छत्तीसगढ़ / बस्तर
किशोरी बालिकाओं को मिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण
कोंडागांव । कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं रेनू प्रकाश जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र के अन्तर्गत बेटी बचाओ बेटी पढाओ के तहत किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण जिला के विकास खण्ड़ स्तर चिन्हाकिंत शासकीय हाई स्कूल ड़ोगरीगुड़ा, शासकीय हाई स्कूल गिरोला, शासकीय हाई स्कूल फूकागिरोला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मुलमुला, स्कूलों में दिया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उदेश्य किशोरी बालिकाओं में आत्म विश्वास विकसित करना उन्हें अपने सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना, तथा विपरित प्ररिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्राशिक्षकों द्वारा किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनिकों का व्यावहारिक अभ्यास करया गया। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार के छेड़छाड़, हिंसा या अपातस्थिति में धर्ये पूर्वक निर्णय लेने एवं तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई। किशोरी बालिकाओं को चाइल्ड हेल्प लाइन न0 1098, महिला हेल्प लाइन न0 181, साइबर हेल्प लाइन न0 1930, बच्चों की सुरक्षा से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उदेश्य, बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता बाल विवाह रोकथाम महिलाओं के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
उपस्थित किशोरी बालिकाओं को शिक्षा,सुरक्षा, एवं समान अवसर उपल्ब्ध कराने तथा उनके सर्वागीण विकास में सहयोग करने की पहल की गई। इस अवसर पर जिला महिला सशक्तिकरण केद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग, से रीना सिंह जिला मिशन समन्वयक, माधुरी उसेण्डी जेण्डर विशेषज्ञ, स्कूल प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षिका, किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहे।
बस्तर में महिला की हत्या से सनसनी, फरार पति पर पुलिस का शक
जगदलपुर । बस्तर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के मामले में पुलिस का शक उसके फरार पति पर गहरा गया है। घटना के बाद से आरोपी पति लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से सब्जी काटने वाला एक चाकू बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल हत्या में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने वारदात के बाद घर में मौजूद खून के निशान मिटाने की कोशिश की थी। वहीं, घर के बाहर कई दिनों से ताला लगा होने की जानकारी भी मिली है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मृतका एक होटल में काम करती थी और देर रात घर लौटने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस इसी एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों सहित कई लोगों से पूछताछ कर रही है। फरार पति की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण प्रधान पाठक निलंबित
उत्तर बस्तर कांकेर ।
जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद द्वारा विकासखण्ड नरहरपुर के प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम धु्रव को कर्तव्य में लापरवाही बरतने एवं अनुशासनहीनता के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नरहरपुर द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम धु्रव मदिरापान की अवस्था में विद्यालय में उपस्थित पाए जाने पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उप नियम 1,2,3 का गंभीर उल्लंघन करने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम (9) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कोयलीबेड़ा नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
पुनर्वास से आत्मनिर्भरता की ओर बीजापुर के पुर्नवासितों ने जाना बस्तर का इतिहास और संस्कृति
जगदलपुर ।
बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लौटकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए तथा वर्तमान में नुआ बाट पुनर्वास केंद्र में निवासरत पुर्नवासितों के लिए रविवार का दिन अत्यंत प्रेरणादायक और विशेष रहा। केंद्र में पिछले ढाई महीनों से वेल्डिंग का व्यावसायिक कौशल सीख रहे इन युवाओं को आज जिला प्रशासन की विशेष पहल पर बस्तर के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का शैक्षणिक व अध्ययन भ्रमण कराया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण की पृष्ठभूमि जिला पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना के नुआ बाट पुनर्वास केंद्र के प्रथम निरीक्षण के दौरान बनी थी, जब हितग्राहियों ने उनसे संवाद करते हुए अंचल के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थानों को देखने तथा करीब से समझने की इच्छा जताई थी। युवाओं की इस जिज्ञासा और सकारात्मक सोच को सम्मान देते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज बस्तर द्वारा इस भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
दिनभर चले इस भ्रमण के दौरान हितग्राहियों को बस्तर की पौराणिक और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू होने का अवसर मिला। उन्होंने माँ दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया, तत्पश्चात बस्तर राजमहल और ऐतिहासिक दलपत सागर की प्राकृतिक सुंदरता व इतिहास को जाना। इसके अलावा युवाओं ने भारत का नियाग्रा कहे जाने वाले विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का आनंद लिया और माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचकर बस्तर के आधुनिक विकास व कनेक्टिविटी की रफ्तार को करीब से देखा।
यह भ्रमण हितग्राहियों के लिए केवल एक यात्रा न होकर एक अत्यंत सकारात्मक और अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ। पुनर्वास केंद्र में अर्जित वेल्डिंग कौशल, अनुशासन और इस प्रकार के व्यावहारिक अनुभवों के बल पर ये युवा अब समाज की मुख्यधारा में अपनी सशक्त भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। प्रशासन को पूर्ण विश्वास है कि ये हितग्राही आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने जीवन में एक नया अध्याय शुरू करेंगे, बल्कि आंचल के अन्य भटके हुए युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरेंगे।
सेवा सेतु पोर्टल की नवीन ई-सेवाओं हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित
जगदलपुर ।
नागरिकों को शासकीय सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा हॉल एवं सीजी स्वान वीसी कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्रारंभ की गई विभिन्न नवीन ई-सेवाओं के संचालन एवं उनकी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजन में जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सचिव, नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी तथा खाद्य विभाग के राशन कार्ड प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान ई-गवर्नेंस सोसाइटी के जिला प्रबंधक राकेश भट्ट ने सेवा सेतु पोर्टल पर जोड़ी गई नई नागरिक केंद्रित सेवाओं के संबंध में तकनीकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अब पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड में नया नाम जोड़ने, नाम विलोपन तथा एपीएल एवं बीपीएल राशन कार्ड हेतु आवेदन की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही स्थानीय निकायों एवं अन्य विभागों से जुड़ी सेवाएँ जैसे विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र, नवीन ट्रेड लाइसेंस, भवन अनुज्ञा और नल कनेक्शन के आवेदन भी इसी पोर्टल से निष्पादित किए जा सकेंगे। इसके अलावा राजपत्रित ऑर्डर के तहत नाम परिवर्तन तथा आईटीआई स्थानांतरण संबंधी सेवाओं की कार्यप्रणाली से भी मैदानी अमले को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, प्रस्तुत दस्तावेजों के सत्यापन तथा विभागीय अनुमोदन की पूरी कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को सुगम बनाना और आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि आम जनता को सहूलियत हो सके।
पर्यटकों की सुरक्षा के लिए तिरिया पर्यटन स्थल 30 सितंबर तक बंद
जगदलपुर।
मानसून के दौरान नदी-नालों में जलस्तर में वृद्धि के मददेनजर ग्राम सभा तिरिया (सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति) द्वारा पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर एक बड़ा निर्णय लिया गया है। पर्यटन स्थल तिरिया को 20 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक के लिए अस्थायी रूप से पूर्णतः बंद किया गया है। ग्राम सभा का मानना है कि सुरक्षा व्यवस्था और जन-धन की रक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है, इसलिए मानसून के इस दौर में पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाना आवश्यक हो गया था।
इस संबंध में ग्राम सभा तिरिया द्वारा जारी सूचना में सभी पर्यटकों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस बंद अवधि के दौरान पर्यटन स्थल का भ्रमण करने न पहुँचें तथा ग्राम सभा के इस निर्णय का सम्मान करते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करें। मौसम के सामान्य होने और परिस्थितियाँ पूरी तरह अनुकूल होने के बाद ही पर्यटन स्थल को दोबारा खोलने के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी, तब तक सभी लोग सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सतर्क रहें।
जगदलपुर में एटीएम उखाड़कर चोरी का प्रयास, कैश बॉक्स छोड़कर फरार हुए बदमाश
जगदलपुर ।
बस्तर जिले के नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एटीएम चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया। पूरी तैयारी के साथ पहुंचे बदमाशों ने नगर बाजार स्थित एक एटीएम मशीन को उखाड़कर उसमें रखी नकदी लूटने का प्रयास किया, लेकिन कैश निकालने में असफल रहे। इसके बाद आरोपी कैश बॉक्स को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात एटीएम तक पहुंचे और मशीन को उखाड़ने के बाद कैश बॉक्स खोलकर रकम निकालने की कोशिश करने लगे। काफी प्रयास के बावजूद जब वे नकदी नहीं निकाल सके, तो कैश बॉक्स वहीं छोड़कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध कैमरे में कैद हुए हैं, जिनकी पहचान कर तलाश की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वारदात में कितने बदमाश शामिल थे। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
गुलाब की खुशबू से महकी किसान विकास कुमार की किस्मत
जगदलपुर, 15 जुलाई 2026
पारंपरिक खेती से अलग हटकर अगर आधुनिक और वैज्ञानिक तौर-तरीकों को अपनाया जाए, तो कृषि क्षेत्र में कितनी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है, इसका जीता-जागता उदाहरण पेश किया है कालीपुर ग्राम के प्रगतिशील किसान श्री विकास कुमार श्रीवास्तव ने। उन्होंने अपनी सूझबूझ और कड़ी मेहनत से गुलाब की खेती को मुनाफे का एक शानदार जरिया बना दिया है। विकास कुमार श्रीवास्तव ने अपने 8000 वर्गमीटर के खेत में संरक्षित स्थिति में व्यावसायिक स्तर पर गुलाब की वैज्ञानिक खेती की शुरुआत की थी। सही समय पर सिंचाई, संतुलित पोषण प्रबंधन और उन्नत फसल संरक्षण उपायों के बदौलत उनकी फसल में रिकॉर्ड तोड़ उत्पादकता देखने को मिली, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने अपने खेत से लगभग एक लाख 60 हजार गुलाब के डंठलों का बंपर उत्पादन प्राप्त किया।
बाजार में इन गुलाबों की भारी मांग के चलते विकास कुमार को अपनी फसल का कुल बाजार मूल्य लगभग 8 लाख रुपए प्राप्त हुआ। यदि इस खेती के आर्थिक गणित को समझें, तो इसमें कुल 4 लाख 20 हजार रुपए की लागत आई थी, जिसे निकालने के बाद उन्हें 3 लाख 80 हजार रुपए का सीधा और शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ। यह उपलब्धि साबित करती है कि कम क्षेत्र में भी आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उद्यानीकी फसलों से अच्छी आय अर्जित की जा सकती है। गुलाब की इस सफल खेती ने न केवल विकास कुमार श्रीवास्तव को आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि आज वे आस-पास के क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी एक बड़े प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल बन चुके हैं।
क्रमांक/1153/अर्जुन
प्रशासन बना संकट की घड़ी का सहारा
आपदा में पति को खोने वाली चैती को मिली सहायता, चार लाख रुपये की राहत राशि से मिला संबल
जगदलपुर ।
जीवन में कभी-कभी ऐसी विपत्ति आ जाती है, जो एक पल में पूरे परिवार की खुशियां छीन लेती है। बस्तर जिले के बास्तानार विकासखंड के ग्राम सागवेल की निवासी चैती के साथ भी ऐसा ही हुआ। मकान गिरने की दुर्घटना में उनके पति महरू की मृत्यु हो गई। इस हादसे ने चैती को गहरे सदमे में डाल दिया और परिवार के सामने आजीविका का भी संकट खड़ा हो गया।
दुख की इस घड़ी में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए चैती को तत्काल राहत उपलब्ध कराई। तत्कालीन कलेक्टर के मार्गदर्शन में एसडीएम तोकापाल शंकर लाल सिन्हा स्वयं गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को आरबीसी 6-4 के तहत तत्काल 25 हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की, जिससे परिवार को तत्काल आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में राहत मिली।
इसके बाद तहसीलदार एवं पटवारी ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक राजस्व कार्रवाई पूरी की। प्रशासन की कार्यवाही के परिणाम स्वरूप आपदा राहत प्रकरण शीघ्र स्वीकृत हुआ और चैती को 4 लाख रुपये की आपदा राहत राशि प्रदान की गई। इस आर्थिक सहायता ने विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवार को नया संबल दिया।
चैती भावुक होकर कहती हैं मकान गिरने से मेरे पति महरू की मृत्यु हो गई थी। उस समय मुझे समझ नहीं आ रहा था कि आगे कैसे जीवन चलेगा। लेकिन प्रशासन ने मेरी पीड़ा को समझा। एसडीएम साहब स्वयं घर आए और तत्काल सहायता दी। मकान क्षति का एक लाख बीस हजार अलग से आरबीसी 6-4 के तहत राजस्व विभाग से एवं 50 बास 30 बल्ली वन विभाग के तरफ से तुरंत दिया गया । इसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर मुझे चार लाख रुपये की राहत राशि मिली। संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन ने जिस संवेदनशीलता से मेरी मदद की, उसके लिए मैं कलेक्टर साहब और पूरी प्रशासनिक टीम की हृदय से आभारी हूं।
बैंक सखियों ने ग्रामीणों की वित्तीय गतिविधियों को दी मजबूती
हितग्राहियों को घर बैठे मिल रही बैंकिंग सुविधाएं, योजनाओं की राशि प्राप्त करना हुआ आसान
जगदलपुर, 06 जुलाई 2026


ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को सशक्त बनाने में बैंक सखियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनकी सक्रिय सेवाओं से अब ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूरस्थ बैंक शाखाओं तक जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो गई है। गांव में ही विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा ग्रामीणों को त्वरित और सहज सेवाएं मिल रही हैं।बैंक सखियां माइक्रो एटीएम एवं आधार आधारित बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से नकद निकासी, जमा, बैलेंस जांच, धन अंतरण सहित अन्य बैंकिंग सेवाएं ग्रामीणों तक पहुंचा रही हैं। इसके साथ ही वे ग्रामीणों को डिजिटल लेन-देन, सुरक्षित बैंकिंग और वित्तीय साक्षरता के प्रति भी जागरूक कर रही हैं।
बैंक सखियों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की मजदूरी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की राशि हितग्राहियों तक समय पर पहुंच रही है। इससे ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर बैंक जाने की परेशानी से राहत मिली है।विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं दूरस्थ अंचलों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए बैंक सखियां एक भरोसेमंद सहायक के रूप में कार्य कर रही हैं। घर के समीप ही बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होने से लाभार्थियों को सम्मानपूर्वक और सुविधाजनक तरीके से अपनी राशि प्राप्त हो रही है।
इसके साथ ही बैंक सखियां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण परिवारों को नियमित बचत, बैंक खाते के उपयोग तथा डिजिटल भुगतान के लिए प्रेरित कर रही हैं। इससे गांवों में वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ हो रही है।बस्तर जिले में 141 बैंक सखी कार्य कर रही हैं जिन्होंने जून माह में पेंशन से संबंधित 3166 हितग्राहियों को ट्रांजेक्शन में 28 लाख 67 हजार 565 रुपए की राशि, एमविवाय के तहत 4097 हितग्राहियों को ट्रांजेक्शन में 38 लाख 82 हजार 470 रुपए की राशि, स्व सहायता समूहों के 22367 हितग्राहियों को 2 करोड़ 31 लाख 87 हजार से अधिक राशि, विबी जी राम जी (मनरेगा) में 2103 हितग्राहियों को 15 लाख 46 हजार 179 रुपए और अन्य 12026 वित्तीय हस्तांतरण में 01 करोड़ 44 लाख 78 हजार से अधिक राशि का वित्तीय गतिविधि की गई है ।
बैंक सखियों की सक्रिय भागीदारी से शासन की वित्तीय समावेशन की अवधारणा को नई गति मिली है। वे गांव और बैंक के बीच एक मजबूत सेतु बनकर न केवल बैंकिंग सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही हैं, बल्कि ग्रामीणों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
सीजीपीएससी उप निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा के लिए बस्तर जिला प्रशासन मुस्तैद
12 जुलाई को 6 केंद्रों पर परीक्षा देंगे 2104 अभ्यर्थी
जगदलपुर, 2 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली सूबेदार, उप निरीक्षक कैडर और प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार इस महत्वपूर्ण परीक्षा का आयोजन रविवार 12 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक के निर्धारित समय में किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए बस्तर जिले में 6 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां इस बार कुल 2,104 परीक्षार्थी शामिल होकर अपनी किस्मत आजमाएंगे।
बस्तर जिले में परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय जगदलपुर में 6 प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों में सबसे अधिक 450 अभ्यर्थी शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (धरमपुरा) में परीक्षा देंगे। इसके अतिरिक्त पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल (धरमपुरा) में 304 परीक्षार्थी और शासकीय दन्तेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय (शांति नगर) में 300 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे।
शहरी क्षेत्र के अन्य प्रमुख केंद्रों में शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (गोल बाजार) को भी शामिल किया गया है, जहां 350 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं पुराना गीदम नाका स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंबर 2 में 400 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके साथ ही रेलवे कॉलोनी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने सभी केंद्र प्रभारियों को सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े कड़े निर्देश जारी किए हैं, वहीं परीक्षार्थियों से भी अपील की गई है कि वे तय समय से पूर्व केंद्रों पर पहुंच कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
जगदलपुर में महा-रोजगार मेला, 1595 पदों पर होगी सीधी भर्ती
जगदलपुर, 2 जुलाई 2026
बस्तर संभाग के शिक्षित और हुनरमंद बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाकर अपने सपनों को साकार करने का एक शानदार और बड़ा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जगदलपुर (जिला-बस्तर) के तत्वावधान में एक विशाल एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी श्री जय प्रकाश कौशिक से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवाओं का करियर संवारने के लिए इस मेले में निजी क्षेत्र की कई बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेने पहुंच रही हैं। इस महा-रोजगार मेले का आयोजन मंगलवार 07 जुलाई को सुबह 10ः30 बजे से शाम 4 बजे तक लाईवलीहुड कॉलेज, आड़ावाल, जगदलपुर के परिसर में किया जाएगा।
इस आयोजन के माध्यम से प्राइवेट सेक्टर के 13 प्रमुख नियोजकों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 1595 रिक्त पदों पर सीधे साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं की भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि इसमें 10 वीं, 12 वीं, स्नातक (ग्रेजुएट) के साथ-साथ डिप्लोमा इंजीनियरिंग की योग्यता रखने वाले सभी आवेदक भाग ले सकते हैं। मेले में युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार बीमा सखी, टेक्नीशियन, ऑफिस बॉय, सुपरवाइजर, सिक्योरिटी गार्ड, ट्रेनिंग ऑफिसर, लीगल एडवाइजर, वेल्डर, फायरमैन, नर्सिंग असिस्टेंट, पैकेजिंग स्टाफ, ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, होम केयर टेकर, बेबी सीटर, रिलेशनशिप मैनेजर, टेलीकॉलर, कुक, वेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर और मैकेनिक जैसे दर्जनों विविध पदों पर नियुक्तियां दी जाएंगी। इसके साथ ही चयनित होने वाले प्रतिभावान उम्मीदवारों को पद और काम के अनुसार 7 हजार रुपए से लेकर 28 हजार रूपए प्रति माह तक का आकर्षक वेतनमान भी प्रदान किया जाएगा।
इस संभाग स्तरीय रोजगार मेले में सम्मिलित होने के लिए इच्छुक आवेदकों को सबसे पहले विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए उम्मीदवारों को विभागीय वेबसाइट ीजजचेरूध्ध्मतवरहंतण्बहण्हवअण्पदध्स्ंदकपदहैपजमध्त्वरहंतडमसंस्पेज.ंेचग पर जाकर रोजगार मेला में आवेदन करने हेतु इच्छुक लॉगइन करें के विकल्प पर अपना आवेदन दर्ज करना होगा। जिन आवेदकों ने सफलतापूर्वक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है, वे मंगलवार 07 जुलाई को नियत समय पर अपने समस्त शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रतियों और उनकी छायाप्रतियों के साथ सीधे साक्षात्कार स्थल पर पहुंच सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवारों को अपने साथ पहचान के लिए आधार कार्ड, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अपना मोबाइल भी अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा ताकि मौके पर दस्तावेजी प्रक्रिया को सुगमता से पूरा किया जा सके। बस्तर संभाग के युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने और एक सफल करियर की शुरुआत करने का यह एक बेहतरीन मंच साबित होगा।
शासकीय कार्यालयों में अब ‘रीचार्ज’ से चलेगी बिजली
1 अगस्त से शुरू होगी प्री-पेड बिलिंग व्यवस्था
जगदलपुर, 2 जुलाई 2026
प्रदेश के शासकीय विभागों और कार्यालयों में विद्युत खपत और बिलों के भुगतान को लेकर राज्य शासन ने एक बड़ा और युगांतरकारी निर्णय लिया है। केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के दिशा-निर्देशों के तहत अब छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर के माध्यम से प्री-पेड बिलिंग अनिवार्य रूप से लागू की जा रही है। ऊर्जा विभाग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार आगामी 01 अगस्त से प्रथम चरण के तहत विकासखण्ड (ब्लॉक) एवं उच्च स्तर तक के सभी शासकीय कार्यालयों में बिजली की प्री-पेड व्यवस्था शुरू हो जाएगी। इसके बाद द्वितीय चरण में इससे निचले स्तर के कार्यालयों को जोड़ा जाएगा। महानदी भवन (मंत्रालय) से जारी मार्गदर्शिका के अनुसार इस पूरी व्यवस्था को बेहद आधुनिक, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाया गया है, जिसके तहत 30 जून 2026 की स्थिति में विभागों के कुल लंबित बकाये को फ्रीज कर दिया जाएगा और इस राशि को आगामी 4 तिमाहियों में समान किश्तों में जमा करने की छूट दी जाएगी।
इस नई रीचार्ज प्रणाली को सुचारू रखने के लिए बिजली विभाग रीचार्ज खत्म होने के 7 दिन पहले से ही संबंधित विभाग के पंजीकृत नोडल अधिकारी के मोबाइल पर एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से अलर्ट भेजना शुरू कर देगा। इसके साथ ही विभाग अपनी दैनिक खपत, बची हुई शेष राशि (बैलेंस) और रीचार्ज खत्म होने की संभावित अवधि की जानकारी मोर बिजली ऐप और विभागीय वेबसाइट पर लाइव देख सकेंगे। व्यवस्था की एक बड़ी खूबी यह है कि पूरे विभाग या जिले के कनेक्शनों को एक समूह (ग्रुप आईडी) के रूप में ट्रीट किया जाएगा, जिससे जब तक ग्रुप का ओवरऑल बैलेंस रहेगा, किसी भी व्यक्तिगत कार्यालय की बिजली नहीं कटेगी। बैलेंस शून्य होने की स्थिति में भी तुरंत बिजली नहीं काटी जाएगी, बल्कि तिमाही समाप्त होने के 15 दिनों बाद तक रीचार्ज न होने पर ही मीटर से स्वतः कनेक्शन विच्छेदित होगा। यदि किसी अनिवार्य कारण से लाइन कट भी जाती है, तो मोर बिजली ऐप चौटबॉट पर केवल एक रिक्वेस्ट भेजकर आपातकालीन स्थिति में कनेक्शन को 7 दिनों के लिए दोबारा चालू कराया जा सकेगा। रीचार्ज सफल होने के अधिकतम 60 मिनट के भीतर बिजली स्वतः चालू हो जाएगी और तकनीकी समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत के 6 घंटे के भीतर इसे चालू करने का प्रावधान है। इस पूरी व्यवस्था को जिला स्तर पर सुगम बनाने के लिए इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर प्रीपेड मॉनिटरिंग सेल को सिंगल टच पॉइंट बनाया गया है, जहां वरिष्ठ अधिकारी मॉनिटरिंग और सहायता के लिए तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की शंका के निवारण हेतु प्रतिदिन दोपहर 12 से 1 बजे के बीच गूगल-वीडियो मीट के माध्यम से विशेष सहायता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं ताकि इस बदलाव को आपसी समन्वय से सफल बनाया जा सके।
वीबी जीरामजी प्रदेश में लागू, इस योजना में ग्रामीण क्षेत्र की और गांव के छोटी -छोटी मांगों को पूरा करने का लक्ष्य- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री का वर्जुअल कार्यक्रम में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ
वीबी जीरामजी योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को 125 दिन की रोजगार और मजदूरी दर 261 से बढ़कर हुई 300 रुपए प्रतिदिन
जगदलपुर, 02 जुलाई 2026
भारत सरकार द्वारा विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत अकुशल श्रमिकों के लिए नई मजदूरी दरें अधिसूचित की गई हैं। नई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई हैं। 2 जुलाई गुरुवार को तिरुपति, आंध्रप्रदेश से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस वर्चुअल कार्यक्रम में और जिला स्तरीय कार्यक्रम जगदलपुर के टाउन हॉल में आयोजित किया गया जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, जिला पंचायत सदस्य, तोकापाल और दरभा पंचायत के अध्यक्ष भी शामिल हुए।
नई व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ में ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी दर को 261 रुपए प्रतिदिन से बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को आर्थिक लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण आजीविका को और मजबूती मिलेगी।भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के लिए संशोधित मजदूरी दर निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना में ग्रामीण क्षेत्र की और गांव के छोटी छोटी मांगों को पूरा करने का लक्ष्य है इसमें सड़क, तालाब, स्कूल जैसी आवश्यकता वाले कार्यों को ग्राम सभाओं में पारित कर सके। गांव के विकास के साथ-साथ प्रदेश का विकास किया जाना है।यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को ग्राम स्तर तक साकार करने का एक व्यापक अभियान है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को प्रति वित्तीय वर्ष 125 दिनों के गारंटीकृत रोजगार का प्रावधान किया गया है, जिससे आजीविका सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से मजदूरी भत्ता 300 रूपये प्रतिदिवस किया गया है। वीबी जीरामजी के माध्यम से जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन एवं टिकाऊ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्रत्येक ग्राम पंचायत आत्मनिर्भर और समृद्ध बन सके।
इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी, 15 दिवस के भीतर मजदूरी भुगतान, बेरोजगारी भत्ता, डिजिटल जॉब कार्ड एवं तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन प्रणाली, समयबद्ध एवं पारदर्शी भुगतान व्यवस्था प्राप्त होगी। वीबी जीरामजी में जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण सड़क, वृक्षारोपण एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ ग्रामीण युवाओं के लिए कौशल विकास एवं आजीविका पर जोर दिया गया है। अब ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की कार्ययोजना ग्राम सभा के माध्यम से तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का चयन किया जा सकेगा।
इस योजना के संबंध में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने बताया कि यह महत्वाकांक्षी योजना वास्तव में महात्मा गांधी नरेगा योजना का ही एक अत्यंत परिष्कृत, उन्नत और तकनीकी रूप है, जो ग्रामीण परिदृश्य को पूरी तरह से बदलने की क्षमता रखती है। इस योजना के तहत न केवल रोजगार के अवसरों में अभूतपूर्व विस्तार किया गया है,बल्कि श्रमिकों के आर्थिक कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को भी सर्वोपरि रखा गया है। इस नई व्यवस्था के तहत रोजगार की गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर अब 125 दिन कर दिया गया है, जो ग्रामीण परिवारों को अधिक स्थिरता प्रदान करेगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य के लिए मजदूरी की दर में भी एक ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है, जिसके तहत पूर्व में मिलने वाली 261 रूपए की मजदूरी को 10 प्रतिशत से भी अधिक बढ़ाते हुए अब 300 रूपए प्रतिदिन तय कर दिया गया है। श्रमिकों के हितों का ध्यान रखते हुए इसमें यह प्रावधान भी जोड़ा गया है कि यदि किसी भी व्यक्ति को उसके निवास स्थान से 5 किलोमीटर की परिधि से बाहर कार्य दिया जाता है, तो उसे मिलने वाली राशि में 10 प्रतिशत का अतिरिक्त भत्ता शामिल किया जाएगा। इस योजना की सबसे अनूठी बात इसका श्स्पेशल इंक्लूजन मैट्रिक्स है, जिसके अंतर्गत समाज के सबसे कमजोर और संवेदनशील वर्गों जैसे एकल महिलाओं, दिव्यांगजनों, 60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजनों, ट्रांसजेंडर समुदाय, बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराए गए लोगों तथा पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों) को काम देने में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। अब पुराने पारंपरिक जॉब कार्ड के स्थान पर एक नया सुरक्षा फीचर्स से लैस ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड जारी होगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति का एक विशिष्ट पॉलिसी नंबर दर्ज होगा, जिसके जरिए उन्हें आवश्यक बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ मुहैया कराए जाएंगे।
योजना की कार्यप्रणाली को बेहद लचीला और उत्तरदायी बनाया गया है, जहां श्रमिकों को कम से कम 6 दिनों के काम की मांग करनी होगी और आवेदन के 15 दिनों के भीतर काम न मिलने की स्थिति में वे नियमानुसार बेरोजगारी भत्ते के हकदार होंगे। ग्रामीण विकास के व्यापक दायरे को समेटते हुए इस योजना में कुल 318 तरह के विभिन्न कार्यों को अनुमति दी गई है, जिन्हें मुख्य रूप से चार बड़े स्तंभों में विभाजित किया गया है। इनमें जल सुरक्षा से जुड़े कार्य, दूसरी कोर ग्रामीण बुनियादी ढांचागत परियोजनाएं, तीसरी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और आपदा प्रबंधन कार्यों को भी इस महा-अभियान में शामिल किया गया है।
इस पूरी योजना को पूरी तरह से पारदर्शी बनाए रखने के लिए इसे आधुनिक स्पेस टेक्नोलॉजी, जीआईएस और मोबाइल ऐप से लैस यानी टेक-इनेबल्ड किया गया है। योजना के तहत श्युक्तिधारा ऐपश् के माध्यम से ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का खाका तैयार किया जाएगा, जिसे ग्राम सभा से बकायदा प्रस्ताव पारित कराकर ही आगे बढ़ाया जाएगा, यानी जो कार्य ग्राम सभा तय करेगी वही इस योजना में शामिल होंगे। इसके अलावा जल सुरक्षा से जुड़े कार्यों के लिए क्लाट ऐप का उपयोग किया जाएगा। सैटेलाइट आधारित उन्नत प्लानिंग के लिए पूर्व की तरह भुवन पोर्टल को भी इससे जोड़ा गया है, जबकि कार्यस्थल पर श्रमिकों की वास्तविक उपस्थिति दर्ज करने और सटीक मॉनिटरिंग के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम और एनएमएमएस ऐप जैसी डिजिटल तकनीकों का सहारा लिया जाएगा।
इस योजना के वित्तीय ढांचे में भी बड़ा बदलाव करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की सहभागिता को अब लेबर और मटेरियल दोनों ही क्षेत्रों में 60ः40 के अनुपात में निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों से इस कल्याणकारी मिशन को जमीनी स्तर पर पूरी ईमानदारी से लागू करने के लिए पूर्ण सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा विबी जीरामजी के तहत सामुदायिक और व्यक्तिमूलक स्वीकृति आदेश की प्रति हितग्राहियों को वितरित किया गया। इस अवसर पर गणमान्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वेक्षण के लिए राज्य शासन का बड़ा कदम
तीन प्रमुख विभागों को दिए निर्देश
जगदलपुर 30 जून 2026
राज्य शासन द्वारा राज्य में विशेष आवश्यकता वाले इन बच्चों की सही पहचान, उनके प्रामाणिक सत्यापन और अद्यतन डेटा संकलन के लिए इस वृहद सर्वेक्षण अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसे पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना है। उक्त परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिले में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के व्यापक सर्वेक्षण को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जिसके तहत इसे जिला स्तरीय समय सीमा बैठक के मुख्य एजेंडे में शामिल करने का निर्णय लिया गया है, ताकि प्रत्येक स्तर पर इसकी निरंतर समीक्षा की जा सके और कार्य में कोई शिथिलता न आए। इस पूरे अभियान की सफलता हेतु स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के आपसी तालमेल और मैदानी स्तर पर समन्वित पहल सुनिश्चित की जाएगी।
इस दिशा में कलेक्टर ने उक्त तीनों विभागों को उनकी विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए सकारात्मक प्रयास करने को कहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के मेडिकल आकलन के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों और मेडिकल बोर्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। इसके साथ ही विभाग विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की श्रेणी और उसकी गंभीरता का भौतिक सत्यापन करेगा और पात्र बच्चों का यूनिक आईडी पोर्टल पर पंजीकरण कराने में सहयोग प्रदान करेगा। बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए मार्गदर्शन देने के साथ-साथ विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा और बौद्धिक अक्षमता से ग्रसित बच्चों की सही पहचान के लिए साइकोलॉजिस्ट की सेवाएं भी ली जाएंगी।
इस अभियान में समाज कल्याण विभाग की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण तय की गई है, जिसके तहत विभाग अपनी कल्याणकारी योजनाओं जैसे पेंशन, छात्रवृत्ति और पुनर्वास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सर्वे टीम के साथ साझा करेगा। सर्वे के दौरान मैदानी स्तर पर चिन्हित होने वाले दिव्यांग बच्चों को उनकी पात्रता के अनुसार इन योजनाओं से तुरंत लिंक किया जाएगा ताकि उन्हें शासन की मदद मिल सके। साथ ही विभाग अपने पास पूर्व से उपलब्ध दिव्यांगता प्रमाण पत्र और दिव्यांगता आईडी से जुड़े डेटा को भी साझा करेगा ताकि सर्वेक्षण का कार्य अधिक सुगम और त्रुटिहीन बनाया जा सके।
शुरुआती स्तर पर बच्चों की पहचान को मजबूत बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को सक्रिय किया गया है, जिसके अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से 0 से 6 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों की प्रारंभिक सूची तैयार की जाएगी। विभाग की टीमें कुपोषित और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की जानकारी साझा करने के साथ-साथ घर-घर जाकर समुदाय स्तर पर जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगी। इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक हस्तक्षेप के जरिए बच्चों में दिव्यांगता के शुरुआती लक्षणों की पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक सहायता और उपचार प्रदान करना है।
बकावंड के पांच गांवों में मनाया गया जल अर्पण दिवस, ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
जगदलपुर 30 जून 2026
बस्तर जिले के विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम जैतगिरी, सरगीपाल, गिरोला, डुरकाबेड़ा और बदलावंड में विगत दिवस जल अर्पण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर जल संरक्षण एवं पानी बचाओ अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए डबरी एवं तालाब निर्माण करने तथा जल संसाधनों के संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिया। इनमें पेयजल स्रोतों के आसपास सोख्ता गड्ढों का निर्माण, घरों में उपयोग किए गए पानी का साग-सब्जी की बाड़ी में पुनः उपयोग तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे कदम शामिल रहे।
इस अवसर पर महिला जल वाहिनी की सदस्य महिलाओं ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। वहीं ग्रामीणों के साथ मिलकर जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से पानी बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस मौके पर जल जीवन मिशन की आईईसी ज्योत्सना सूना ने ग्रामीणों को जल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, शुद्ध पेयजल के महत्व को समझने, जल संसाधनों की सुरक्षा करने, नियमित जल कर भुगतान करने, सोख्ता गड्ढों और किचन गार्डन की उपयोगिता तथा स्थानीय स्तर पर पौधरोपण कर उनकी देखरेख करने जैसे विषयों पर समझाइश दी। साथ ही ग्रामीणों को इन कार्यों में निरंतर सकारात्मक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में उक्त सभी पांचों ग्रामों के सरपंच, पंचायत पदाधिकारी, महिला जल वाहिनी की सदस्य महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सामुदायिक सहभागिता के साथ आयोजित यह पहल जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों की जागरूकता और जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण के रूप में परिलक्षित हुई।
विशेष लेख : पहचान है सरगुजा का रामगढ़ ऐतिहासिक-पौराणिक संस्कृति की सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएंः इतिहास, आस्था और कला का अद्भुत संगम
अम्बिकापुर 25 जून 2026



सरगुजा का नाम आते ही घने वन, प्राकृतिक सौंदर्य और आदिवासी संस्कृति की छवि उभरती है, लेकिन इस अंचल की पहचान केवल प्रकृति तक सीमित नहीं है। सरगुजा की धरती अपने भीतर हजारों वर्षों के इतिहास, पौराणिक मान्यताओं और सांस्कृतिक धरोहरों को संजोए हुए है। जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित रामगढ़ पर्वत पर अवस्थित सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं इसी गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण अध्याय हैं। ये स्थल न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहरों में विशेष स्थान रखते हैं।
रामगढ़ पर्वत की पश्चिमी ढलान पर स्थित सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं अपनी ऐतिहासिक, पुरातात्विक और पौराणिक महत्ता के कारण वर्षों से शोधकर्ताओं, इतिहासकारों और पर्यटकों को आकर्षित करती रही हैं। यहां की गुफाएं भारत की प्राचीन कला, स्थापत्य और सांस्कृतिक विकास की कहानी बयां करती हैं।
रामायण काल से जुड़ी हैं मान्यताएं
रामगढ़ क्षेत्र को लेकर स्थानीय जनश्रुतियां और पौराणिक मान्यताएं अत्यंत प्रचलित हैं। माना जाता है कि भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने अपने वनवास काल का कुछ समय इस क्षेत्र में व्यतीत किया था। कई विद्वानों ने रामगढ़ और उसके आसपास के जंगलों को रामायण में वर्णित चित्रकूट क्षेत्र से जोड़कर देखा है। ऐसी मान्यता है कि माता सीता ने वनवास के दौरान जिस गुफा में निवास किया था, वही आगे चलकर सीताबेंगरा के नाम से प्रसिद्ध हुई। यही कारण है कि यह स्थल धार्मिक आस्था और श्रद्धा का केंद्र भी माना जाता है।
भारत के प्राचीनतम रंगमंच
सीताबेंगरा गुफा अपनी अनूठी संरचना के कारण विशेष महत्व रखती है। गुफा के भीतर बैठने की व्यवस्था, मंचन जैसी संरचना और शिलालेखों की व्याख्या के आधार पर कई विद्वानों ने इसे भारत के सबसे प्राचीन रंगमंचों में से एक माना है। गुफा लगभग 45 फीट गहरी है तथा इसके भीतर पत्थरों की बनी बैठने की व्यवस्था दिखाई देती है। माना जाता है कि यहां नाट्य प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक आयोजन होते रहे होंगे। हालांकि इस विषय पर विद्वानों में मतभेद भी हैं, फिर भी भारतीय रंगमंच के इतिहास में इस गुफा का विशेष महत्व स्वीकार किया जाता है।
जोगीमाराः भारत की प्राचीन चित्रकला का साक्षी
सीताबेंगरा गुफा के समीप स्थित जोगीमारा गुफा भारतीय कला इतिहास की अमूल्य धरोहर है। इसे भारत की सबसे प्राचीन चित्रित गुफाओं में शामिल किया जाता है। यहां प्राप्त भित्तिचित्र तीसरी-दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व के माने जाते हैं। यद्यपि समय के साथ अधिकांश चित्र क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, फिर भी उनके अवशेष प्राचीन भारतीय चित्रकला की उत्कृष्टता का परिचय देते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार गुफा की छत पर बनाए गए चित्रों में मानव आकृतियां, पशु-पक्षी, नृत्य-संगीत और सामाजिक जीवन से जुड़े दृश्य चित्रित थे। इन चित्रों में लाल, काले और पीले रंगों का उपयोग किया गया था। यह भारतीय चित्रकला की शुरुआती परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जाता है।
प्राचीन शिलालेखों का खजाना
जोगीमारा और सीताबेंगरा गुफाओं में प्राप्त शिलालेख भी इतिहास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन शिलालेखों के आधार पर विद्वानों ने यहां के सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन का अध्ययन किया है। शिलालेखों से यह संकेत मिलता है कि यह क्षेत्र प्राचीन काल में कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा होगा।
हाथीपोल सुरंग की अनोखी संरचना
रामगढ़ की एक अन्य विशेष पहचान हाथीपोल नामक प्राकृतिक सुरंग है। लगभग 180 फीट लंबी और 15 से 20 फीट ऊंची यह सुरंग अपनी प्राकृतिक बनावट के कारण आकर्षण का केंद्र है। माना जाता है कि वर्षों तक जल प्रवाह के कारण इसका वर्तमान स्वरूप विकसित हुआ। सुरंग के दूसरे छोर पर सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं स्थित हैं, जिससे यह पूरा क्षेत्र और अधिक रहस्यमयी एवं आकर्षक बन जाता है।
प्राचीन मंदिर और मूर्तिकला की विरासत
रामगढ़ क्षेत्र में अनेक प्राचीन मंदिरों और मूर्तियों के अवशेष भी पाए जाते हैं। यहां भगवान विष्णु, श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान और देवी की प्राचीन प्रतिमाएं आज भी विद्यमान हैं। इन मूर्तियों की शिल्पकला तत्कालीन कलाकारों की अद्भुत दक्षता को प्रदर्शित करती है। मंदिरों के द्वार, स्तंभ, नक्काशीदार पत्थर और खंडित शिल्प इस क्षेत्र के गौरवशाली अतीत की गवाही देते हैं। इतिहासकारों के अनुसार रामगढ़ क्षेत्र प्रारंभिक कलचुरी राजवंश के प्रभाव वाले महत्वपूर्ण स्थलों में शामिल रहा है। यहां प्राप्त स्थापत्य अवशेष इस क्षेत्र की प्राचीन समृद्धि और सांस्कृतिक वैभव को दर्शाते हैं।
पर्यटन और शोध का प्रमुख केंद्र
आज रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं इतिहास, पुरातत्व, कला और पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं। यहां देश-विदेश से शोधकर्ता, इतिहासकार और पर्यटक पहुंचते हैं। यह स्थल सरगुजा की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सरगुजा का गौरव
रामगढ़ की गुफाएं केवल पत्थरों में उकेरी गई संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि वे सरगुजा की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना, कला परंपरा और आस्था की जीवंत धरोहर हैं। सीताबेंगरा की पौराणिक मान्यताएं, जोगीमारा की प्राचीन चित्रकला, हाथीपोल की अद्भुत प्राकृतिक संरचना और यहां बिखरे पुरातात्विक अवशेष मिलकर यह सिद्ध करते हैं कि सरगुजा का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। यही कारण है कि रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं आज भी सरगुजा की ऐतिहासिक-पौराणिक संस्कृति की पहचान बनकर आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ रही हैं।