मुख्यमंत्री साय ने जागरुकता रथों को दिखाई हरी झंडी
सूरजपुर । मां कुदरगढ़ी धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 05 जागरुकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सुपोषित छत्तीसगढ़ अभियान के तहत 03 पोषण रथ, 01 सड़क जागरुकता रथ तथा 01 नवीन आपराधिक कानून जागरुकता रथ अब जिले से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक पहुंचकर आमजन को जागरुक करेंगीं ।
पोषण रथ कुपोषण के विरुद्ध जन-आंदोलन को गति देगा और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों को संतुलित आहार, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति सचेत करेगा। सड़क जागरुकता रथ यातायात नियमों के पालन, हेलमेट-सीटबेल्ट के उपयोग एवं सुरक्षित वाहन चालन के संदेश गांव-गांव तक पहुंचाएगा। वहीं नवीन आपराधिक कानून जागरुकता रथ भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानूनों की जानकारी आमजन तक सरल भाषा में पहुंचाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये जागरुकता रथ केवल वाहन नहीं, बल्कि जन-जागरण के दूत हैं। सुपोषित, सुरक्षित और कानून के प्रति सजग समाज के निर्माण में ये अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।