जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करें- भावना बोहरा
कवर्धा। जनपद पंचायत सभागार, पंडरिया में विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की और विकास कार्यों एवं अधोसंरचना निर्माण को गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय में पूरा करने तथा जनता द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और जनता को उसका लाभ समय पर दिलाने एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कृषि,शिक्षा, स्वच्छता, विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों और जनता की सुविधाओं तथा योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन की समीक्षा कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
भावना बोहरा ने कहा कि जनता को योजनाओं का लाभ मिले, नगर व गांव का सर्वांगीण विकास हो, अधोसंरचना निर्माण से क्षेत्र की प्रगति निरंतर जारी रहे और पंडरिया विधानसभा समृद्ध हो इसके लिए हम कृतसंकल्पित हैं। इसी क्रम में आज जनपद पंचायत पंडरिया की समीक्षा बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा कर कार्यों की समीक्षा की गई। जिसमें नगर के शासकीय स्कूलों व शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण को हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। किसानों को बीज एवं खाद वितरण में किसी प्रकार की समस्या तथा सभी सोसायटी में खाद एवं बीजों तथा फसलों की सुरक्षा के लिए कीट नाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। धान खरीदी केन्द्रों में धान के उठाव, बारिश में उनकी सुरक्षा के सन्दर्भ में भी समीक्षा की गई और सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराने की बात कही। जिन राशन दुकानों में वितरण एवं अनियमितता की शिकायतें मिली हैं उनपर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल की आपूर्ति हेतु चल रहे कार्यों जैसे बकेला जलाशय, चतरी जलाशय, पुटपुटा व विभिन्न निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण करने, महिला चौपाटी के निर्माण, पानी टंकियो की सफाई व निर्माण, उद्यानों का सौन्दर्यीकरण, अवैध अतिक्रमण हटाने, बाजार को सुव्यवस्थित करने, नए बोर खनन, पूर्व में स्वीकृत अपूर्ण कार्यों को पूर्ण करने, पीएम जनमन योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने, बारिश के पूर्व बड़े नालों व नालियों की सफाई के संबंध में दिशा निर्देश दिए।