छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
कलेक्टर ने जीवनदीप समिति कार्यकारिणी की बैठक ली
जिला चिकित्सालय में रिनोवेशन का कार्य 1 जनवरी के पहले पूर्ण करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में जीवनदीप समिति कार्यकारिणी की बैठक ली। उन्होंने जिला चिकित्सालय में सायकल स्टैण्ड एवं कैटीन संचालन हेतु टेंडर करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय में महिला स्वसहायता समूह द्वारा मिलेट्स कैफे प्रारंभ करने के लिए कहा। उन्होंने जिला चिकित्सालय में रिनोवेशन का कार्य 1 जनवरी के पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में भोजन गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए। बैठक में जिला चिकित्सालय में हमर लैब में स्थापित विभिन्न जांच हेतु ऑटोएनालाईजर्स एवं चिकित्सालय के वार्डों में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न कंज्यूममेंबल सामग्री क्रय करने का निर्णय लिया गया। जिला चिकित्सालय के मनोरोग विशेषज्ञ द्वारा पांच बिस्तर मनोरोग वार्ड प्रारंभ करने के लिए पुराना पुरूष आर्थों वार्ड का चयन कर उसके उन्नयन कार्य हेतु प्राक्कलन प्रस्तुत किया गया। बैठक में जेम पोर्टल, जिला चिकित्सालय के मरम्मत कार्य, विभिन्न पदों पर भर्ती सहित अन्य मद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, डिप्टी कलेक्टर डॉ. प्रकाश टंडन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, अस्पताल अधीक्षक डॉ. यूके चन्द्रवंशी, सहित अन्य कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित थे।
8 को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस का आयोजन
राजनांदगांव । सशस्त्र सेना झण्डा दिवस 7 दिसम्बर 2025 को सम्पूर्ण भारत में भारतीय सेनाओं के शहीदों के पुण्य स्मरण करने एवं उनके सम्मान में मनाया जाता है। इसके तहत जिला सैनिक कल्याण कार्यालय राजनांदगांव में 8 दिसम्बर 2025 को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस का आयोजन किया गया है। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ग्रुप कैप्टन ब्रिजेश कुमार शर्मा (सेवानिवृत्त) ने बताया कि सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर शहीद जवानों के परिवारों एवं जरूरतमंद भूतपूर्व सैनिकों की सहायता हेतु ध्वज वितरण कर धनराशि एकत्रित की जाएगी, एकत्रित राशि समामेलित विशेष निधि राज्य सैनिक बोर्ड के कोष में जमा कराई जाएगी। ध्वज का न्यूनतम मूल्य निर्धारित नहीं किया जाता है, परन्तु इस अवसर पर कोई भी व्यक्ति स्वेच्छा से जितना भी चाहे राशि अंशदान दे सकते है। सशस्त्र सेना झण्डा दिवस की अंशदान राशि पर आयकर की धारा 80-जी के तहत आयकर में 100 प्रतिशत की छूट है।
जिले में धान की खरीदी उत्सव के लिए किसानों में उत्साह एवं खुशी
अब तक जिले में 17675 पंजीकृत किसानों से 213 करोड़ 83 हजार रूपए मूल्य का 896285.20 क्विंटल धान की खरीदी
राजनांदगांव । जिले में धान की खरीदी उत्सव के लिए किसानों में उत्साह एवं खुशी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान खरीदी महाभियान के तहत शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी सुचारू संचालन के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। धान खरीदी कार्य के के लिए इलेक्ट्रानिक तौल मशीन, पेयजल, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाईस मशीन, श्रमिक एवं अन्य व्यवस्था की गई है। आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान का परीक्षण किया जा रहा है। जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर एवं सूची व फ्लैक्स लगाए गए है। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। धान बिक्री के लिए किसान टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे है। जिससे उनके समय की बचत हो रही है और उन्हें सुविधा मिल रही है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 17675 पंजीकृत किसानों से 213 करोड़ 83 हजार रूपए मूल्य का 896285.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई है।
समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना से किसानों के सपने हो रहे पूरे
किसान सेवक राम ने पिछले वर्ष की राशि खेती-किसानी में किया निवेश, इस वर्ष की राशि से बनाएंगे नया घर
राजनांदगांव । शासन की किसान हितैषी योजनाओं से जिले के किसानों का खेती-किसानी के रकबे में वृद्धि और सपने पूरे हो रहे है। ग्राम बरगाही के किसान सेवक राम साहू आज 190 क्विंटल धान बिक्री करने धान उपार्जन केन्द्र ढाबा पहुंचे थे। किसान सेवक राम बहुत खुश नजर आ रहे थे। वे शासन द्वारा धान खरीदी शुरूआत होने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से उनका सपना पूरा होगा। उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से इच्छा थी कि वे एक नया घर बनाएंगे। इस वर्ष की धान बिक्री से उनका नया घर बन जाएगा। किसान सेवक ने बताया कि उनका एक-एक सपना पूरा हो रहा है। पिछले वर्ष की धान बिक्री से उन्होंने खेती-किसानी में निवेश करते हुए खेती जमीन खरीदा था। जिसमें अच्छा उत्पादन हुआ है और लाभान्वित भी होंगे। उन्होंने बताया कि उनके पास 60 एकड़ खेती जमीन है। उन्होंने ऑनलाईन के माध्यम से घर बैठे टोकन तुंहर हाथ एप्प से टोकन कटवाया था। पिछले वर्ष की धान खरीदी से उन्हें अच्छा लाभ मिला था। किसान सेवक राम ने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसान आधुनिक और तकनीकी कृषि को अपना रहे हैं। इसके साथ ही अपने कृषि भूमि में राशि को निवेश कर रहे है। किसानों के खेती-किसानी का उत्पादन क्षमता में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि समय पर किसानों को सोसायटी के माध्यम से कृषि कार्य के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज और अन्य कार्यों के लिए ऋण मिल जाता है।
ग्राम बरगाही के किसान सेवक राम साहू ने कहा कि समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी से किसानों को उनके उत्पादन का अच्छा प्रतिफल मिल रहा है। जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। किसानों की आर्थिक मजबूती से अपने इच्छाओं और अपने परिवार को अच्छी सुख-समृद्धि देने के लिए सक्षम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्र ढाबा में पारदर्शी और सुगमता से खरीदी होने से किसान बहुत संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि टोकन तुंहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने से धान बिक्री करना आसान हो गया है। पहले टोकन जारी होने के लिए सोसायटी में घंटों इंतजार करना पड़ता था, अब डिजिटल व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, धान भराई, तौल और पर्ची सभी प्रक्रियाएँ समयबद्ध और बिना किसी परेशानी के संपन्न हुई है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।
श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना : वरिष्ठजनों को करायी जाएगी यात्राश्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना : वरिष्ठजनों को करायी जाएगी यात्रा
राजनांदगांव । श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना के तहत जिले के 55 वर्ष से अधिक और 75 वर्ष से कम उम्र के 91 वरिष्ठजनों को 18 दिसम्बर से 21 दिसम्बर 2025 तक अयोध्या धाम की यात्रा करायी जाएगी। यात्रा के संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय समाज कल्याण विभाग से प्राप्त की जा सकती है।
समिति प्रबंधक एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ करें कार्य : कलेक्टर
कलेक्टर ने धान खरीदी के मद्देनजर जिले के सभी समिति प्रबंधकों एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटरों की बैठक ली
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान खरीदी के मद्देनजर जिले के सभी समिति प्रबंधकों एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटरों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि सभी समिति प्रबंधक एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ कार्य करें। कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले समिति प्रबंधक एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील समितियों में रकबा समर्पण की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन समितियों में धान की आवक को देखते हुए बफर लिमिट बढ़ाई गई है, वहां आधिपत्य लेकर धान रखने के लिए सुरक्षित स्थान रखें। हल्की बारिश के दृष्टिगत समितियों में धान के सुरक्षित रख-रखाव के लिए कैप कव्हर, ड्रेनेज एवं अन्य व्यवस्था करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि कोचियों एवं बिचौलियों पर शिकंजा कसने के लिए सभी सक्रियता के साथ कार्य करें। धान उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए कोचियों एवं बिचौलियों से सर्तक रहे एवं निगरानी रखें। कलेक्टर ने कहा कि धान का सत्यापन शीघ्र ही प्रारंभ हो जाएगा, इसे ध्यान में रखते हुए सजगता के साथ कार्य करें। शासन की प्राथमिकता के अनुरूप शुद्ध धान खरीदी का कार्य प्राथमिकता से करें।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि कोचियों एवं बिचौलियों की जानकारी मिलने पर एसडीएम को तत्काल सूचित करें। सभी अपनी ड्यूटी पर प्रतिबद्धतापूर्वक तैनात रहे। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील समितियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों को धान बिक्री करने में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए, इसका विशेष ध्यान रखें। अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा ने बताया कि अवैध धान परिवहन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता के धारा 318 (4) के तहत धोखाखड़ी के तहत जुर्म दर्ज होगा। अवैध धान परिवहन करने वाले कोचियों एवं बिचौलियों एवं अवैध धान परिवहन में संलिप्त शासकीय कर्मचारियों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता अंतर्गत की जाने वाली कार्रवाई की विधिक जानकारी प्रदान की। इस दौरान खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी, डीएमओ श्रीमती हीना खान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव सुधीर सोनी, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतमचंद पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित समिति प्रबंधक एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर उपस्थित थे।
IPS अंकिता शर्मा ने रात 11 बजे थाने में दी दबिश
राजनांदगांव । पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा रात 11:00 बजे थाना सोमनी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निम्न प्रमुख बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
थाने के स्टाफ के कार्यकलाप एवं कार्यप्रणाली, थाने की स्वच्छता एवं रखरखाव की स्थिति, स्टाफ का अनुशासन एवं समयबद्धता, रात्रि गश्त (Patrolling) टीम की वास्तविक स्थिति — टीम ड्यूटी पर बाहर है अथवा नहीं।
इसके अतिरिक्त बैरक एवं पुलिस स्टाफ के आवासीय सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।
ड्यूटी के दौरान किसी भी कर्मचारी द्वारा शराब सेवन किए जाने की भी जाँच पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई, जिसमें सभी कर्मचारी अनुशासन की स्थिति में पाए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा रात्रि में सप्राइज चेक कर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से चर्चा की गई तथा भविष्य में भी बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कोचिंग सेंटर में छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
राजनांदगांव । शहर के एक कोचिंग सेंटर में छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। 11वीं कक्षा में अध्ययनरत नाबालिग ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।
जिसके बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने क्लास में एक सवाल पूछा था। उसे समझाते हुए शिक्षक ने उसे यहां-वहां छूना शुरु कर दिया।
हरकतों को भांपते ही छात्रा ने विरोध किया और वहां से चली गई। उसने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
215.60 क्विंटल (539 बोरा) अवैध धान जप्त
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान बिक्री की रोकथाम के लिए कोचियों एवं बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आने वाले समय में कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान की बिक्री करने की पुनरावृत्ति होने एवं संलिप्त पाए जाने पर अपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जा सकते हैं। इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य, मंडी विभाग के संयुक्त दल द्वारा आज कुल 5 प्रकरणों में 6 लाख 68 हजार 360 रूपए मूल्य के 215.60 क्विंटल (539 बोरा) अवैध धान जप्त किया गया। इसी तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 123 प्रकरणों में 4 करोड़ 85 लाख 87 हजार 726 रूपए मूल्य के 15673.46 क्विंटल (39184 बोरा) अवैध धान एवं 7 वाहन जप्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार आज राजनांदगांव अनुविभाग में 3 प्रकरण में 5 लाख 75 हजार 360 रूपए मूल्य के 185.60 क्विंटल (464 बोरा) अवैध धान एवं डोंगरगांव अनुविभाग में कुल 2 प्रकरणों में 93 हजार रूपए मूल्य के 30 क्विंटल (75 बोरा) अवैध धान जप्त किया गया है। इसी तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक राजनांदगांव अनुविभाग में कुल 49 प्रकरणों में 2 करोड़ 76 लाख 54 हजार 480 रूपए मूल्य के 8920.80 क्विंटल (22302 बोरा) अवैध धान व 2 वाहन, डोंगरगढ़ अनुविभाग में 36 प्रकरण में 95 लाख 87 हजार 866 रूपए मूल्य के 3092.86 क्विंटल (7732 बोरा) अवैध धान व 2 वाहन तथा डोंगरगांव अनुविभाग में कुल 38 प्रकरणों में 1 करोड़ 13 लाख 45 हजार 380 रूपए मूल्य के 3659.80 क्विंटल (9150 बोरा) अवैध धान एवं 3 वाहन जप्त किया गया है।
जिले में कोचियों एवं बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले के 1500 छोटे एवं बडे मंडी अनुज्ञप्तिधारियों को सूचीबद्ध कर अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं खाद्य व मंडी के अधिकारियों को जांच कर अवैध रूप से भंडारित धान जप्त किए जाने तथा सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिये गये है। जिले में अंतर्राज्यीय अवैध धान आवक के रोकथाम हेतु जिले में कुल 3 अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट बोरतलाब, पाटेकोहरा एवं कल्लूबंजारी स्थापित किया गया है। जहां पर मंडी, नगर सेना, वन विभाग एवं राजस्व के अधिकारियों द्वारा तीन पालियों में 24 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है।
कलेक्टर ने आधी रात को अवैध धान परिवहन की रोकथाम के लिए बोरतलाव चेकपोस्ट का किया औचक निरीक्षण
- चेकपोस्ट में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आधी रात को जिले में अवैध धान परिवहन की रोकथाम के लिए बनाए गए डोंगरगढ़ विकासखंड के अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट बोरतलाव का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को अन्य राज्यों से आने वाले सभी वाहनों की जांच कर रजिस्टर में एण्ट्री करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध धान परिवहन की निगरानी करते हुए कार्रवाई निरंतर जारी रखें। एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव को चेकपोस्ट में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए।
जिम के खिलाडिय़ों ने 26/11 आतंकी हमलें में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी
अभिनेता धर्मेन्द्र को एक्सपर्ट जिम ने दी श्रद्धांजलि
राजनांदगांव. 27 नवंबर। स्थानीय एक्सपर्ट जिम समिति के पदाधिकारियों के द्वारा 2008 में मुम्बई के होटल ताज में आतंकवादी हमलें में शहीद हुए नागरिकों को सहित भारत के उन वीर सपूतों को जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान कर भारतमाता की रक्षा की। ऐसे शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि मोमबत्ती जलाकर एक मिनट का मौन रखकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारत के सुपर स्टार हि मेन, ग्रेड लिजेंड अभिनेता धर्मेन्द्र सिंह देवेल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि एक्सर्ट जिम के अध्यक्ष ने अपने उदबोधन में कहा धर्मेन्द्र सादगी एवं प्रेम का अद्भूत संगम का सरताज रहे।
जिन्होंने लोगों को देशी अखाड़ा में व्यायाम करने प्रेरित किया। धर्मेन्द्र अपने यू-टयूब में अपने हमेशा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की बात करते थे। इस अवसर पर एक्सपर्ट जिम के पदाधिकारी मनीष सिंह गौतम, डॉ. रोहन सोनकर, तामेश्वर बंजारे, गोविन्द निषाद, गौरव कुमार, शशांक पटेल, लता साहू, वैदेही साहू, नंदनी साहू, पायल रजक, निकिता बंजारे, साक्षी तेजवानी, रेनु रामटेके, खुशाल सिन्हा, युवराज सोनवानी, सुशांत चौबे, आकाश साहू, मनीष वैष्णव, चुरामन रजक, समीर साहू, तरूण साहू, हेमंत यादव, तारजन साहू, रोशन सोनकर, भावेश साहू, लोहित साहू, वेटलिफ्टर तानिया बंजारे, एकता बंजारे, लक्ष्य कुमार बंजारे, संध्या बंजारे आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी समिति के अध्यक्ष तामेश्वर बंजारे ने दी।
कलेक्टर ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के प्राधिकृत अधिकारी का किया पदभार ग्रहण
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के प्राधिकृत अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ नवा रायपुर के आदेशानुसार कलेक्टर जितेन्द्र यादव को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव का प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो जाने पर निर्वाचित बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करने हेतु कलेक्टर को प्रशासनिक दृष्टिकोण से प्राधिकृत किया गया है।
जिले में धान की खरीदी उत्सव के लिए किसानों में उत्साह एवं खुशी
राजनांदगांव । जिले में धान की खरीदी उत्सव के लिए किसानों में उत्साह एवं खुशी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान खरीदी महाभियान के तहत शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी सुचारू संचालन के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। धान खरीदी कार्य के के लिए इलेक्ट्रानिक तौल मशीन, पेयजल, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाईस मशीन, श्रमिक एवं अन्य व्यवस्था की गई है। आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान का परीक्षण किया जा रहा है। जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर एवं सूची व फ्लैक्स लगाए गए है। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। धान बिक्री के लिए किसान टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे है। जिससे उनके समय की बचत हो रही है और उन्हें सुविधा मिल रही है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 13784 पंजीकृत किसानों से 165 करोड़ 77 लाख 26 हजार रूपए मूल्य का 697384 क्विंटल धान की खरीदी की गई है।
धर्मनगरी में राष्ट्र चिंतन पर संगोष्ठी की रूप रेखा हेतु सर्व समाज व हिन्दू संगठनों की बैठक सम्पन्न
प्रखर राष्ट्रवादी वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ होंगे वक्ता के रूप में शामिल
रामलला दर्शन योजना के तहत भारत गौरव स्पेशल ट्रेन राजनांदगांव से अयोध्या धाम के लिए रवाना
सरकार की निशुल्क सुविधाओं से तीर्थयात्रियों को मिलेगा रामलला व काशी विश्वनाथ के दर्शनों का शुभ अवसर
राजनांदगांव, 19 नवंबर 2025

रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत आज भारत गौरव स्पेशल ट्रेन राजनांदगांव से अयोध्या धाम की ओर रवाना हुई। इस अवसर पर सांसद श्री संतोष पांडे, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा और महापौर श्री मधुसूदन यादव ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
दुर्ग स्टेशन पर विधायक श्री ललित चंद्राकर ने तीर्थ यात्रियों का स्वागत व अभिनंदन किया।
स्टेशन पर तीर्थयात्रियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। जिला प्रशासन के अधिकारी, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी के प्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। स्टेशन पर माहौल भक्तिमय था, जहां ढोल-नगाड़ों की थाप पर तीर्थयात्री अभिवादन से अभिभूत नजर आए। यात्रियों ने इस पावन अवसर को यादगार बताते हुए अपनी भावनाओं को साझा किया।
तीर्थयात्री भोला राम यादव ने कहा कि सरकार द्वारा दी गई सभी सुविधाएं हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। आने-जाने, रहने व भोजन की बेहतरीन व्यवस्था ने हमारी यात्रा को सुखद और यादगार बना दिया है। वहीं एक तीर्थ यात्री अमरौतिन बाई ने भावुक होकर कहा कि स्टेशन पर भव्य स्वागत और श्रद्धा का माहौल देखकर मन गदगद हो गया है। एक बुजुर्ग तीर्थयात्री केजा बाई ने आशीर्वाद भरे स्वर में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय व पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल को श्रवण बेटा संबोधित कर तीर्थयात्रा कराने के लिए धन्यवाद दिया।
तीर्थयात्रियों को अयोध्या धाम में रामलला के दर्शनों के साथ-साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन भी कराए जाएंगे। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से तीर्थयात्रियों के आने-जाने, रहने, खाने, ठहरने और चिकित्सा सुविधा सभी निशुल्क प्रदान की जा रही है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, समाज कल्याण विभाग और रेलवे के कर्मचारी तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए हर समय तत्पर दिखे।
टमाटर की खेती से किसान बन रहे आत्मनिर्भर
टमाटर की खेती से हो रहा लाभ
राजनांदगांव, 13 नवम्बर 2025

शासन की किसान हितैषी योजनाओं एवं उद्यानिकी फसलों की असीम संभावनाओं के कारण अब राजनांदगांव जिले के किसान पारंपरिक फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों की ओर तेजी से अग्रसर हो रहे हैं। इसी कड़ी में विकासखण्ड राजनांदगांव के ग्राम गातापारखुर्द के प्रगतिशील किसान श्री सुरेश सिन्हा ने आधुनिक पद्धति से पॉलीहाउस में टमाटर की खेती कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उन्होंने टमाटर की ‘माल्या वैरायटी’ की फसल लगाकर लगभग 2 लाख 35 हजार रूपए का लाभ अर्जित किया है।
श्री सिन्हा ने बताया कि पॉलीहाउस में उपयुक्त तापमान बनाए रखते हुए मल्चिंग विधि का उपयोग किया गया, जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में वृद्धि हुई। टमाटर की बाजार में अच्छी मांग होने से प्रति क्विंटल 700 से 800 रूपए की दर प्राप्त हुई। यहां उत्पादित टमाटर कोरबा, कोलकाता, उत्तर प्रदेश, ओडिशा सहित स्थानीय बाजारों में भी भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत संरक्षित खेती के लिए पॉलीहाउस निर्माण हेतु 17 लाख रूपए का शासन द्वारा अनुदान प्राप्त हुआ। पॉलीहाउस की कुल लागत 34 लाख रूपए रही। इसके अतिरिक्त पैक हाउस निर्माण हेतु 2 लाख रूपए का अनुदान तथा दवाई छिड़काव के लिए स्ट्रिप मशीन पर 50 प्रतिशत अनुदान शासन द्वारा प्रदान किया गया।
श्री सिन्हा के पास कुल 15 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें से 8 एकड़ में धान एवं 7 एकड़ में सब्जियों की खेती की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 1.5 एकड़ में लौकी की फसल से लगभग 35 टन उत्पादन हुआ, जिससे उन्हें 50 प्रतिशत की शुद्ध आमदनी प्राप्त हुई। पॉलीहाउस में टमाटर के साथ खाली स्थान का उपयोग करते हुए उन्होंने मिश्रित खेती के रूप में फूलगोभी, नवलकोल, प्याज और मूली की फसलें भी लगाई हैं।
श्री सिन्हा ने बताया कि धान की तुलना में सब्जियों की खेती से तीन से चार गुना अधिक आमदनी होती है। इसमें कम पानी की आवश्यकता होती है और एक वर्ष में तीन से चार फसलें ली जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी विभाग से समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन एवं परामर्श प्राप्त होता रहता है, जिससे खेती में नई तकनीकों का लाभ मिल रहा है।
छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की घोषणा : छत्तीसगढ़ को मिलेंगे तीन पुरस्कार
छत्तीसगढ़ को सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ पंचायत और सर्वश्रेष्ठ संस्थान श्रेणी में मिलेगा सम्मान: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों से 18 नवंबर 2025 को मिलेगा सम्मान
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘जल समृद्ध भारत’ के दृष्टिकोण को मूर्त रूप देने में छत्तीसगढ़ का योगदान महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री श्री साय
राजनांदगांव , 12 नवंबर 2025
केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल ने इन पुरस्कारों की घोषणा की। छत्तीसगढ़ को तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कारों के लिए विभिन्न श्रेणियों में विजेता घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले को पूर्वी जोन में सर्वश्रेष्ठ जिला, कांकेर जिले की डूमरपानी ग्राम पंचायत को श्रेष्ठ ग्राम पंचायत श्रेणी में तीसरा स्थान तथा रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल को सर्वश्रेष्ठ स्कूल श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक प्रशस्ति पत्र, एक ट्रॉफी और कुछ श्रेणियों में नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2024 का पुरस्कार वितरण समारोह 18 नवंबर 2025 को प्रातः 11:30 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली के प्लेनरी हॉल में आयोजित होगा। इस समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य के सतत जल संरक्षण और जनसहभागिता आधारित प्रबंधन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘जल समृद्ध भारत’ के दृष्टिकोण को मूर्त रूप देने में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय कार्य किया है। राजनांदगांव, कांकेर और रायपुर के इन उदाहरणों ने यह सिद्ध किया है कि जब समाज, प्रशासन और संस्थान एक साथ कार्य करते हैं, तब जल संरक्षण एक जन-आंदोलन बन जाता है। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि राज्य सरकार हर जिले और पंचायत में जल संवर्धन के इस मॉडल को आगे बढ़ाएगी।
वर्ष 2018 से हुई शुरुआत – अब तक पाँच संस्करण आयोजित
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जल शक्ति मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्तर पर जल प्रबंधन और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक व्यापक अभियान प्रारंभ किया। लोगों में पानी के महत्व के प्रति जागरूकता पैदा करने और उन्हें सर्वोत्तम जल उपयोग प्रथाएँ अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु वर्ष 2018 में राष्ट्रीय जल पुरस्कार की शुरुआत की गई थी। दूसरे, तीसरे, चौथे और पाँचवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार क्रमशः वर्ष 2019, 2020, 2022 और 2023 के लिए प्रदान किए गए। कोविड महामारी के कारण वर्ष 2021 में ये पुरस्कार नहीं दिए जा सके।
साढ़े सात सौ आवेदनों में से केवल 46 का चयन
वर्ष 2024 के लिए छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की घोषणा 23 अक्टूबर 2024 को गृह मंत्रालय (एमएचए) के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर की गई थी। इस वर्ष कुल 751 आवेदन प्राप्त हुए। निर्णायक समिति द्वारा सभी आवेदनों की जाँच और मूल्यांकन किया गया। चयनित आवेदनों की जमीनी स्तर पर जाँच केंद्रीय जल आयोग और केंद्रीय भूजल बोर्ड द्वारा की गई। जमीनी जाँच रिपोर्टों के आधार पर संयुक्त विजेताओं सहित कुल 46 विजेताओं को वर्ष 2024 के लिए 10 विभिन्न श्रेणियों में चयनित किया गया।
जल संरक्षण और कुशल प्रबंधन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
जल शक्ति मंत्रालय देश में जल के विकास, संरक्षण और कुशल प्रबंधन के लिए नीतिगत ढाँचा तैयार करने और कार्यक्रमों को लागू करने वाला केंद्रीय मंत्रालय है।राष्ट्रीय जल पुरस्कार, सरकार के ‘जल समृद्ध भारत’ के दृष्टिकोण को साकार करने हेतु व्यक्तियों और संगठनों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर केंद्रित हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य लोगों में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सर्वोत्तम जल उपयोग प्रथाएँ अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह आयोजन देशभर के नागरिकों और संस्थानों को जल संसाधन संरक्षण व प्रबंधन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता और साझेदारी को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करता है।