भैरमगढ़ में स्वस्थ पंचायत सम्मेलन का भव्य आयोजन
बीजापुर, 09 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के दिशा-निर्देशानुसार जनपद पंचायत भैरमगढ़ के बाजार शेड प्रांगण में स्वस्थ पंचायत सम्मेलन का भव्य एवं सुनियोजित आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड अंतर्गत ग्रामों की स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों के सदस्यों द्वारा जनजागरूकता हेतु स्वास्थ्य एवं पोषण विषयक बैनरों के साथ रैली निकाली गई, तत्पश्चात सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा समिति सदस्यों को संबोधित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई एवं भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई तथा योजनाओं का लाभ लेने हेतु आपसी समन्वय से कार्य करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानीन दीदियों एवं मोबाइल एकेडमी कोर्स पूर्ण करने वाली मितानीनों को प्रमाण.पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विकासखंड भैरमगढ़ की समस्त ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे गए। प्राप्त आवेदनों में नल-जल योजना से संबंधित 35, स्वास्थ्य विभाग से 22, हैंडपंप से 10, वृद्धा पेंशन से 03, डबरी निर्माण से 15, प्राथमिक शाला बाउंड्री से 01 तथा आंगनबाड़ी भवन से 04 आवेदन शामिल रहे। इस प्रकार विभिन्न विभागों से संबंधित कुल लगभग 96 आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती दसरी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती समंतीन कोरसा, जनपद सदस्य श्रीमती सुनीता तेलम, सर्व आदिवासी समाज अध्यक्ष श्री जग्गू राम तेलामी, सरपंच श्रीमती पार्वती रानीबोदली सहित विकासखंड के समस्त ग्राम प्रमुख, गणमान्य नागरिक एवं दूरस्थ व पहुंचविहीन क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।