छत्तीसगढ़ / रायपुर
जनजातीय समाज का भारत की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान : टंकराम वर्मा
राजस्व मंत्री जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत एवं योगदान कार्यक्रम में हुए शामिल
रायपुर। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा बालौदाबाज़ार के शासकीय दाऊ कल्याण कला-वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत, ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान विषय पर आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों के द्वारा माँ सरस्वती, जनजातीय समाज के गौरव भगवान बिरसा मुण्डा, शहीद वीरनारयण सिंह, रानी दुर्गावती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि इतिहास के अध्ययन से ही वर्तमान और भविष्य संवरता है। जनजातीय समाज का भारत की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान है। इस समाज के भगवान बिरसा मुण्डा, शहीद वीरनारायण सिंह, रानी दुर्गावती, गुण्डाधुर,संत गहिरा गुरु,राजा प्रवीर चंद्र भंजदेव जैसे विभूति अवतरित हुए हैं। जनजाति समाज के लोग बहुत ही सरल, सहज़ और संघर्षशील होते हैं। मान -सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए यह समाज हमेशा तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि पुरातन संस्कृति, संस्कार, रीति -रीवाज को जब तक सहेज के रखेंगे तब तक हमारी अस्तित्व रहेगी। सामजिक मूल्यों की जड़ों को मजबूत करना होगा।
राजस्व मंत्री ने कहा कि हमें गर्व है कि आज देश के सर्वाेच्च पद पर एक जनजाति समाज की बेटी आसीन है। हमारे प्रदेश के मुखिया भी जनजाति समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज की उत्थान के लिए पीएम जनमन योजना लागू किया है जिसके माध्यम से विशेष पिछडी जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। हमारी सरकार ने भी आदिवासियों के विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनायें लागू की है।
अखिल भारतीय वनवासी विकास समिति के युवा कार्य प्रमुख एवं मुख्य वक्ता वैभव सुरंगे ने जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत, ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में लवी मलाकी प्रथम, टिकेश ध्रुव द्वितीय एवं माधुरी कन्नौजे तृतीय स्थान वहीं निबंध लेखन प्रतियोगिता में रेणु कुर्रे प्रथम, अरमान खंडेलवाल द्वितीय एवं पल्लवी जलहरे तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर स्काउट गाईड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जनपद उपाध्यक्ष ईशान वैष्णव,जनपद पंचायत सिमगा के सभापति अनुपम अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, नरेश केशरवानी,योगेश अग्रवाल,प्राचार्य डॉ ए.आर.सी. जेम्स, डॉ एस. एम. पाध्येय, डॉ ए. के. उपाध्याय सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्र -छात्राएं उपस्थित थे।
नगरीय निकायों के निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावली तैयार करने संशोधित कार्यक्रम जारी
दावा आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि में एक सप्ताह की वृद्धि
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सिलफिली स्थित दसवीं बटालियन पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी
रायपुर, 21 अक्टूबर 2024/ महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े आज पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिला के सिलफिली स्थित दसवीं बटालियन पहुंची। यहां उन्होंने अमर जवान स्तंभ में शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजली व्यक्त की। श्रीमती राजवाड़े ने शहीदों के परिवारजनों से भेंट-मुलाकात की। उनके साथ सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, पुलिस महानिरीक्षक श्री अंकित गर्ग सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।
रायपुर रेंज में बड़ी सर्जरी: कई पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का ट्रांसफर...
रायपुर। रायपुर रेंज आईजी अमरेश कुमार मिश्रा ने लंबे समय से रायपुर जिले में जमे पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का ट्रांसफर दूसरे जिले में कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों को रायपुर रेंज के अलग अलग जिलों में पदस्थ किया है। लिस्ट में 5 एएसआई, 6 प्रधान आरक्षक और 14 आरक्षकों के नाम शामिल है।
देखें आईजी का आदेश...
पुलिसकर्मियों के प्रति रखें मानवीय दृष्टिकोण : राज्यपाल डेका
पुलिस स्मृति दिवस परेड में हुए शामिल राज्यपाल
रायपुर। पुलिस का काम अत्यंत जवाबदेही का होता है। आम जनों से आग्रह है कि पुलिस कर्मियों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण रखें और उनके कार्यो में मदद करें। यह उद्गार सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका ने आज चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल माना रायपुर के प्रांगण में पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित परेड कार्यक्रम में व्यक्त किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों की ओर से पुलिस के शहीद वीर जवानों को नमन करते हुए शहीद स्मारक में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल ने शहीद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और उनके साथ सदैव खड़े रहने का विश्वास दिलाया। उन्हें शाल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
इस अवसर पर राज्यपाल डेका ने अपने श्रद्धांजलि उद्बोधन में कहा कि पुलिस का काम अत्यंत जिम्मेदारी का होता है। एक तरफ वे कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हैं। दूसरी तरफ उनकी जिम्मेदारी होती है कि समाज में व्यवस्था बनी रहें और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे। हम सब अपने-अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं, त्यौहार मनाते हैं, क्योंकि हमारी पुलिस, रात-दिन ड्यूटी पर तैनात रहती है। राज्यपाल ने कहा कि पुलिस के जवान भी अपने परिवार को छोड़ कर कार्य कर रहे हैं। उनसे परिवार के एक सदस्य की भांति व्यवहार करें, उन्हें सम्मान दें। आपके दो मीठे बोल, उनके व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। यह सद्व्यवहार उनकी सारी थकान को दूर कर देगी और वे आपके प्रति अच्छा व्यवहार करेंगे ही साथ ही अपनी ड्यूटी दोगुने जोश से करेंगे।
राज्यपाल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में जहां नक्सली समस्या एक गंभीर चुनौती रही है, वहां हमारी पुलिस ने जिस प्रकार से साहस, धैर्य और निष्ठा के साथ इस समस्या का सामना किया, वह सराहनीय है। पुलिस की तत्परता और कर्त्तव्यनिष्ठा के कारण आज नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और शांति के लिए एक सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है। नक्सली गतिविधियों से निपटने के लिए पुलिस और सशस्त्र बलों ने न केवल सख्त रणनीति अपनाई बल्कि स्थानीय समुदायों के साथ बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित किया है। जिससे उन क्षेत्रों में विश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ी है और आने वाले समय में नक्सल समस्या का पूर्ण रूप से उन्मूलन होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमारे पुलिस बलों के शौर्य, पराक्रम, बलिदान, देश-प्रेम, सजगता और इतिहास से जुड़ा हुआ दिन है। इनके चौकन्नेंपन के कारण ही देश में कानून व्यवस्था कायम रहती है और विकास के नए आयाम स्थापित होते है। साय ने कहा कि पुलिस जवान नक्सल पीड़ित क्षेत्रों के विकास और दुर्गम क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अपना योगदान दें रहें है।
पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने भी श्रद्धांजलि उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। वीर जवानों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जायेगा।
इस अवसर पर गृह विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुवा, अरूण देव गौतम, महानिदेशक होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं फायर ब्रिगेड सेवा, हिमांशु गुप्ता, महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी व शहीद जवानों के परिजन उपस्थित थे।
सेंट्रल जेल में ईडी के आरोपियों की VIP सुविधाएं समाप्त, सामान्य बैरक में शिफ्ट
रायपुर। सेंट्रल जेल रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से संबंधित मामलों में बंद आरोपियों को मिल रही वीआईपी सुविधाओं पर रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि ईडी के आरोपी सूर्यकांत तिवारी, अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा, समीर बिश्नोई समेत अन्य महिला आरोपियों को जेल जाने के बाद से वीआईपी बैरक में रखा गया था, जहां उन्हें विशेष सुविधाएं प्राप्त हो रही थीं। अब इन सभी आरोपियों को सामान्य बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया है, और उनकी वीआईपी सुविधाओं को खत्म कर दिया गया है।
जेल अधीक्षक अमित शांडिल्य ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा कि जेल में रोटेशन प्रक्रिया चलती रहती है, लेकिन यह एक सुरक्षा संबंधी मामला है, और इस पर अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।
वीआईपी सुविधाओं पर रोक
अब तक इन बंदियों को जेल में वीआईपी सुविधाओं का लाभ मिल रहा था, जिनमें घर से खाना, विशेष राशन, ड्राई फ्रूट और च्यवनप्राश शामिल थे। जेल प्रशासन ने इन सभी सुविधाओं को अब बंद कर दिया है, और आरोपियों को सामान्य कैदियों की तरह जेल का खाना और व्यवस्थाएं दी जाएंगी। इसके अलावा, आरोपियों को किसी भी तरह के मोबाइल फोन की सुविधा उपलब्ध कराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में कानून व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की थी, जिसमें उन्होंने जेल के अंदर और बाहर किसी भी आरोपी को वीआईपी ट्रीटमेंट न दिए जाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जेल डीजी हिमांशु गुप्ता ने सख्ती बरती, जिसके परिणामस्वरूप ईडी के आरोपियों को मिल रही विशेष सुविधाएं समाप्त कर दी गई हैं।
जेल रेडियो स्टेशन की स्थापना
इसके साथ ही जेल प्रशासन द्वारा बंदियों को रचनात्मक और प्रेरक गतिविधियों में संलग्न करने के उद्देश्य से रायपुर जेल में एक रेडियो स्टेशन की स्थापना की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि किसी भी बंदी को मोबाइल फोन उपलब्ध न हो, और यदि ऐसा पाया गया तो जेल स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्यपाल ने राजीव स्मृति वन की शहीद वाटिका में शहीदों को श्रद्धांजलि दी
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका सोमवार को पुलिस स्मृति दिवस पर राजधानी के राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचे। उन्होंने यहां अमर जवान स्तंभ में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ उपस्थित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीदों के नामों की पट्टिका पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू का रायपुर दौरा 25-26 को, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 और 26 अक्टूबर को अपने दो दिवसीय दौरे के तहत रायपुर में रहेंगी। इस दौरान वे आधा दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति भवन द्वारा पहले ही इस दौरे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम राज्य सरकार को भेजा जा चुका है, जिसमें उनके प्रवास के सभी प्रमुख बिंदुओं का विवरण दिया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। डीजीपी अशोक जुनेजा ने सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी कर दिए हैं, और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा को सौंपी गई है, जिन्हें वीवीआईपी सुरक्षा का गहरा अनुभव है। वे पहले भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान एसपीजी में कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान एयरपोर्ट से लेकर राजभवन और उनके दौरे के अन्य स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए दूसरे जिलों से भी अफसरों और बल को बुलाया गया है। आईजी अमरेश मिश्रा की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था में 8 डीआईजी, 10 एसपी रैंक के अधिकारी, और दो दर्जन से अधिक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और डीएसपी रैंक के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखेंगी।
रायपुर : राज्यपाल श्री डेका ने राजीव स्मृति वन में शहीद वाटिका पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी
राज्यपाल श्री रमेन डेका आज पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचे। उन्होंने यहां अमर जवान स्तंभ में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ उपस्थित मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीदों के नामों की पट्टिका पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।
नक्सलियों के लगाए बारूदी सुरंग में हुआ था विस्फोट
शहीद जवानों को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से मंत्री श्री वर्मा ने दी श्रद्धांजलि
माँ महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर के शुरू होने से जुड़ा सीधे बड़े शहरों से
रायपुर। महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर से आज रायपुर के लिए उड़ान भरेगी।
माँ महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर से उड़ान का प्रस्तावित कार्यक्रम निर्धारित है, जिसके अनुसार प्रस्तावित उड़ान अनुसार अंबिकापुर से→ बिलासपुर से उड़ान सोमवार, शुक्रवार को दिल्ली → जबलपुर → जगदलपुर →बिलासपुर→ दिल्ली के लिए उड़ान भरना प्रस्तावित है । इसी प्रकार मंगलवार, गुरुवार को अंबिकापुर से→ कोलकाता→बिलासपुर → कोलकाता से,मंगलवार, गुरुवार को अंबिकापुर से→ दिल्ली → प्रयागराज → बिलासपुर→ प्रयागराज →दिल्ली के लिए उड़ान भरना प्रस्तावित है । बुधवार को अंबिकापुर से→दिल्ली→ बिलासपुर → जगदलपुर → जबलपुर →दिल्ली के लिए,*शनिवार को अंबिकापुर से→दिल्ली→ बिलासपुर → जबलपुर→ बिलासपुर→दिल्ली के लिए और रविवार को अंबिकापुर से→ दिल्ली→ जगदलपुर→ बिलासपुर → जगदलपुर → दिल्ली के लिए माँ महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर से उड़ान भरना प्रस्तावित है ।
माँ महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर से हवाई उड़ान प्रारम्भ होने से आम नागरिक अब देश के अनेकों स्थानों सीधे हवाई सेवा जुड़ सकेंगे ।
उद्योग मंत्री 21-22 को कोरबा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
रायपुर। प्रदेश के वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन सोमवार 21 अक्टूबर को कोरबा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल। मंत्री श्री देवांगन 21 अक्टूबर सोमवार को निवास चारपारा कोहड़िया कोरबा से सुबह 8.45 बजे जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां सुबह 9 बजे पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1.45 बजे सीएसईबी फुटबाल मैदान केारबा के लिए प्रस्थान करेंगे। तत्पश्चात वे दोपहर 2 बजे सीएसईबी फुटबाल मैदान केारबा में आयोजित 24 वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024 के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के पश्चात श्री देवांगन दोपहर 3.15 बजे एसईसीएल केारबा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और दोपहर 3.30 बजे जिला जशपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और जशपुर सर्किट हाऊस में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री देवांगन अगले दिन 22 अक्टूबर को सवेरे 11 बजे जशपुर के मयाली नेचर कैम्प मे सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक मे शामिल होंगे।
ओलंपियन मनु भाकर ने परिवार सहित बारनवापारा अभ्यारण्य का किया भ्रमण
रायपुर। पेरिस ओलंपिक में शूटिंग में 02 मेडल जीत कर इतिहास रचने वाली निशानेबाज एवं ओलंपिक विजेता मनु भाकर 27 वीं अखिल भारतीय वन खेल कूद प्रतियोगिता 2024 के समापन समारोह में शामिल होने राजधानी रायपुर पहुंची हैं। मनु भाकर ने आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के प्रसिद्ध बारनवापारा अभ्यारण्य में सपरिवार भ्रमण किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के प्रसिद्ध बारनवापारा अभ्यारण्य में मनु भाकर ने अपने परिवार के साथ भ्रमण किया। उन्होंने बारनवापारा अभ्यारण्य के घने जंगलों एवं वन्यप्राणियों को स्वच्छंद विचरण करते देखकर प्रसन्नता जाहिर की और वन विभाग द्वारा वन्य जीवों और उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आते हुए, यह अब तक का सबसे अच्छा अनुभव रहा है, प्रकृति हमारे लिए कितनी महत्वपूर्ण है। वनों के संरक्षण के महत्व को जाना है। इस अभ्यारण्य में स्वच्छ और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र को बहुत अच्छी तरह से बनाए रखा गया है। यह मेरे लिए अविस्मरणीय है, मैं यहां दोबारा आना चाहूंगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजू अगसिमनी, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मयंक अग्रवाल, वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार, बारनवापारा अभ्यारण्य अधीक्षक आनंद कुदरया सहित बारनवापारा अभ्यारण्य के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
अभा वन खेलकूद महाकुंभ : 108 पदक जीत कर छत्तीसगढ़ पहले स्थान पर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह 20 अक्टूबर को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में किया जा रहा है। इस वन खेलकूद प्रतियोगिता में विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ राज्य वन विभाग ने सबसे अधिक पदक प्राप्त कर अपना प्रथम स्थान पर बने रहे। रिपोर्ट लिखे जाने तक छत्तीसगढ़ 57 गोल्ड, 28 सिल्वर, 23 कांस्य पदक लेकर कुल 108 पदक और 435 पॉइंट के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। वहीं पदक तालिका में दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः केरल और मध्यप्रदेश की टीम ने अपना स्थान बनाया हुआ है।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता में 29 राज्य, 08 केन्द्र शासित प्रदेश, 06 वानिकी संस्थानों एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारियों के लगभग 3000 खिलाड़ियों जिसमें लगभग 584 महिला एवं 2320 पुरूष खिलाड़ी भाग लिया था। प्रतिभागियों के बीच 23 खेलों की 300 विधाओं जैसे एथलेटिक्स, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, वेटलिफटिंग, कैरम, स्वीमिंग, तीरंदाजी, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, बॉलीबाल जैसे खेलों के व्यक्तिगत एवं समूह खेलों का आयोजन किया गया। देशभर से आए वन विभाग के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुआ। प्रतिस्पर्धा प्रत्येक प्रतिभागी द्वारा अपने प्रतिद्वंदी को कड़ी चुनौती दी गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य के कुल 1200 पदक प्रदाय किए जाएंगे।
Mahadev Satta App के सरगना सौरभ चंद्राकर को भारत लाने की प्रक्रिया तेज, कल दुबई पहुंचेगा डोजियर
रायपुर। दुबई में गिरफ्तार महादेव एप के संचालक सौरभ चंद्राकर को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण के लिए ईडी मुख्यालय समेत केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को डोजियर (दस्तावेज) सौंप दिया है।
21 अक्टूबर को विदेश मंत्रालय के माध्यम से डोजियर को दुबई स्थित भारतीय दूतावास को सौंपे जाने की समय सीमा तय की गई है। उसके बाद, वहां की सरकार की सहमति मिलने पर दुबई की अदालत में डोजियर पेश कर सुनवाई की जाएगी, जिसके बाद ही सौरभ के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू होगी। दुबई की अदालत के फैसले पर ही सौरभ को छत्तीसगढ़ लाने का रास्ता साफ होगा।
सौरभ चंद्राकर और उनके सहयोगी रवि उप्पल, जो महादेव एप सट्टेबाजी घोटाले में शामिल हैं, जो 6,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का है, घटना के सामने आने के बाद से दुबई में ही हैं। ईडी के सूत्रों ने बताया कि प्रत्यर्पण की कार्रवाई के लिए यूएई की अदालत से सौरभ चंद्राकर को भारत लाने का निवेदन किया गया है, जिसमें बताया गया है कि रायपुर की पीएलएमए की विशेष अदालत ने उनके खिलाफ एक गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इसके साथ ही, सौरभ पर मनी लॉंड्रिंग से संबंधित संज्ञेय (कॉग्निजेबल) और गैर-जमानती अपराध भी दर्ज है।
प्रत्यर्पण संधि के अनुसार होगा फैसला
दुबई अदालत में सुनवाई के दौरान सौरभ चंद्राकर को भी अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद अदालत यह तय करेगी कि सौरभ को भारत भेजा जाना है या नहीं और अगर भेजा जाना है, तो किन शर्तों पर। ये शर्तें भारत और यूएई के बीच प्रत्यर्पण संधि के अनुसार होंगी।
इस मामले में विधिक पहलू बचा हुआ है और इसके अनुकूल होने के बाद ही सौरभ को भारत लाने की उम्मीद की जा सकती है। यूएई के साथ भारत की जो संधि है, उसके तहत मनी लॉंड्रिंग के अपराध में करीब सात साल की सजा है, जिसके लिए प्रत्यर्पण किया जा सकता है।
बेटी ने लिवर डोनेट कर बचाई पिता की जान
बेटी ने लिवर डोनेट कर बचाई पिता की जान, ट्रांसप्लांट के बाद ऑपरेशन थियेटर में मरीज ने खुशी से किया डांस
रायपुर। मां-बाप अपने बच्चों के लिए सब कुछ करते हैं और उनकी रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी बेटी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने अपने पिता की जिंदगी बचाने के लिए अपने लिवर का दान किया है।
छत्तीसगढ़ की बेटी ने अपने पिता के जीवन में नई रोशनी लाकर मिसाल कायम किया है। तिल्दा निवासी 50 वर्षीय अनिल कुमार यादव लिवर सिरोसिस जैसी जानलेवा बीमारी से ग्रसित थे। पिछले दो से ढाई वर्षों से वह श्री नारायणा अस्पताल में अपने इलाज के लिए आ रहे थे।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी जांच की और बताया कि उन्हें लिवर ट्रांसप्लांट की आवश्यकता है। इस गंभीर स्थिति में, उनकी बेटी वंदना यादव राठी ने भी जांच करवाई, और पाया गया कि उनका लिवर उनके पिता के लिए उपयुक्त है।
इसके बाद, वंदना ने 6 अक्टूबर को अपने लिवर का 60 प्रतिशत हिस्सा अपने पिता को देने का निर्णय लिया। ऑपरेशन के केवल पांच दिन बाद वंदना को डिस्चार्ज कर दिया गया और 10 दिनों बाद अनिल यादव को भी स्वस्थ होकर घर जाने की अनुमति मिली।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, मानसून की विदाई के बाद भी IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के बावजूद बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अरब सागर में रहे निम्न दाब के क्षेत्र की वजह से नमी का प्रवेश हो रहा है। इसकी वजह से प्रदेश में एक दो-स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि एक दो-स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और भारी बारिश की संभावनाएं बन रही हैं। साथ ही राजधानी में दिनभर बादल आंशिक रूप से छाए रहने के संकेत हैं, जबकि शाम-रात तक गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावनाएं बन रही हैं।
वहीं, वर्षा का क्षेत्र प्रमुखत: दक्षिणी छत्तीसगढ़ रहने के आसार हैं, जबकि रायपुर व दुर्ग संभाग में भी एक दो स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। इसी बीच शनिवार को राजधानी में मौसम आंशिक रूप से मेघमय रहा और उमस की वजह से लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा।
वहीं, प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा तीन सेमी कांकेर के नरहरपुर ब्लाक में दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दंतेवाड़ा में, जबकि न्यनूतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस बलरामपुर में दर्ज किया गया।
यह बन रहा है सिस्टम
एक ऊपरि हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर अंडमान सागर के ऊपर 20 अक्टूबर को बनने की संभावना है, इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 22 अक्टूबर को बनने की संभावना है। उसके बाद उसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होने की संभावना है।
वहीं, प्रदेश के दक्षिणी भाग में नमी का आगमन लगातार जारी है, जिसके कारण प्रदेश के दक्षिणी भाग में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने और एक दो स्थान पर वज्रपात होने की भी संभावना है।
अधिकतम तापमान औसत से ज्यादा
मौसम विभाग के पिछले 30 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य औसत से सभी क्षेत्रों में अधिक है। यह अंबिकापुर में सामान्य से 3.7 डिग्री, जगदलपुर में 3.5 डिग्री, बिलासपुर में 2.6 डिग्री, रायपुर में दो डिग्री, पेंड्रा रोड में 1.6 डिग्री और दुर्ग में 0.5 अधिक है।
न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा
अधिकतम तापमान के अलावा न्यूनतम तापमान भी सामान्य औसत से सभी जगहों से ज्यादा है। रायपुर में यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 4.5 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 3.4 डिग्री सेल्सियस, अंबिकापुर में 2.2 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में एक डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में 0.6 डिग्री सेल्सियस सामान्य से अधिक है।