राज्योत्सव 2025: लोकसंस्कृति, संगीत और नृत्य के रंग में सराबोर हुआ समापन समारोह
विवेक शर्मा की मधुर गायिकी ने बांधा समां, श्रोता मंत्रमुग्ध होकर देर रात तक झूमते रहे
कवर्धा । तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आयोजन, कला और संस्कृति की अद्भुत छटा बिखेरता एक ऐसा रंगमंच बना जहाँ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर की जीवंत झलक देखने को मिली। जैसे-जैसे रात की चांदनी खिलती गई, वैसे-वैसे इस सांस्कृतिक महोत्सव का उल्लास बढ़ता गया।
इस भव्य आयोजन में पंडित विवेक शर्मा की विशेष प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे। इसके साथ ही दृष्टि और श्रवण बाधित स्कूली बच्चों की विशेष प्रस्तुति ने कार्यक्रम में कला का एक विशेष रंग भर दिया, वहीं जिले के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत प्रदर्शन किया। तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव वास्तव में कला, संस्कृति, और लोक परंपराओं का एक ऐसा संगम बना, जिसने छत्तीसगढ़ की समृद्ध पहचान को एक बार फिर से स्थापित किया।