बालोद। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर श्रेष्ठ स्वयंसेवक पुरस्कार से शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालोद के एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर (अर्थशास्त्र) के छात्र लक्ष कुमार साहू को सम्मानित किया गया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार एवं बालोद जिले में प्रसन्नता की लहर है।
लक्ष कुमार साहू विगत पाँच वर्षों से राष्ट्रीय सेवा योजना से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और निरंतर सामाजिक सरोकारों से संबंधित गतिविधियों में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाते रहे हैं। उनके द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति कार्यक्रम, प्लास्टिक उन्मूलन अभियान, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों में उल्लेखनीय योगदान दिया गया है। समाजोपयोगी कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें अन्य स्वयंसेवकों से अलग पहचान दिलाती है।
महाविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी लक्ष कुमार साहू की सहभागिता सदैव सराहनीय रही है। वे शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं, जिससे महाविद्यालय का गौरव निरंतर बढ़ा है।
इस सम्मान समारोह में स्वयंसेवक लक्ष कुमार साहू को मुख्य अतिथि भुपेन्द्र कुलदीप, कुलसचिव, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग, साथ ही विशेष अतिथि डॉ. आरपी अग्रवाल, पूर्व रासेयो कार्यक्रम समन्वयक, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग, जैनेन्द्र दीवान, रासेयो कार्यक्रम समन्वयक, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग तथा रासेयो जिला संगठक डॉ. लीना साहू, समाजसेवी जसवंत सिन्हा के हाथो सम्मानित हुये ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जेके खलखो ने लक्ष कुमार साहू को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य अत्यंत सराहनीय है और यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लक्ष भविष्य में भी समाज सेवा के क्षेत्र में महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जीएन खरे ने शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। लक्ष कुमार की यह सफलता उनकी निरंतर लगन, अनुशासन और सेवा भावना का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
अपनी इस उपलब्धि पर लक्ष कुमार साहू ने श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ स्वयंसेवक देवेंद्र कुमार साहू के मार्गदर्शन और सहयोग हेतु आभार जाहिर की ।
लक्ष कुमार की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के डॉ. एचएल मानकर, प्रो. सीडी मानिकपुरी, प्रो. डॉ. टीआर ठाकुर, डॉ. आरडी साहू, प्रो. शैलेंद्र आर्य, डॉ. सुनीता गणेश जोशी, प्रो. एलके टंडन, प्रो. जेआर नायक, लैब तकनीशियन सीआर ध्रुव, मिथलेश साहू, खिलावन साहू, सुश्री शोभा वैष्णव, आर भंडारी, देवेंद्र कुमार साहू, गजेंद्र ढीमर, डिलेश्वर देशमुख, विश्वजीत बघेल, दीपचन्द यादव, राजेश बक्शी, राम अवतार साहू, बिनीता, जागृति बारले , रोशन पंकज सहित अनेक स्वयंसेवकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।