छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
बरमकेला क्षेत्र में 120 क्विंटल अवैध धान जब्त
माधोपाली में दो व्यापारियों पर कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 नवम्बर 2025

सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशन में जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बरमकेला क्षेत्र के बिरनीपाली चेक पोस्ट पर संयुक्त जांच दल द्वारा 120.80 क्विंटल धान से भरा वाहन पकड़ा गया। धान के अवैध परिवहन के मामले में मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त धान को डोंगरीपाली थाना में सुपुर्द किया गया है।
वहीं, सारंगढ़ मंडी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान जांच दल ने माधोपाली स्थित शंकर ट्रेडर्स के गोदाम से 200 बोरी (80 क्विंटल) तथा तारा ट्रेडर्स, केदार के दुकान परिसर से 169 बोरी (67.60 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया। मंडी अधिनियम के तहत दोनों व्यापारियों पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा अवैध धान परिवहन व भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पेंटर शिवकुमार निराला ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को भेंट किया विशिष्ट ‘राजनीतिक मानचित्र’
मुख्यमंत्री ने की सराहना, रचनात्मक प्रतिभा का किया सम्मान
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के ग्राम चकरदा निवासी पेंटर श्री शिवकुमार निराला ने अनूठा ‘राजनीतिक मानचित्र’ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को भेंट किया। उनकी इस अद्वितीय कला प्रस्तुति ने कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बढ़ा दिया।
श्री निराला द्वारा तैयार यह सचित्र मानचित्र छत्तीसगढ़ की सम्पूर्ण राजनीतिक यात्रा का विस्तृत और कलात्मक दस्तावेज है। इसमें राज्य के लोकसभा एवं विधानसभा सदस्यों, मंत्रिमंडल की रूपरेखा, संसदीय क्षेत्रवार विवरण तथा वर्ष 1998 से अब तक हुए सभी लोकसभा और विधानसभा चुनावों का तुलनात्मक विश्लेषण सुव्यवस्थित रूप से दर्शाया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जीत के अंतर, राजनीतिक दलवार जनप्रतिनिधियों का क्रम तथा सीटों के ऐतिहासिक बदलाव को भी कलात्मक शैली में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस रचनात्मक मानचित्र की सराहना करते हुए कहा कि “श्री शिवकुमार निराला ने आंकड़ों और तथ्यों को इतनी सहज, सुंदर और विश्लेषणात्मक शैली में प्रस्तुत किया है कि यह कला-कृति राजनीति के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों—सभी के लिए उपयोगी दस्तावेज बन जाती है।” मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा को सम्मानित करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।
बरपाली में आबकारी विभाग की कार्रवाई
14 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 05 नवम्बर 2025
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में में आज सरिया क्षेत्र के ग्राम बरपाली में आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरिया आबकारी उपनिरीक्षक श्री लोकनाथ साहू के नेतृत्व में छापामार कर आरोपी डिग्री चौहान पिता भुजबल चौहान, निवासी बरपाली के मकान से कुल 14 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्री लोकनाथ साहू (सरिया), श्री रामेश्वर राठिया (बरमकेला), श्री हबील खलखो (बिलाईगढ़), मुख्य आरक्षक उमेश तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की विशेष भूमिका रही।
आबकारी विभाग द्वारा यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण के लिए की गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में आगे भी इस प्रकार की सघन जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।
बरमकेला ब्लॉक के सभी छात्रावास में किया गया स्वास्थ्य चेकअप
डॉक्टरों ने छात्रावासों के सभी छात्र-छात्राओं को दिया स्वास्थ्य सुझाव
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे के निर्देश पर गुरुनानक जयंती के दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला के सभी स्वास्थ्य संयोजक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने ब्लॉक के सभी बालक एवं बालिका हॉस्टल में पहुंच कर स्वास्थ्य परीक्षण और हीमोग्लोबिन का परीक्षण किया गया।
नवंबर माह में सर्दी की शुरआत हो जाता है, जिसके कारण मौसमी बीमारियों सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी आदि की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क होकर गहन जांच किया गया। इसी कड़ी में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश पाणिग्राही के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बरमकेला, सरिया, लेन्धरा, डोंगरीपाली, बिरनीपाली,बोंन्दा, झनकपुर, बड़े नावापारा, झाल सहित बालक एवं कन्या छात्रावासों के सभी छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बच्चों के लक्षणों के आधार पर तुरंत दवा वितरण भी किया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि नवंबर का महीना शुरू होते ही मौसम में तेजी से बदलाव होने लगता है, तापमान गिरने और उसके हिसाब से अपने को नहीं ढालने की वजह से लोग मौसमी बीमारी की चपेट में आने लगते है। इस कारण मौसम में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। इसलिए सभी बच्चों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, गर्म और ताजा भोजन करने तथा पीने के पानी को छानकर या उबालकर सेवन करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में सराहना का विषय बनी हुई है। विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह की सावधानी बरतने और जागरूकता फैलाने की अपील की है, जिससे मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सके।
सरिया क्षेत्र के बरपाली में 14 लीटर अवैध शराब पकड़ाया, आरोपी को भेजा गया जेल
सारंगढ़ बिलाईगढ़। आबकारी आयुक्त आर संगीता के निर्देशानुसार और कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे तथा जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में 5 नवंबर 2025 को आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सरिया आबकारी उपनिरीक्षक लोकनाथ साहू के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर ग्राम पंचायत बरपाली में छापा मार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान डिग्री चौहान पिता भुजबल चौहान, उम्र 44 वर्ष, निवासी बरपाली के मकान से सात हरे रंग की प्लास्टिक बोतलों में रखी गई कुल 14 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस अभियान में उपनिरीक्षक सरिया लोकनाथ साहू, उपनिरीक्षक बरमकेला रामेश्वर राठिया, उपनिरीक्षक बिलाईगढ़ हबील खलखो, मुख्य आरक्षक उमेश, तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की विशेष भूमिका रही।
आबकारी विभाग की यह कार्रवाई अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण के लिए की गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में आगे भी इस प्रकार की सघन जांच जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
सरकारी चेक डैम को तोड़ने का मामला: ग्रामीणों ने की शिकायत, SDO ने जांच के दिए निर्देश
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मल्दी में बने शासकीय चेक डैम को ड्रिल मशीन से तोड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) बिलाईगढ़ को शिकायत पत्र सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग डैम को क्षतिग्रस्त करते हुए स्पष्ट नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मल्दी सरपंच के भाई शंकर लाल साहू ने झाडूराम केंवट के साथ मिलकर अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए मजदूर लगाकर चेक डैम को तोड़वाया है।
गांव में निस्तारी जल संकट का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में निस्तारी (पशु-पानी और घरेलू उपयोग) के लिए यही एकमात्र मुख्य डैम है। डैम टूटने से गर्मी के मौसम में जलसंकट गहराने का खतरा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्रवाई न सिर्फ गांव के हितों के विपरीत है, बल्कि इससे शासन को आर्थिक क्षति भी पहुंचाई गई है।
एसडीओ ने दिए जांच के निर्देश
शिकायत के बाद अनुविभागीय अधिकारी प्रफुल्ल रजक ने संबंधित सरपंच को तलब कर प्रारंभिक जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्या होगी कड़ी कार्रवाई या फिर खानापूर्ति?
ग्रामीण अब प्रशासन की कार्रवाई पर निगाहें टिकाए हुए हैं। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह सरकारी संपत्तियों को निजी स्वार्थ में क्षतिग्रस्त किया जाता रहा, तो आने वाले दिनों में गांव के विकास कार्यों पर भी विपरीत असर पड़ेगा।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन चेक डैम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करता है या मामला जांच के नाम पर कागजों में ही सिमटकर रह जाता है।
ASI कुर्रे की मजबूत विवेचना से मिला न्याय: बलात्कार के आरोपी को 20 साल की सजा
सारंगढ़ । कनकबीरा थाना क्षेत्र के एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को अदालत ने 20 वर्ष के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला एएसआई बी.पी. कुर्रे की मजबूत विवेचना और साक्ष्य-आधारित जांच का परिणाम माना जा रहा है, जिसने पीड़िता को न्याय दिलाया।
मामला पॉक्सो प्रकरण क्रमांक 12/2024 का है, जिसमें आरोपी भीमदास महंत (22 वर्ष), निवासी सालर ने 17 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। घटना के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई और सारंगढ़ अस्पताल में गर्भपात के दौरान मृत शिशु को जन्म दिया।
इस पर तत्कालीन थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे (वर्तमान में एएसआई, चौकी कनकबीरा) ने अपराध दर्ज कर मजबूत साक्ष्य सहित अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। डीएनए परीक्षण में मृत शिशु का पीड़िता और आरोपी से जैविक संबंध सिद्ध हुआ, जिससे मामला और पुख्ता हो गया।
अदालत का फैसला
28 अक्टूबर को अपर सत्र न्यायाधीश अमित राठौर, फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (पॉक्सो एक्ट), सारंगढ़ ने आरोपी को 20 वर्ष सश्रम कारावास एवं आर्थिक दंड से दंडित किया। साथ ही, अदालत ने पीड़िता की शारीरिक और मानसिक क्षति को देखते हुए राज्य शासन से प्रतिकर भुगतान की अनुशंसा की।
न्याय और कानून में विश्वास की जीत
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक प्रफुल्ल कुमार तिवारी ने प्रभावी पैरवी की। यह फैसला न सिर्फ पीड़िता के लिए न्याय की मिसाल है, बल्कि यह दर्शाता है कि सटीक जांच और सशक्त विवेचना से कोई भी अपराधी कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता। यह निर्णय बाल संरक्षण और यौन अपराधों के विरुद्ध राज्य शासन और न्यायपालिका की दृढ़ प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के सभी बिंदुओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने समय सीमा की बैठक में कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के महत्वपूर्ण बिंदुओं के क्रियान्वयन के लिए गहन समीक्षा किया गया। इसके साथ साथ एग्रीस्टेक पोर्टल में धान खरीदी हेतु किसानों के पंजीयन को मिशन मोड में पूर्ण करने के निर्देश दिए। डॉ संजय ने जिला स्तर पर 2 से 4 नवंबर तक आयोजित राज्योत्सव में सभी अधिकारियों को 25 वर्ष की उपलब्धियों का प्रदर्शन करने के दिए निर्देश दिए साथ ही अपने कार्यालयों में 1 से 5 नवंबर तक रोशनी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिले के सभी अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के महत्वपूर्ण बिंदुओं कार्यों और योजनाओ जैसे समर्थन मूल्य पर धान और मक्का की खरीदी की तैयारी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विभिन्न प्रकार के टीकाकरण, महिला एवं स्वास्थ्य बाल विकास अंतर्गत बच्चों, किशोरी एवं गर्भवती माता को सुपोषण आहार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग अंतर्गत आदि कर्म योगी, भारतीय जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (धरती आबा) पीएम जनजन अभियान, छात्रवृत्ति भोजन सहाय, पीएम अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री आवास,स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग अंतर्गत लोक सेवा गारंटी, ईसेवाएं, मोबाइल टावर्स की स्थिति खरीदी में पारदर्शिता हेतु जेम पोर्टल का उपयोग, शासकीय योजनाओं के भुगतान के लिए हितग्राही का ईकेवाईसी एवं डीबीटी से भुगतान करने आदि बिंदुओं पर गहन समीक्षा किया।
डॉ कन्नौजे ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों का उद्देश्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से आम नागरिकों तक पहुंचाना है। कलेक्टर ने मुख्य रूप से विकास कार्यों की प्रगति नागरिक सेवाओं को उपलब्धता, जनशिकायतों के शीघ्र निराकरण, राजस्व एवं भूमि प्रबंधन, कानून व्यवस्था, पर्यवेक्षक, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, स्वच्छता, जल संरक्षण महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा कृषि एवं ग्रामीण विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन करने कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग के लक्ष्य की पूर्ति हेतु समय सीमा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का निराकरण अभियान मोड में किया जाए तथा प्रगति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
किसी प्रकार की लापरवाही में होगी कार्यवाही : कलेक्टर डॉ कन्नौजे
कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगा। आम नागरिकों के साथ संवेदनशील, सक्रिय एवं सम्मानजनक व्यवहार दें। जिले के विकास कार्यों के दौरान स्थानीय आवश्यकताओं एवं नवाचारों को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाए ताकि प्रत्येक योजना का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कलेक्टर कान्फ्रेंस से जुड़े सभी कार्यों एवं अपने विभागीय कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
लकड़ी से लदे ट्रैक्टर से स्कूटर टकराया, एक गंभीर रूप से घायल
भटगांव पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, लकड़ी की जांच की मांग उठी
बिलाईगढ़ । झुमरपाली में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहाँ लकड़ी से भरी ट्रैक्टर से टकराने पर स्कूटर सवार दो लोग घायल हो गए। हादसा अक्षांश किराना स्टोर्स के पास हुआ।
स्थानीय लोगों ने तुरंत भटगांव थाना को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया, जहाँ एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि दूसरा मामूली रूप से घायल है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों घायल केडार-पठारिपाली के रहने वाले हैं और मंगलवार रात स्कूटर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान झुमरपाली की आरा मशीन के सामने मेन रोड पर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर लापरवाहीपूर्वक खड़ी थी, जिससे उनका स्कूटर टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सामने से आ रही एक गाड़ी की तेज रोशनी स्कूटर सवार की आँखों में पड़ गई, जिससे दृश्य बाधित हुआ और स्कूटर सीधे ट्रैक्टर में जा घुसा।
लकड़ी से लदे ट्रैक्टर पर उठे सवाल
घटना के बाद भटगांव पुलिस ने लकड़ी से भरी ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर भानु फर्नीचर (भटगांव–रोहिना) का है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर में भरी लकड़ी संभावित रूप से जंगली या बेशकीमती हो सकती है, जिसे रात में आरा मशीन पर लाने की कोशिश की जा रही थी।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जांच की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लकड़ी कानूनी है या नहीं।
आगे की कार्रवाई पर निगाहें
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि भटगांव पुलिस लकड़ी की उत्पत्ति की जांच के लिए वन विभाग को सूचना देती है या नहीं, या फिर यह मामला रफा-दफा कर समाप्त कर दिया जाएगा।
दो कोचिया गिरफ्तार, 50 लीटर अवैध महुआ शराब ज़ब्त
बिलाईगढ़ । थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने लगातार चल रही अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई के तहत ग्राम जमनार में छापा मारकर दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 50 लीटर महुआ शराब बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में और थाना प्रभारी बिलाईगढ़ शिवकुमार धारी के नेतृत्व में की गई।
घटना का विवरण:
21 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जमनार के एक निर्माणाधीन खुले मकान में नामदेव गोंड नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब तैयार की जा रही है और बिक्री हेतु रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की और मौके से नामदेव गोंड को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी नामदेव गोंड (पिता – अपना राम गोंड, उम्र 33 वर्ष, निवासी – सांवरिया डेरा, थाना भटगांव) ने बताया कि वह मयाराम देवार (पिता – भोको देवार, उम्र 32 वर्ष, निवासी – ग्राम जमनार, थाना बिलाईगढ़) के लिए महुआ शराब बनाता है। दोनों आरोपी मिलकर शराब की बिक्री करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5,000 है, बरामद की। आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शिवकुमार धारी, सहायक उप निरीक्षक प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर पटेल, आरक्षक प्रत्येन बर्मन, राजेश सायतोड़े, राजेंद्र दीक्षित, अमृत खूंटे और महिला आरक्षक मोहन कुमारी की प्रमुख भूमिका रही।
भटगांव में 9 दिनों तक होती है माँ काली की विशेष पूजा, जानें मूर्ति स्थापना के पीछे का रहस्य...
बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ क्षेत्र के नगर पंचायत भटगांव में माँ काली की भक्ति का सिलसिला लगातार 35 वर्षों से जारी है। इस वर्ष माँ काली की पूजा-अर्चना का यह 36वाँ वर्ष है। विशेष बात यह है कि हर वर्ष कार्तिक अमावस्या के दिन ही माँ काली की मूर्ति की स्थापना की जाती है और पूजा विधिवत संपन्न होती है।
नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में दूर-दूर से जसगीत पार्टियाँ और झाँकी दल पहुँचते हैं और माँ काली की आराधना में भक्ति-भाव से जगराता करते हैं। यहाँ न केवल माँ काली की भक्ति झलकती है, बल्कि अन्य देवी-देवताओं की पौराणिक कथाओं पर आधारित झाँकियाँ भी आकर्षण का केंद्र होती हैं।
भटगांव के मानस चौक में माँ काली की मूर्ति स्थापना के पीछे की कहानी भी श्रद्धा और आस्था से भरी हुई है। बताया जाता है कि मोहल्ले के कुछ लोग वर्षों पहले कोलकाता गए थे, जहाँ उन्होंने माँ काली की भव्य पूजा-अर्चना और वहाँ के भक्तों की गहरी आस्था को देखा। उसी भक्ति से प्रेरित होकर उन्होंने अपने नगर भटगांव में माँ काली की स्थापना का संकल्प लिया।
इसके बाद कोलकाता से एक मूर्तिकार को आमंत्रित किया गया, जिसने माँ काली की भव्य प्रतिमा तैयार की। दीपावली से एक दिन पहले, कार्तिक अमावस्या के दिन, विधिवत पूजा के साथ माँ काली की मूर्ति की स्थापना की गई — और तभी से यह परंपरा निरंतर जारी है।
आज भी भटगांव के मानस चौक में माँ काली की पूजा के दौरान वही श्रद्धा, वही भक्ति और वही उत्साह देखने को मिलता है, जिसने इस परंपरा को 36 वर्षों से जीवित रखा है।
धौराभाठा (ब) प्राथमिक स्कूल को मिला 3 शिक्षक छात्रों के आत्मविश्वास में हुई वृद्धि
बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई में सुधार के साथ विद्यालय में लौटी रौनक
13 अक्टूबर 2025


शासन की युक्तियुक्तकरण नीति के तहत अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना होने से विद्यालय में शिक्षण स्तर, अनुशासन और बच्चों की उपस्थिति तीनों में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है। विकासखंड बिलाईगढ़ के शासकीय प्राथमिक शाला धौराभाठा (ब) में शिक्षा व्यवस्था अब पूरी तरह बदल चुकी है। कभी केवल एक शिक्षक के भरोसे संचालित यह विद्यालय आज 03 शिक्षकों की मौजूदगी से नई ऊर्जा और उत्साह से भर गया है।विद्यालय में वर्तमान में अध्ययनरत बचचे नियमित रूप से स्कूल आ रहे हैं और पढ़ाई में गहरी रुचि दिखा रहे हैं। पहले शिक्षकों की कमी के कारण कक्षाओं का संचालन बाधित होता था, लेकिन अब शिक्षक बच्चों को व्यक्तिगत ध्यान देकर पढ़ा रहे हैं, इससे विद्यार्थियों की समझने की क्षमता, प्रदर्शन और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।
विद्यार्थी पढाई के साथ खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक ले रहे हैं भाग
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम धौराभाठा (ब) में के वरिष्ठ नागरिक सुरेश कंवर ने बताया कि पहले स्कूल में केवल एक शिक्षक होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और पालक भी स्कूल भेजने में रुचि नहीं लेते थे। अब तीन शिक्षकों की मौजूदगी से विद्यालय में अनुशासन और शिक्षण का माहौल पूरी तरह बदल गया है। वहीं ग्रामवासी दिलीप साहू ने कहा कि अब शिक्षक नियमित रूप से सभी विषयों की कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। बच्चे न केवल पढ़ाई में बल्कि खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय का वातावरण अब सकारात्मक और प्रेरणादायक बन गया है, जिससे गांव में शिक्षा के प्रति नई जागरूकता आई है। युक्तियुक्तकरण नीति का यह असर धौराभाठा (ब) जैसे ग्रामीण विद्यालयों के लिए एक मिसाल बन गया है, जहां अब हर दिन बच्चों की हंसी और सीखने की चाह गूंज रही है।
रजत जयंती : विश्व बालिका दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने की शिविर का आयोजन
86 बालिकाओं की एनीमिया जांच में 81 में खून की कमी
सारंगढ़ बिलाईगढ़। रजत जयंती पर्व पर कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एफ आर निराला के मार्गदर्शन में गर्ल्स उच्चतर माध्यमिक शाला सरसीवां में विश्व बालिका दिवस मनाया गया।ऐसे ही कार्यक्रम तीनों ब्लॉक के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में बच्चों में होने वाले जन्म जात विकृति, संक्रामक बीमारी जैसे टीबी, कुष्ठ आदि के विषय में भी बता कर बालिकाओं को जागरूक किया गया। अंत में बालिकाओं में माहवारी के समय की परेशानी के बारे में डॉक्टर नयना नवीन के द्वारा बालिकाओं को आवश्यक समझाइश दी गई। इस अवसर पर प्राचार्य वी के जायसवाल, प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ शशि जायसवाल, डॉ श्रृति दुबे, मुकेश साहू तथा सेक्टर सरसीवां के सभी स्टाफ उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एफ आर निराला ने बालिकाओं को बालिका दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि विश्व बालिका दिवस मनाने का उद्वेश्य बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य ,सुरक्षा ,सम्मान ,निर्णय लेने एवं नेतृत्व के अवसर प्रदान करना है। बालिकाओं में शिक्षा का अवसर मिले, बराबर का अवसर मिले शिक्षा में ड्रॉप आउट न हो, स्वास्थ्य अच्छा रहेगा बीमार नहीं होने पर एक सशक्त बालिका के रूप में उभर सकेगा। इस कारण बालिकाओं को उनके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बालिकाओं में सबसे ज्यादा स्वास्थ्य समस्या में रक्त अल्पता या खून की कमी का होता है। आज भी इसी विद्यालय में खून की जांच की गई जिसमे 86 बालिकाओं में सिर्फ 5 बालिकाओं की हीमोग्लोबिन 12 ग्राम प्रतिशत से ऊपर पाया गया अर्थात 81 बच्चे एनीमिया की श्रेणी में है।
एनीमिया के मुख्य कारण :
बालिकाओं में एनीमिया के मुख्य कारण 1 संतुलित आहार की कमी उम्र के अनुसार शरीर के संचालन के लिए जितनी ऊर्जा की जरूरत होती है उसमें कमी है। 2 बच्चों में कृमि रोग होने के कारण भी एनीमिया होता है। कृमि शरीर के आंत में अपनी जगह बनाती है। हमारे द्वारा भोजन के पौष्टिक तत्व को कृमि द्वारा ग्रहण करने तथा खून को पीने के कारण बच्चों के शरीर में खून की कमी हो जाती है। सिकलसेल की बीमारी होने पर भी खून की कमी होती है क्योंकि सिकलसेल वाले बच्चों में आरबीसी का आकर हशिया के रूप में हो जाता है एवं इसकी आयु कम हो जाती है आरबीसी जल्दी मर जाने के कारण सिकलसेल वाले व्यक्ति के शरीर में खून की कमी हो जाती है। 10 वर्ष से 19 वर्ष के बालिकाओं में माहवारी प्रारंभ होने के कारण भी खून की कमी होने लगती है। इन कारणों से बालिकाओं में खून की कमी होती है।
खून की कमी का शरीर में प्रभाव : बच्चों या बालिकाओं में खून की कमी होने से शरीर पर प्रभाव पड़ता है जैसे आइक्यू में 5 से 10 प्रतिशत की कमी हो जाती है। बच्चों में सीखने समझने की क्षमता प्रभावित होती है। बच्चों की शारीरिक और मानसिक विकास बाधित होती है तथा एकाग्रता में कमी हो जाती है।
बचने का उपाय :
संतुलित आहार ले, जिसमे पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट ,फैट ,खनिज लवण ,विटामिन और पानी की पर्याप्त मात्रा प्रति दिन मिलना चाहिए। खनिज लवण में कैल्शियम, मैग्नीशियम, फास्फोरस ,जिंक सोडियम ,पोटेशियम ,आयोडीन आदि मिलना चाहिए। कृमि नाशक गोली को प्रति वर्ष साल में 2 बार 6, 6 माह के अंतराल में लेना होता है। प्रत्येक बालिकाओं को डब्ल्यूआईएफएस की गोली (10 से 19 वर्ष) जो नीले रंग की होती है प्रति मंगलवार को खाना खाने के बाद लेना होता है।
वर्ष भर में 52 गोली अनिवार्य से लेने से जो खून की कमी शरीर में होता है उसकी पूर्ति हो जाती है। इसमें सिकल सेल होने पर डब्ल्यूआईएफएस की गोली की जगह सिर्फ फोलिक एसिड की गोली ली जानी चाहिए। बालिकाओं की दृष्टि या आंख की रोशनी ठीक रहे इसके लिए भी चर्चा की गई और नेत्र परीक्षण भी कराए गई। आंख की रोशनी अच्छी रहे इसके लिए मौसमी फल, हरे सब्जी के सेवन से मदद मिलती है। स्कूल में पढ़ाई करते समय सिर में दर्द ,आंख में दर्द ,आंख से आंसू आना ,चक्कर आना ,आंख से दिखाई कम पड़ना दृष्टि दोष के सूचक है।
मिडिल स्कूल के बच्चों की नेत्र परीक्षण कर दृष्टि दोष वाले सभी बच्चों को शासन से चश्मा निःशुल्क प्रदान की जाती है तथा पढ़ते समय रोशनी हमेशा पीछे से आना चाहिए। ऐसी व्यवस्था घर में पालको के द्वारा बच्चों के लिए किया जाना चाहिए और पालको को नजर भी रखनी चाहिए कि पढ़ते समय आंखों में कोई परेशानी हो तो पालक भी इसे जल्द पहचान सके और आंख की जांच कराए। आंख की सुरक्षा भी करनी होती है चोट से, बीमारी से जिससे आंख की रोशनी बनी रहे। आंख की सुरक्षा सभी की करनी चाहिए और नियमित जांच भी छोटे बच्चों में ( 9 माह से 5 वर्ष तक) रतौंधी के बचाव के लिए विटामिन ए की खुराक पिलाई जाती है। सभी बच्चों को पालक सक्रियता से पिलाने में सहयोग प्रदान करे इससे भी आंख की रोशनी अच्छी बनी रहती है।
अज्ञात व्यक्ति ने पोल्ट्रीफार्म में घुसकर मुर्गियों-बतखों को मारा, ग्रामीणों में आक्रोश
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ क्षेत्र के गगोरीटांडा गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पोल्ट्रीफार्म में रखी गई लाखों की मुर्गियों और बतखों को अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
पोल्ट्रीफार्म संचालक विजय कुमार कमल ने बताया कि वे अपनी आजीविका चलाने के लिए गांव में पोल्ट्रीफार्म संचालित करते हैं, जिसमें करीब 150 देशी मुर्गियां और 50 बतखें थीं। उन्होंने बताया कि रात में दाना खिलाकर घर लौटने के बाद, किसी ने अंधेरे का फायदा उठाकर फार्म में घुसकर सभी मुर्गियों और बतखों को मार डाला।
सुबह जब वे फार्म पहुंचे तो चारों ओर मृत मुर्गियां और बतखें पड़ी थीं। यह दृश्य देखकर गांव में सनसनी फैल गई। संचालक ने आशंका जताई है कि यह कृत्य गांव के ही कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा द्वेषवश किया गया है।
इस घटना से संचालक को लगभग दो लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, शासन-प्रशासन से मुआवजे और सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने सारंगढ़ में वैकल्पिक मार्ग के लिए सीसी रोड बनाने के दिए निर्देश
सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर एवं प्रशासक नगरपालिका परिषद सारंगढ़ डॉ संजय कन्नौजे ने मैदानी क्षेत्र का मुआयना के दौरान सीएमओ और सब इंजीनियर को निर्देश दिए कि, पुराना नाका रायगढ़ रोड के पास नहर से जनपद पंचायत सारंगढ़ के पीछे तक के नहर वाले कच्ची सड़क को अपने नवीन कार्य के प्रस्ताव में शामिल करें और प्रस्ताव स्वीकृत होने पर सीसी रोड का निर्माण करें ताकि भविष्य में किसी आकस्मिक स्थिति या वीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर आम आदमी के उपयोग के लिए इस सड़क को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जा सके।
बिजली विभाग की लापरवाही से दो मवेशियों की मौत
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बिलाईगढ़ । जिले के रायकोना गांव में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गांव में ट्रांसफार्मर से जुड़े खुले तारों में करंट फैल जाने से दो मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या की शिकायत बिजली विभाग से की, लेकिन विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास खुले तार लटक रहे हैं, जिनमें लगातार करंट दौड़ता रहता है। यह स्थिति ग्रामवासियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर विभाग जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं करता, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव का एक और ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे उन्हें बिजली की भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतें करने के बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से मवेशियों की जान गई है, और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों की मांग है कि बिजली विभाग तत्काल खुले तारों को दुरुस्त करे और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
वसूली के आरोप में कथित पत्रकार पर कार्रवाई की तैयारी
थाना बिलाईगढ़ ने कोर्ट में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की
बिलाईगढ़ । थाना बिलाईगढ़ के संबंध में भ्रामक खबर प्रकाशित करने और थाना प्रभारी से वसूली की कोशिश करने वाले कथित पत्रकार नरेश चौहान के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत मामला कोर्ट में दर्ज करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
किस्त के लिए मांगे पैसे, नहीं देने पर छापी झूठी खबर
थाना प्रभारी शिवकुमार धारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अगस्त 2025 में नरेश चौहान ने थाना प्रभारी को अपने मोबाइल नंबर 93038-91083 से वॉइस कॉल कर धमकी दी कि आपके क्षेत्र में शराब बिक रही है, इसकी खबर छाप दूँगा... अगर मेरी गाड़ी की किस्त भरने के लिए पैसे दे दो तो खबर नहीं छापूंगा।
थाना प्रभारी ने जब यह स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध शराब बिक्री नहीं हो रही, तो भी कथित पत्रकार ने “माटी के संदेश” नामक अखबार में भ्रामक खबर प्रकाशित कर दी, जिसमें उन्होंने थाना प्रभारी पर अवैध शराब कारोबार को संरक्षण देने का झूठा आरोप लगाया।
कोर्ट में मामला दर्ज करने की तैयारी, लीगल नोटिस जारी
थाना प्रभारी धारी ने बताया कि इस पूरे मामले में अब व्यवहार न्यायालय बिलाईगढ़ में केस दर्ज करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही नरेश चौहान को लीगल नोटिस भी भेजा जा रहा है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कथित पत्रकार नरेश चौहान मूलतः कोसीर क्षेत्र का निवासी है और पहले से ही कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
31 अगस्त 2019 को थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 93/2019 के तहत धारा 34(1) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
वर्ष 2020 में अपराध क्रमांक 75/2020 के तहत धारा 294, 506, 323, 34 भारतीय दंड संहिता के तहत केस पंजीबद्ध हुआ था।
थाना प्रभारी का कहना है कि इन रिकॉर्ड्स से यह स्पष्ट होता है कि नरेश चौहान अवैध गतिविधियों और वसूली जैसे कृत्यों में संलिप्त रहा है।
पुलिस का सख्त रुख
थाना बिलाईगढ़ ने स्पष्ट किया है कि पत्रकारिता की आड़ में वसूली या धमकी देने जैसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अब कानूनी कार्रवाई को प्राथमिकता देगी ताकि पत्रकारिता की गरिमा और कानून-व्यवस्था दोनों सुरक्षित रह सकें।