छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
बिलाईगढ़ TI की त्वरित कार्रवाई, स्कूल में चोरी करने वाले दो चोर गिरफ्तार
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ थाना में हाल ही में पदस्थ नये थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने अपने पदभार ग्रहण करते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है। 23 अगस्त को बेलटिकरी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने जानकारी दी कि चोरी की घटना के बाद सबसे पहले संदेह के आधार पर कीर्तन पटेल को हिरासत में लिया गया और सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान कीर्तन पटेल ने स्कूल में घुसकर चोरी करने की बात कबूल की। उसने चोरी किए गए सामानों में से एक LED टीवी को गोरबा निवासी कुंजराम को बेचने और बाकी सामानों को अपने पास रखने की जानकारी दी।
प्रमोद यादव की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर कुंजराम से LED टीवी बरामद किया और अन्य चोरी के सामानों को भी जब्त किया, जिनमें एक्टिवा स्कूटी, इन्वर्टर सेट, जिओ नेट सेट, CCTV कैमरे सहित अन्य सामान शामिल हैं।
मामले में तेजी से कार्रवाई
पुलिस ने चोरी के दौरान उपयोग की गई स्कूटी और बाकी सामानों को जब्त कर थाना लाया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
प्रमोद यादव की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष और विश्वास बढ़ा है, और यह घटना बिलाईगढ़ में अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने किया स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण
अनुपस्थित शिक्षकों को दिया गया कारण बताओ
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिला शिक्षा अधिकारी डा. वर्षा बंसल ने सारंगढ़ विकासखंड के मल्दा ब और बरमकेला विकासखंड के अंतर्गत बेंगची का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने मल्दा ब में औचक निरीक्षण किया जहां प्राथमिक, माध्यमिक और हाईस्कूल के सभी शिक्षक समयानुसार उपस्थित मिले। डीईओ वर्षा ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ सफाई, शौचालय का नियमित उपयोग के संबंध मे दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय कक्षों का निरीक्षण करते हुए बच्चों से पठन पाठन संबधित गतिविधियों से भी रूबरू हुए। उन्होंने संकुल प्राचार्य और शिक्षकों का मनोबल बढ़ाते हुए बेहतर करने को प्रेरित किया। डीईओ ने छः अगस्त को होने वाली शिक्षक पालक बैठक की तैयारियों के संबंध भी जानकारी लेते हुए कार्यक्रम आयोजन के संदर्भ मे निर्देश दिए। इसी प्रकार बरमकेला विकासखंड के अंतर्गत बेंगची विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दरम्यान हाईस्कूल से एस पी सिदार, एल पी पटेल तथा माध्यमिक शाला बेंगची से युधिष्ठिर नायक अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है, वही कुछ शिक्षक निरीक्षण के दौरान विद्यालय पंहुचे। डीईओ वर्षा बंसल ने सभी शिक्षकों को शालेय समय पर विद्यालय पहुंचने के लिए निर्देशित किए।
भुगतान के बदले पैसे मांग रहे बैंक कर्मचारी, शिकायत लेकर थाने पहुंचे किसान...
बिलाईगढ़ । सैकड़ो किसान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर शाखा भटगांव के कर्मचारियों पर पैसे लेन-देन कर किसानों को पैसा देने के आरोप में मौखिक शिकायत करने का मामला सामने आया हैं जहाँ किसानों ने उन्हें पैसा दिलाने की मांग की है।
दरसल किसानों द्वारा आरोप हैं कि जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक शाखा भटगांव के कर्मचारीयों द्वारा किसानों से पैसा मांग की जाती है। पैसा नहीं देने पर पैसा खत्म हो जाने का हवाला देकर उन्हें खदेड़ दिया जाता हैं। कई किसान कई दिनों से इस बैंक के चक्कर काट रहें हैं बावजूद उन्हें पैसा नहीं दिया जा रहा, हर बार बहाने बनाकर घर वापस भेजा जा रहा है। किसानों ने और आगे आरोप लगाया कि कर्मचारी किसानों को पैसा देने के बाजाय कमीशन पर व्यापारी को ही अधिकतर पैसा दे रहें हैं। किसानों को पैसा नहीं मिल रहा है। कई किसानों के एटीएम बन्द कर दिये गये है, समय पर उन्हें पैसा नहीं मिल रहा है। बैंक के अंदर अधिकारियों की मिलीभगत से बाहरी व्यक्ति को भी काम पर रखा गया है जो कमीशन के खेल खेलता हैं।
वही दूसरी ओर सहायक लेखापाल खिलेश्वर साहू ने किसानों की शिकायत को मनगढंत और झूठा करार दे दिया और मीडिया को बताया कि बैंक में लिमिट पैसा आने के वजह से सभी किसानों को पैसा नहीं मिल पा रहा है इसलिए किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हैं। उन्होंने और आगे बताया कि बैंक में कर्मचारी कम है जिनके वजह से भी परेशानीयों का सामना करना पड़ रहा हैं।
बहरहाल ऐसे में अब देखना होगा कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन और सम्बन्धित विभाग के उच्चाधिकारी क्या कदम उठाता।
महिलाओं को अपराधों के प्रति जागरूक करने बिलाईगढ़ पुलिस ने लगाया चलित थाना
बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महिलाओं को अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा चलित थाना का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पुष्कर शर्मा के निर्देशन में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 2 अक्टूबर को ग्राम ठाकुरदिया में चलित थाना लगाया गया, जिसमें महिलाओं को अपराधों के खिलाफ बने कानूनों की जानकारी दी गई।
इस विशेष कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और महिला उत्पीड़न से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड से बचने, नशामुक्ति, और यातायात नियमों के पालन के महत्व पर भी चर्चा की गई।
चलित थाना में उपस्थित अधिकारी एवं लोग
इस कार्यक्रम में एएसआई विमला मनहर, अंजान सिंह, और आरक्षक प्रत्येंद्र अनिल सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे। चलित थाने का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में महिलाओं तक कानून की जानकारी पहुंचाना और उन्हें सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें और किसी भी प्रकार के अपराध का सामना करते समय उचित कदम उठा सकें।
बिलाईगढ़ पुलिस का यह प्रयास महिला सुरक्षा और समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नवरात्री-दशहरा के दौरान शांति-सुरक्षा व्यवस्था के लिए बिलाईगढ़ एसडीओपी ने ली बैठक
बिलाईगढ़। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर थाना बिलाईगढ़ परिसर में आज शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा के निर्देशानुसार की गई। बैठक का उद्देश्य पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान एसडीओपी विजय ठाकुर ने सभी दुर्गा समिति के सदस्यों को शासन के निर्देशों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पंडालों के आसपास बिजली के खुले तार न हों और रात्रि के समय पंडाल खाली न छोड़ा जाए। सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक दुर्गा पंडाल में पुलिस मित्र के रूप में वॉलेंटियर्स नियुक्त करने पर सहमति बनी।
डीजे संचालन पर सख्त निर्देश
डीजे साउंड सिस्टम के उपयोग पर सख्त निगरानी रखने और फूहड़ एवं आपत्तिजनक संगीत से बचने की हिदायत दी गई। थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने जानकारी दी कि पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
सभी दुर्गा आयोजन समितियों को प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर त्योहार के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने की अपील की गई।
इस बैठक में एसडीओपी विजय ठाकुर, थाना प्रभारी प्रमोद यादव, नायक तहसीलदार देवराज सिदार, स्थानीय पत्रकार, दुर्गा आयोजन समिति के सदस्य, डीजे संचालक और अन्य ग्रामीणजन उपस्थित थे।