देर रात डीजे बजाने वालों पर शिकंजा, वाहन और साउंड सिस्टम जब्त
कवर्धा, 25 अक्टूबर 2025 । कबीरधाम जिले में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार की रात थाना कवर्धा पुलिस ने दर्रीपारा तालाब के पास अकरम धुमाल पार्टी पर कार्रवाई करते हुए एक माजदा वाहन और डीजे साउंड सिस्टम जब्त किया है।
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पाया कि रात करीब 1:30 बजे के बाद भी डीजे सिस्टम पर तेज आवाज में गाने बज रहे थे, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी।
वाहन चालक पर केस, साउंड सिस्टम जब्त
मौके से पुलिस ने वाहन चालक चन्द्रकांत मधुकर (20 वर्ष), निवासी ग्राम केशडबरी, जिला बेमेतरा के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 2000 की धारा 3, 5, 15 और मोटरयान अधिनियम की धारा 3/181, 208(2)(3), 66/192 के तहत अपराध दर्ज किया है। वाहन और डीजे सिस्टम को जप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी कृष्णा चंद्राकर और थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में रात 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार का डीजे या धुमाल बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
अन्य डीजे संचालकों पर भी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने बताया कि देर रात तक डीजे बजाने वाले अन्य संचालकों की पहचान की जा रही है, और जल्द ही उन पर भी वैधानिक कार्रवाई होगी। साथ ही, सभी आयोजकों को त्योहार, विवाह या धार्मिक कार्यक्रमों में ध्वनि मर्यादा का पालन करने की चेतावनी दी गई है।
पुलिस की अपील: मर्यादा में करें डीजे का उपयोग
कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रात 10 बजे के बाद डीजे या धुमाल न बजाएं, क्योंकि इससे बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों को परेशानी होती है। पुलिस ने कहा कि वह नागरिकों की शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए सभी से नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपेक्षा की जाती है ताकि समाज में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे।