरकार ने बहनों के सपनो को साकार किया है। प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कोई कसर नही छोड़ रही है।
इसका उदाहरण है मामा-भांचा गांव की श्रीमती रोहिणी साहू। जिन्होंने बिहान योजना से जुड़ कर अपनी आजीविका शुरू की थी। उन्होंने गांव में श्री राम हॉटल खोलकर आर्थिक मजबूती की ओर कदम बढ़ाया।
श्रीमती रोहिणी साहू ने बताया कि विष्णु भैया के सुशासन की सरकार में उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अपनी आजीविका शुरू कर वे बहुत खुश हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। इस व्यवसाय से उन्हें 15 से 10 हजार की शुद्ध मासिक आय की प्राप्ति होती है। जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत हुई है।
श्रीमती रोहिणी साहू ने इसके लिए ‘विष्णु भैया‘ को धन्यवाद दिया और कहा कि उनकी वजह से प्रदेश की लाखों बहनें आत्मनिर्भर हुई है।