एनडीआरएफ ने आपदा प्रबंधन पर टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित
10 फरवरी को महादेव तालाब में होगा मॉक ड्रिल
बीजापुर, 09 फरवरी 2026
जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा आपदा प्रबंधन पर टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट श्री पवन जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रियाए संसाधनों के समुचित उपयोग एवं प्रभावी निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ करना रहा। टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान बाढ़, भूकंप, अग्निकांड सहित अन्य संभावित आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां निर्मित कर विभिन्न विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
एनडीआरएफ के अधिकारियों द्वारा आपदा के पूर्व, दौरान एवं पश्चात किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी श्री मुकेश देवांगन ने सभी विभागीय अधिकारियों को आगामी मॉक ड्रिल के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किए।
बैठक में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री पीबी सिदार सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, नगरीय निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एनडीआरएफ टीम द्वारा बताया गया कि किसी भी आपदा की स्थिति में विभागों के बीच समन्वय त्वरित निर्णय एवं प्रभावी संचार व्यवस्था ही जान-माल की क्षति को न्यूनतम करने में सहायक होती है।
अभ्यास के दौरान संचार प्रणाली, राहत एवं बचाव कार्य, चिकित्सा सुविधा, अस्थायी राहत शिविरों की व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी गहन चर्चा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों से अवगत कराते हुए महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
गौरतलब है कि एनडीआरएफ द्वारा 10 फरवरी को महादेव तालाब में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा जिसमें आपदा की वास्तविक परिस्थितियों का अभ्यास कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की परख की जाएगी।