भक्ति और अनुशासन साथ-साथ — प्रदीप मिश्रा की कथा से पहले प्रशासन ने तैयार किया सुरक्षा ब्लूप्रिंट
कबीरधाम |
2025-11-06 11:06:00
कवर्धा
ग्राम घुघरी में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की श्रीमद् शिवमहापुराण कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। 6 से 10 नवंबर तक चलने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और कबीरधाम पुलिस ने सुरक्षा और यातायात की विशेष तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
कथा स्थल और आसपास के इलाकों में नो-व्हीकल ज़ोन, विशेष पार्किंग स्थल और दुकानों के लिए निर्धारित क्षेत्र तय किए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित हो सके।
ट्रैफिक और पार्किंग की सख्त व्यवस्था
कबीरधाम पुलिस द्वारा जारी रूट प्लान के अनुसार —
बड़े वाहन (ट्रैक्टर, पिकअप आदि) नया कृषि मंडी प्रांगण में पार्क होंगे।
कार और दोपहिया वाहन मिनिमाता चौक से घुघरीखुर्द रोड के रास्ते से ही कथा स्थल तक पहुंच सकेंगे।
नेवारी से मारपा मार्ग पर वाहन या पैदल आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
चरडोंगरी स्कूल परिसर और पालीगुढ़ा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, जबकि भोरमदेव कॉलेज के आगे सक्ती नदी पुल के पास वीआईपी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
दुकानें केवल निर्धारित स्थानों पर
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के मद्देनजर कथा स्थल के आसपास किसी भी वाहन के प्रवेश पर रोक रहेगी।
व्हीआईपी पार्किंग स्थल से कथा स्थल तक, ग्राम कोठार से कथा स्थल तक और पालीगुढ़ा चौक से घुघरीकला रोड तक का इलाका नो-व्हीकल ज़ोन घोषित किया गया है।
कथा स्थल के आसपास दुकान, ठेला या अस्थायी स्टॉल लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल तीन स्थान —
भंडारा स्थल के पास खाली परिसर,
दैइहान-बगीचा क्षेत्र,
मरघट बगीचा परिसर —
पर ही दुकानें लग सकेंगी।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग नियमों का पालन करें, पुलिस के मार्गदर्शन में अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन की इस व्यवस्था में सहयोग दें।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी संदेश में कहा गया है कि “सभी के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न होगा।”