छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

*“एक थाना–एक सप्ताह” : थाना पंडरिया में पहुंचा पुलिस अधीक्षक कार्यालय।*

 *“एक थाना–एक सप्ताह” : थाना पंडरिया में पहुंचा पुलिस अधीक्षक कार्यालय।*


*सहसपुर लोहारा से शुरू हुआ जनसंवाद का सिलसिला कुण्डा, पिपरिया होते हुए पंडरिया पहुंचा।*

*पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों से किया संवाद, पुलिसिंग की जमीनी स्थिति की ली जानकारी।*
कवर्धा-
कबीरधाम पुलिस व्यवस्था को अधिक जनसुलभ, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाने तथा पुलिस और आमजन के बीच निरंतर संवाद को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा प्रारंभ की गई “एक थाना–एक सप्ताह” पहल निरंतर आगे बढ़ रही है।

इस पहल के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक प्रत्येक सप्ताह जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर संबंधित थाना को एक दिन के लिए “पुलिस अधीक्षक कार्यालय” के रूप में संचालित कर रहे हैं। पहल की शुरुआत थाना सहसपुर लोहारा से हुई, जिसके बाद थाना कुण्डा, थाना पिपरिया और अब थाना पंडरिया में पुलिस अधीक्षक द्वारा पहुंचकर स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग की समीक्षा एवं आमजन से संवाद किया गया।

*थाना पंडरिया में पुलिस अधीक्षक ने सुनी जनसमस्याएं।*

आज दिनांक 25.09.2026 को पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव थाना पंडरिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सम्माननीय नागरिकों, ग्रामीणों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं आमजन से सीधे संवाद कर क्षेत्र की परिस्थितियों, स्थानीय आवश्यकताओं तथा पुलिसिंग से संबंधित विषयों की जानकारी प्राप्त की।

पुलिस अधीक्षक द्वारा नागरिकों की बातों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

*स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पुलिसिंग पर विशेष जोर*

थाना पंडरिया क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों तथा अन्य महत्वपूर्ण पुलिसिंग विषयों की पुलिस अधीक्षक द्वारा समीक्षा की गई। क्षेत्र की स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को संवेदनशील एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

*महिलाओं एवं विद्यार्थियों से संवाद*

पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र की महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं से भी संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण के निर्माण में पुलिस और समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है तथा नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप पुलिसिंग को निरंतर बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

*पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं और कार्य वातावरण पर भी ध्यान*

पहल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना पंडरिया में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से भी व्यक्तिगत एवं विभागीय विषयों पर संवाद किया। उनके कार्य संबंधी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पित पुलिस बल और सकारात्मक कार्य वातावरण प्रभावी पुलिसिंग की महत्वपूर्ण आधारशिला है। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की कार्य संबंधी आवश्यकताओं को समझना तथा उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना भी पुलिस नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

*हर सप्ताह एक थाना, पुलिस अधीक्षक सीधे जनता के बीच*

“एक थाना–एक सप्ताह” पहल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर जनसुनवाई, स्थानीय पुलिसिंग की समीक्षा, कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद किया जा रहा है।

सहसपुर लोहारा, कुण्डा, पिपरिया के बाद अब पंडरिया में यह पहल संपन्न हुई है। आगामी सप्ताह जिले के अन्य थाना क्षेत्र में भी पुलिस अधीक्षक इसी प्रकार पहुंचकर स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग की समीक्षा एवं नागरिकों से संवाद करेंगे।

इस पहल का मूल उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को जनता के और करीब लाना, नागरिकों की बात को प्राथमिकता से सुनना तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है।

“पुलिस जनता के बीच और जनता पुलिस के करीब” की भावना के साथ कबीरधाम पुलिस द्वारा यह पहल पुलिस-जन संवाद को निरंतर मजबूत करने तथा नागरिकों को बेहतर, संवेदनशील एवं उत्तरदायी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image