छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

बढ़ती गर्मी के बीच स्वास्थ्य विभाग सतर्क - जिले भर में हीटवेव प्रबंधन की विशेष तैयारी

 

 सूरजपुर/12 मार्च 2026
 
जिले में तापमान के लगातार बढ़ते क्रम और संभावित हीटवेव की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने समय रहते कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन में जिला स्तर से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तक विशेष तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
हर अस्पताल में सक्रिय रहेगा हीट स्ट्रोक प्रबंधन कक्ष:-
 
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुरूप डॉ. पैकरा ने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में हीट स्ट्रोक प्रबंधन कक्ष सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। इन सभी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस, आईवी फ्लूड, जीवन रक्षक दवाइयां तथा शीतलन संबंधी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को बिना किसी विलंब के तत्काल उपचार मिल सके।
एम्बुलेंस अलर्ट पर, कमजोर वर्गों पर विशेष नजर:-
 
स्वास्थ्य विभाग ने एम्बुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए हैं, जिससे आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा सके। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, खुले में काम करने वाले श्रमिकों और बेघर व्यक्तियों जैसे उच्च जोखिम वाले समूहों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
 
आमजन से अपील: सावधानी ही सुरक्षा है:-
सीएमएचओ डॉ. के.डी. पैकरा ने जिलेवासियों से अपील की है कि दोपहर की तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, भरपूर पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को अत्यधिक पसीना, चक्कर, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लू के लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image