छत्तीसगढ़ / सरगुजा
हाथियों के डर से पक्के मकान में सोने गई थी महिला, आधी रात सिरफिरे पति ने कुल्हाड़ी से काट दिया गला
कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उरंगा स्थित पतरापारा में गुरुवार की रात सिरफिरे पति ने टांगी से पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया। महिला हाथियों के डर से अपनी 5 वर्षीय बेटी के साथ अस्थाई कैंप के छत पर गांव के अन्य लोगों के साथ सो रही थी। इसी दौरान पति वहां पहुंच गया और उसकी हत्या कर दी। पति के आक्रामकता को देखकर गांव वालों ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मैनपाट के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरंगा के पतरापारा निवासी धुनी बाई (34) पति श्रीराम माझी गुरुवार की रात अपनी 5 वर्षीय बेटी के साथ गांव में शासन द्वारा हाथियों से बचने निर्मिर्त एक पक्के मकान की छत पर सो रही थी। कैंप में लगभग एक दर्जन महिला-पुरुष थे।
आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
एकीकृत बाल विकास परियोजना अम्बिकापुर (शहरी) के परियोजना अधिकारी ने बताया कि बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों में आंगनबाड़ी सहायिका के 03 रिक्त पदों पर खुली भर्ती के माध्यम से नियुक्ति हेतु आवेदन पत्र 30 अक्टूबर 2024 तक आमंत्रित किये गये हैं। जिसकी सूची एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं आयुक्त नगर पालिका निगम अम्बिकापुर के नोटिस बोर्ड में चस्पा कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों की भर्ती संत मदर टेरेसा वार्ड क्रमांक 04 मुक्तिपारा आंगनबाड़ी केंन्द्र, गौरी पारा वार्ड क्रमांक 28 बंगालीपारा-02 में एवं अग्रसेन वार्ड क्रमांक 37 बण्ड बहरा में होगी। उन्होंने बताया कि उक्त पदों पर केवल महिला ही आवेदन कर सकती हैं। वे अपना आवेदन पत्र बाल विकास परियोजना कार्यालय अम्बिकापुर (शहरी) में कार्य दिवस पर कार्यालयीन समय पर जमा अथवा पंजीकृत डाक द्वारा निर्धारित अवधि तक भेज सकते हैं। नियुक्ति की विस्तृत शर्तें एवं अहर्ताओं के सम्बन्ध में परियोजना कार्यालय, नगर पालिका निगम अम्बिकापुर कार्यालय के सूचना पटल पर देखी जा सकती हैं।
चार दिवसीय राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए सरगुजा तैयार
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी रायपुर एवं राज्य शैक्षिक अनुसन्धान एवं प्रशिक्षण परिषद रायपुर के सहयोग से आगामी 15 अक्टूबर से अम्बिकापुर में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी और पश्चिम भारत विज्ञान मेला का आयोजन किया जा रहा है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ शासन के डायरेक्टर और राज्य शैक्षिक अनुसन्धान एवं प्रशिक्षण परिषद रायपुर के डायरेक्टर के निर्देशन तथा जे पी रथ, अतिरिक्त संचालक, राज्य शैक्षिक अनुसन्धान एवं प्रशिक्षण परिषद रायपुर के मार्गदर्शन में यह चार दिवसीय मेला स्थानीय सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, सुभाषनगर, अम्बिकापुर में आयोजित किया जायेगा, जिसमें करीब 500 से अधिक छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाओं के भाग लेने की संभावना है। इसका उद्देश्य बच्चों में विज्ञान और गणित के प्रति रुचि जागृत करना और उनकी रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करना है। मेले में भाग लेने वाले छात्रों को अपने विज्ञान मॉडल और प्रोजेक्ट्स को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहन मिलता है। यह आयोजन बच्चों को व्यावहारिक रूप से विज्ञान के सिद्धांत को समझने में भी मदद करता है, और साथ ही उन्हें नई खोजों और आविष्कारों के लिए प्रेरित करता है। कमिश्नर सरगुजा जीआर चुरेन्द्र के संरक्षण एवं संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग के संयोजन में सरगुजा इस आयोजन हेतु तैयार है। संयुक्त संचालक शिक्षा ने बताया कि इस पूरे आयोजन में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में 183 मॉडल, पश्चिम भारत विज्ञान मेला में 81 प्रतिदर्श, प्रश्न मंच विद्यार्थी में 18 टीम, प्रश्न मंच छात्राध्यापक में 18 टीम, शिक्षक सेमिनार में 18 शिक्षक, विज्ञान क्लब में 36 से अधिक प्रतिभागी, पोस्टर प्रतियोगिता में 18 प्रतिभागी, विज्ञान नाटिका में 09 समूह के भाग लेने की संभावना है। सभी प्रतिभागियों के आने की सहमति उनके जोन प्रभारियों से मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि सभी प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षक, प्रभारियों की आवास एवं भोजन की व्यवस्था प्रदर्शनी स्थल में ही की गयी है। सभी टीमों को बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक लाने ले जाने के लिए परिवहन व्यवस्था की जिम्मेदारी भी तय कर दी गयी है। कार्यक्रम का शुभारम्भ दिनांक 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तो समापन कार्यक्रम 18 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे रखा गया है। इस मेले में प्रदेश के नौ अलग-अलग जोनों से आए प्रतिभागियों ने सात अलग-अलग श्रेणियों में विज्ञान मॉडल और प्रदर्श प्रस्तुत किए जायेंगे। इस आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य शैक्षणिक प्रशिक्षण परिषद और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, मेले में शिक्षा के महत्व और लक्ष्य-निर्धारण पर भी जोर दिया जायेगा, ताकि छात्र अपनी पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। संयुक्त संचालक शिक्षा ने बताया कि इस प्रदर्शनी का लाभ स्थानीय विद्यालयों के माध्यमिक स्तर के विद्यार्थी भी ले सकेंगे। पूरे कार्यक्रम में सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय सुभाषनगर के व्यवस्थापक करताराम गुप्ता, सुभाष अग्रवाल, राजू जैन एवं प्राचार्या श्रद्धा मिश्रा के साथ सरस्वती उ० मा० विद्यालय सुभाष नगर के प्राचार्य संदीप साहू का उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर एलुमिना प्लांट हादसे में 4 मृत लोगों के आश्रितों को 15-15 लाख रूपए की मुआवजा राशि प्रदत्त
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश के परिपालन में सरगुजा जिले के मां कुदरगढ़ी एलुमिना प्लांट में गत रविवार को हुए औद्योगिक हादसे की जिला प्रशासन द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने इस हादसे में मृत 4 लोगों के आश्रितों को 15-15 लाख रूपए की मुआवजा राशि का चेक भी प्रदान कर दिया गया है।
गौरतलब है कि सरगुजा जिले के जनपद पंचायत लुण्ड्रा के ग्राम सिलसिला में संचालित मां कुदरगढ़ी एलुमिना प्लांट में 8 सितम्बर की सुबह औद्योगिक हादसे में 4 लोगों की मृत्यु हो गई थी। मुख्यमंत्री ने इस घटना को संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को घटना की त्वरित जांच और मृतकों को मुआवजा राशि देने आदेश दिए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन की टीम ने उक्त औद्योगिक हादसे में मृत करणवीर मांझी के पिता कारू मांझी, मृत रामेश्वर मांझी की पत्नी श्रीमती सुनैना देवी, मृत प्रिंस राजपूत के पिता धनराज सिंह राजपूत और मृतक मनोज सिंह राजपूत की पत्नी श्रीमती सोनम राजपूत को 15-15 लाख रुपए का चेक उनके गृह ग्राम जाकर प्रदान किया गया।
पहाड़ी कोरवा महिलाएं सुना रही महतारी वंदन की कहानी
हर महीने विष्णु भैया भेजते हैं रुपए
रायपुर : सरगुजा जिले के पहाड़ी कोरवा बाहुल्य ग्राम रामनगर की श्रीमती संगीता पहाड़ी कोरवा कहती हैं कि हमारे मुख्यमंत्री श्री विष्णु भईया हर महीने एक हजार रूपये हमारे बैंक खाते में भेजते हैं। महतारी वंदन योजना के तहत मिले पैसों से काफी मदद हो जाती है। इन रुपयों को घर के छोटे-मोटे खर्चे, बच्चों के पढ़ाई-लिखाई के समान खरीदने में खर्च करते हैं।
इसी तरह ग्राम रामनगर (बरपारा) निवासी श्रीमती गुलाबी भी महतारी वंदन योजना की हितग्राही हैं। वे कहती हैं कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर महीना एक हजार रुपए की राशि सीधे खाते में मिल जाती हैं। इस पैसे से घरेलू खर्चे में काफी मदद हो जाती है और हाथ में पैसा हो तो आत्मविश्वास रहता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 2 सितंबर को महतारी वंदन योजना के सातवीं किस्त की राशि के रूप में 01-01 हजार रुपए डीबीटी के माध्यम से महिलाओं के खाते में अंतरित किये। सरगुजा जिले में 7वीं किश्त में जिले की 2 लाख 32 हजार 840 महिलाओं के खाते में 21 करोड़ 48 लाख रुपए अंतरित किए गए हैं। प्रदेश में महिलाओ के आर्थिक स्वावलंबन तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर मे सतत सुधार तथा परिवार मे उनकी निर्णायक भूमिका सुदृढ़ करने हेतु महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “महतारी वंदन योजना” लागू किए जाने का निर्णय लिया गया। जिसके अंतर्गत राज्य की विवाहित, विधवा परित्यक्ता और तलाकशुदा जिनकी उम्र 21 वर्ष से अधिक हो ऐसी महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बटन दबाकर प्रथम किश्त की राशि जारी की थी। योजना के तहत पहले चरण में राज्य के करीब 70 लाख से अधिक महिलाओं को लाभार्थी के तौर पर चुना गया है, जिनके बैंक खाते में योजना की 7वीं किश्त ट्रांसफर कर दी गई हैं।
स्थानीय निकायों के निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावली तैयार करने कार्यक्रम जारी
अम्बिकापुर । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका के आम/उप निर्वाचन 2024 एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने एवं पुनरीक्षण कराये जाने कार्यक्रम जारी किया गया है। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु गुरुवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण सह बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक ने अधिकारियों को नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन दिसम्बर 2024-जनवरी 2025 सम्पन्न कराये जाने हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार किये जाने के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। उन्होंने मतदाता सूची शुद्ध एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। 01 जनवरी 2024 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले का नाम मतदाता सूची में आवश्यक रूप से होना चाहिए। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार करने तथा निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य समय-सीमा में करने के निर्देश दिए। इस दौरान पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव के वैधानिक प्रावधान, अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति, कर्तव्य एवं उसके प्रशिक्षण, निर्वाचन नामावली तैयार करने हेतु प्रक्रिया तथा प्रारंभिक निर्वाचक नामावली का प्रकाशन एवं मुद्रण, दावा आपत्ति प्राप्ति एवं निराकरण, प्रारंभिक निर्वाचक नामावली में आवश्यक संशोधन एवं सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि के सबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने सभी को मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन कराए जाने निर्देशित किया।
निर्वाचक नामावली तैयार करने सम्बन्धी कार्यक्रम-
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका आम/उप निर्वाचन 2024 हेतु निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम निम्नानुसार रहेगा। जिसे 2 चरणों में पूरा किया जायेगा। जिसमें प्रथम चरण में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति एवं प्रारंभिक प्रारूप निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु कर्मचारियों का चयन एवं नियुक्ति बुधवार 18 सितम्बर 2024 तक, निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/प्राधिकृत कर्मचारियों का प्रशिक्षण एवं भारत निर्वाचन आयोग की 01 जनवरी 2024 की स्थिति में तैयार अद्यतन विधानसभा की निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त करना शुक्रवार 20 सितम्बर 2024 तक, विधानसभा की निर्वाचक नामावली स्थानीय निकाय वार पृथक कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराना शनिवार 21 सितम्बर 2024 तक, प्रचलित परिसीमन के आधार पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्वाचक नामावली को पंचायतवार एवं भागवार मार्किंग करना, शुक्रवार 27 सितम्बर 2024 तक निर्धारित किया गया है।
इसी तरह वार्डवार एवं भागवार चिन्हित निर्वाचकों को सॉफ्टवेयर के माध्यम से दर्शित वार्ड के संबंधित भाग के अनुभाग में शिफ्ट किया जाना मंगलवार 01 अक्टूबर 2024 तक, निर्वाचक नामावली की चेकलिस्ट (पीडीएफ) तैयार करना शुक्रवार 04 अक्टूबर 2024 तक, चेकलिस्ट (पीडीएफ) की जांच कराना, त्रुटि सुधार कराना सोमवार 07 अक्टूबर 2024 तक, चेकलिस्ट संशोधन पश्चात् प्रारूप निर्वाचक नामावली मुद्रण हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रदाय करना गुरुवार 10 अक्टूबर 2024 तक तथा जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचक नामावली का मुद्रण कराना एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराना सोमवार 14 अक्टूबर 2024 तक निर्धारित किया गया है।
वजन त्यौहार : अपर कलेक्टर सुनील नायक ने ली बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अम्बिकापुर । राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर विलास भोसकर के मार्गदर्शन में जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में वजन त्यौहार 12 सितम्बर से 23 सितम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। इसके संचालन के सम्बंध में गुरुवार को अपर कलेक्टर सुनील नायक ने जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में बैठक ली। अपर क्लेक्टर श्री नायक ने कहा कि शत-प्रतिशत बच्चों का वजन कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर उन्हें सुपोषण स्तर में लाने के लिए हर संभव प्रयास करें। केन्द्रों के अलावा विभिन्न जगहों पर भी टीम द्वारा बच्चों का वजन मापने की कार्यवाही की जाए, ताकि कोई भी बच्चे ना छूटे। त्रुटिरहित वजन त्यौहार के आयोजन के लिए अपने दायित्वों का गंभीरता पूर्ण ढंग से निर्वहन करें। बच्चे का वजन, ऊंचाई के मापन पश्चात ऑनलाईन एन्ट्री किया जाए, किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अधिकारियों से सम्पर्क करें। बैठक में उन्होंने पोषण माह के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जेआर प्रधान सहित समस्त सीडीपीओ और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
सीतापुर में अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्करों का गिरोह सक्रिय, बिना अनुमति कर रहे कटाई
सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में इन दिनों अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्करों का एक संगठित गिरोह सक्रिय हो गया है, जो प्रशासनिक नियमों का फायदा उठाते हुए अवैध रूप से लकड़ी की कटाई और तस्करी कर रहा है। इन तस्करों ने ग्रामीणों से मिलीभगत कर बिना अनुमति के निजी भूमि पर पेड़ों की कटाई शुरू कर दी है और इन पेड़ों को चोरी-छिपे अन्य राज्यों में भेजकर मोटी रकम कमा रहे हैं।
नियमों के सरलीकरण का हो रहा दुरुपयोग
पूर्ववर्ती सरकार द्वारा निजी भूमि पर पेड़ों की कटाई के लिए नियमों में किए गए सरलीकरण का तस्कर गलत फायदा उठा रहे हैं। नियमों के अनुसार, भूमि मालिक को पेड़ काटने के लिए एसडीएम से अनुमति लेनी होती है, लेकिन तस्कर ग्रामीणों से सांठगांठ कर बिना अनुमति के ही पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। कई बार एक अनुमति लेकर उसका दुरुपयोग कर कई स्थानों पर पेड़ों की अवैध कटाई की जाती है। कटाई के बाद लकड़ी को दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में तस्करी कर दिया जाता है, जिससे तस्करों को भारी मुनाफा होता है।
वन विभाग की सुस्ती से बढ़ रहा तस्करों का हौसला
अवैध तस्करी के खिलाफ कार्यवाही को लेकर वन विभाग ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही अवैध लकड़ी से भरी गाड़ी की सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला बताकर कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस सुस्ती के कारण तस्करों का नेटवर्क दिनों-दिन मजबूत हो रहा है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की चुनौती बनता जा रहा है।
प्रशासन की सख्ती, वाहन जब्त
अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी पर रोक लगाने के लिए एसडीएम रवि राही ने सख्ती दिखाई है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए, जिसके बाद एक वाहन (UP 70 JT 7361) को भारी मात्रा में अवैध लकड़ी के साथ जब्त किया गया। यह वाहन उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। इस कार्रवाई से तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है, लेकिन गिरोह की गतिविधियां अभी भी क्षेत्र में जारी हैं।
टकराव और बढ़ती तस्करी से क्षेत्र को खतरा
लकड़ी तस्करों के बीच आपसी टकराव की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है। प्रशासन की ओर से यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो यह गिरोह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। क्षेत्र में तस्करों की बढ़ती गतिविधियों से पर्यावरण और स्थानीय सुरक्षा पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं।
जिला स्तरीय पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना समिति की बैठक
अम्बिकापुर। जिला स्तरीय पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना समिति की बैठक जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में कलेक्टर विलास भोसकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें समिति के सदस्य, एसईसीएल के अधिकारी सहित ग्राम परसोढ़ीकला के ग्रामवासी उपस्थित थे।
बैठक में ग्राम परसोढ़ीकला की अधिग्रहित निजी भूमि से संबंधित भूमिस्वामियों एवं आश्रितों को कोल इंडिया पुनर्वास नीति 2012 के प्रावधानों के तहत रोजगार प्रदान करने हेतु पुनर्विचार नीति के तहत रोजगार हेतु विकल्प के चयन करने चर्चा की गई।
इस दौरान कलेक्टर भोसकर ने कहा कि ग्रामीणों के हित का पूरा ध्यान रखें, उनको भूमि के बदले उनका अधिकार अवश्य मिले। मुआवजा वितरण के पश्चात जल्द से जल्द नौकरी देने की कार्यवाही की जाए। इस दौरान ग्रामीणों में रोजगार सम्बन्धी भ्रांतियों एवं सवालों के सम्बन्ध में पूछा गया। जिस पर उन्होंने एसईसीएल के अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान अमेरा ओपनकास्ट परियोजना हेतु ग्राम परसोढ़ीकला के अधिग्रहित भूमि से सम्बंधित जानकारी रखी गई। समिति एवं ग्रामीणों के समक्ष भूमि अधिग्रहण से प्रभावित व्यक्तियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं जैसे कुल अधिग्रहित निजी भूमि का रकबा, मुआवजा राशि, भुगतान की गई राशि,रोजगार के प्रावधान, वेतन सुविधा सहित विभिन्न सुविधाओं के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई।
शुक्रवार को जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक संपन्न हुई।
अम्बिकापुर । सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की उपस्थिति तथा कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला खनिज संस्थान न्यास की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी मौजूद रहे।
शासी परिषद की बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं सदस्य सचिव, जिला खनिज संस्थान न्यास नूतन कंवर ने वर्ष 2016-17 से वर्ष 2024-25 तक सेक्टरवार कार्यों की प्रगति की स्थिति की जानकारी दी जिसमें उच्च प्राथमिकता के क्षेत्र पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि तथा अन्य प्राथमिकता के क्षेत्र अंतर्गत स्वीकृत, पूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की जानकारी शामिल रही।
बैठक में शासन के निर्देश एवं समस्त शासी परिषद के सदस्यों की सहमति से अप्रारंभ कार्यों को निरस्त किया गया।शासी परिषद की बैठक में सांसद सहित समस्त विधायकों द्वारा जिले के विकास हेतु सुझाव भी साझा किए गए जिसमें मैनपाट क्षेत्र में खनिज खनन और परिवहन रूट को आमजन के आवागमन से भिन्न रखा जाए जिससे लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो। क्रशर संचालन क्षेत्र में भी आमजन के आवागमन की सुविधा को दुरुस्त लिया जाए। मैनपाट क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने सामुदायिक वन संसाधन पट्टे की भूमि पर फलदार वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के सुझाव दिए गए।
बैठक में वर्ष 2024-25 की कार्ययोजना के मद्देनजर स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास सहित भौतिक अधोसंरचना और सिंचाई सुविधा से जुड़े कार्यों को प्रस्तुत किया गया जिसमें शासकीय जिला ई-लाइब्रेरी को छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की सुविधा हेतु रीडिंग हॉल के रूप में विकसित करने और जिले में बच्चों और गर्भवती और शिशुवती माताओं के पोषण हेतु अतिरिक्त आहार, भवन विहीन आंगनबाड़ी हेतु भवन निर्माण स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, सहित सड़क, विद्युत, पानी संबंधित जनोपयोगी आवश्यक अधोसंरचना कार्य शामिल रहे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 की ऑडिट रिपोर्ट सहित वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 की वार्षिक प्रतिवेदन को अनुमोदन हेतु रखा गया।
स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह का अंतिम रिहर्सल, कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण
अम्बिकापुर । 78वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का गरिमामय आयोजन पुलिस ग्राउंड अंबिकापुर में किया जा रहा है जहां तैयारियां जारी हैं। यहां मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति व अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।
मंगलवार को तैयारियों का अंतिम रिहर्सल कलेक्टर विलास भोसकर एवं पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल की मौजूदगी में किया गया। मुख्य अतिथि की भूमिका में अपर कलेक्टर सुनील नायक रहे।
अंतिम रिहर्सल में मुख्य समारोह के अनुरूप मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का अभ्यास किया गया, तथा स्कूली बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास किया गया। कलेक्टर भोसकर ने अधिकारियों को मुख्य मंच की साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम को दुरुस्त रखने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्व सुनिश्चित करने सहित स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी बेहतर तैयारी कराने के निर्देश सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारियों को दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह, अपर कलेक्टर एएल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सिंह राजपूत, एसडीएम अंबिकापुर फागेश सिन्हा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अंबिकापुर : कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ दिलाने शिविर का किया जा रहा आयोजन
महतारी वंदन योजना अंतर्गत फार्म भरने आंगनबाड़ी केन्द्र, वार्ड कार्यालयों में उत्साह के साथ बड़ी संख्या में पहुंच रहीं
अंबिकापुर 12 फरवरी 2024
महतारी वंदन योजना का लाभ लेने जिले की महिलाओं में उत्साह है, योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करने पहुंच रहीं महिलाओं के चेहरे पर सुकून भरी मुस्कान है। गांव-शहर में घर-घर से महिलाएं आंगनबाड़ी केंद्रों, वार्ड कार्यालयों में जाकर ऑनलाइन फार्म भरने में जुटी हैं, इतना ही नहीं महिलाएं स्वयं अपने सगे-सम्बन्धियों, आस-पड़ोस की महिलाओं को भी योजना का लाभ लेने जागरूक कर रहीं हैं।
कलेक्टर श्री विलास भोस्कर के मार्गदर्शन में जिले में महतारी वंदन योजना के फार्म भरवाने के लिए निरंतर शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिले की महिलाओं द्वारा इस योजना का लाभ लेने के लिए गत रविवार तक की स्थिति में 1 लाख 73 हजार 630 आवेदन जमा किए गए हैं।
महतारी वंदन योजना का फार्म भरने आयी महिलाओं ने प्रधनमंत्री और मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद-
जिला प्रशासन द्वारा महतारी जतन योजना का लाभ दिलाने लगाए गए शिविर में पहुंची वार्ड क्रमांक 27 भगत सिंह वार्ड की संगीता वर्मा बताती हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने यह योजना शुरू करके हम महिलाओं को आर्थिक संबल दिया है। फॉर्म भरने के लिए शिविर भी लगाया गया है, अधिकारी-जनप्रतिधि और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का पूरा साथ मिल रहा है।
वहीं महतारी वंदन योजना का फार्म भरने आंगनबाड़ी कार्यालय में पहुंची ग्राम डिगमा की नरमनी बताती हैं कि आज वह बहुत खुश हैं और इसका कारण है कि अब उन्हें योजना से प्रतिमाह एक हजार रुपए की राशि मिलेगी। वे कहती हैं प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी गारन्टी पूरी की है। इस राशि से उन्हें घर खर्च में सुविधा मिलेगी। वहीं एक अन्य आवेदिका ने बताया कि कुछ वर्ष पहले दुर्घटना में उनके पति का आकस्मिक निधन हो गया, दो बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनके ऊपर है। जैसे-तैसे अब काम करके उनका जीवन चल रहा है, अब प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी से हमें हर माह 1000 रुपए मिलने से सहूलियत होगी।
योजना का लाभ लेने की पात्रता-
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में आर्थिक स्वावलंबन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार, परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरूआत की गई है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। योजनांतर्गत आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2024 है और पात्र महिला हितग्राही को राशि का अंतरण 8 मार्च 2024 को किया जाएगा। महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए विभाग द्वारा ूूण्उींजंतपअंदकंदण्बहेजंजमण्हवअण्पद और मोबाइल ऐप जारी किया गया है, इस लिंक और एप्प पर महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए किसी भी तरीके का शुल्क नहीं देना है। इसके अलावा महिलाएं अपने इलाके के आगंनबाड़ी केन्द्र, ग्राम पंचायत सचिव, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) और वार्ड प्रभारी से संपर्क कर उनके लॉगिन यूजर आईडी से आवेदन कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देशानुसार सरगुजा जिला प्रशासन ने की कार्यवाही
हादसे से परिवारों को कंपनी देगी 15-15 लाख रुपए
घायल को मिलेगा 3 लाख रूपए
प्रशासन की अनुमति के बिना प्लांट का नहीं हो सकेगा पुनः संचालन
रायपुर : सरगुजा जिले के एलुमिना प्लांट में हुए औद्योगिक हादसे में पीड़ित परिवारों को कंपनी द्वारा 15-15 लाख रूपए की मुआवजा दी जाएगी। इसी प्रकार घायलों को 3-3 लाख रूपए की राशि मिलेगी।
गौेरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा गत रविवार को एलुमिना प्लांट में हुए औद्योगिक हादसे में पीड़ित परिवारों के साथ गहरी संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। कलेक्टर सरगुजा द्वारा एलुमिना प्लांट हादसे की जांच के लिए जांच दल का गठन कर दिया गया है। कलेक्टर ने आज जांच दल के साथ एलुमिना प्लांट का निरीक्षण किया और कंपनी के अधिकारियों को हादसे में मृत और घायल परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि सौंपने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि इस औद्योगिक हादसे में प्रत्येक मृतक परिवार को 15-15 लाख रुपए और घायलों को 3-3 लाख रूपए की मुआवजा राशि कंपनी द्वारा दी जाएगी। कंपनी के अधिकारी 12 सितम्बर को प्रशासनिक टीम परिजनों को यह राशि सौंपेगी। उन्होंने बताया कि जांच दल द्वारा एलुमिना प्लांट में सुरक्षा मानकों के पालन हेतु कड़ाई से जांच की जा रही है। बिना प्रशासन की अनुमति के प्लांट का पुनः संचालन शुरू नहीं किया जायेगा।
छुई खदान में 2 ग्रामीणों की मौत
सरगुजा। एक छुई मिट्टी की खदान धंसने से 2 ग्रामीणों की मौत हो गई। दोनों मिट्टी निकालने के लिए खदान में उतरे थे, तभी अचानक धंस गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार ये पूरा मामला कुन्नी चौकी के जमदरा बिजोरा नाला के पास है।
यहां छुई मिट्टी का एक खदान है। दोनों ग्रामीण त्योहारी सीजन के मद्देनजर छुई निकालने के लिए खदान में उतरे थे। सुबह 6 बजे के आसपास अचानक मलबा धंस गया। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कुन्नी चौकी पुलिस ने दोनों के शव को बाहर निकाला। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के भेज पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
निवेश पर बेहतर लाभांश का लालच देकर 5 करोड़ की ठगी
अंबिकापुर। निवेश पर बेहतर लाभांश का लालच देकर कथित कंपनी है जेक्स फंड जिसने बाद में नाम बदलकर लुकोस इंटरनेशनल और उसके बाद फ्रिक मार्केट कर दिया गया था जिसके द्वारा पांच करोड़ रुपये की ठगी कर लिए जाने का आरोप निवेशकों ने लगाया है। मामले में सरगुजा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कंपनी द्वारा देश भर में कई हजार करोड़ की ठगी का आरोप है। कई राज्यों में आपराधिक प्रकरण भी पंजीकृत किया गया है।
सोमवार को सरगुजा व जशपुर जिले के निवेशकों ने पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल से मुलाकात की। निवेशकों ने बताया कि निवेश पर 10 प्रतिशत का लाभांश प्रतिमाह देने का वादा किया गया था।
पहले जिस कंपनी के नाम पर निवेश कराया गया था,बाद में उस कंपनी का नाम बदल दिया गया। कंपनी से जुड़े अधिकारियों ने भारत सरकार से मान्यता प्राप्त वित्तीय संस्थान होने का दावा भी किया था। देश भर में इसका करोबार था। आश्वासन दिया गया था कि किसी प्रकार कोई हेरा-फेरी नहीं होगा। बिना किसी शंका के राशि जमा कर सकते है। सरगुजा पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। निवेशकों ने पांच करोड़ की ठगी की बात कही है। दस्तावेजों की जांच में स्थिति स्पष्ट होगी। कितना निवेशकों ने जमा किया है कितनी राशि उन्हें वापस मिली है,इसकी जांच में ही वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा।जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार मोदी जी नहीं अदाणी चला रहे हैं: राहुल गांधी
अंबिकापुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता राहुल गांधी पहुंचे अंबिकापुर से लगे ग्राम कतकालो के मिनी स्टेडियम में मंगलवार को आम सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपका और मेरा रिश्ता तीन माह का नहीं है हमेशा का है मैं जो कहता हूं करता हूं।
जमीन के अंदर मिला शव
सरगुजा । जिले के सीतापुर के बेलजोरा निवासी राजमिस्त्री संदीप लकड़ा का शव बरामद हुआ है. जल जीवन मिशन योजना के तहत मैनपाट के लुरैना में बनाए जा रहे फाउंडेशन के नीचे संदीप का शव मिला है.इस मामले में पुलिस ने ठेकेदार समेत 6 आरोपियों को नामजद किया है.जिसमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. बेलजोरा के रहने वाले संदीप लकड़ा 7 जून से लापता था।
जिसकी शिकायत थाने में पत्नी परिजनों के साथ दर्ज कराने गई थी.लेकिन पुलिस ने टालमटोल करते हुए मामला दर्ज नहीं किया था। इसके बाद परिजनों ने आदिवासी समाज के साथ थाने का देर रात तक घेराव किया था.इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई थी। इस पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। जिसका आरोप परिजनों और पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने लगाए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर रामकुमार टोप्पो भी पहुंचे।
बीजेपी विधायक से जब पूछा गया कि पीड़ित परिवार जब मदद मांगने आया था तो आपने उनकी बात नहीं सुनी. मीडिया के सवाल पर बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि '' मैंने कभी भी मिलने आए लोगों को बिना मदद के नहीं भेजा. मेरे ऊपर जो भी आरोप है वो बिल्कुल गलत है ।
राजनीति से प्रेरित होकर आरोप लगाया जा रहा है। आपको बता दें कि इस पूरी घटना की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी फरार हैं. सरगुजा पुलिस की साइबर सेल ने इस पूरे मामले को लेकर मृतक के मोबाइल की जांच की तो पाया कि मोबाइल का लोकेशन मुम्बई है. जिसमें पुलिस को भी खोजने में परेशानी हो रही थी. लेकिन निर्माण में काम करवा रहे चार लोगों से कड़ी पूछताछ के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ है ।