"नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप :पार्षदों ने की जांच की मांग"
कबीरधाम |
2026-03-25 19:11:51
कवर्धा/पंडरिया
पंडरिया नगर पालिका परिषद में नाली निर्माण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड क्रमांक 18 के सियाबंद से रपटा तक बांधा तालाब किनारे किए जा रहे निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मोहल्लेवासियों ने लिखित शिकायत दी है। इस शिकायत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं, जिससे मामला और गरमा गया है।
शिकायती पत्र के अनुसार, नाली निर्माण पूरी तरह ह्यूम पाइप से किया जा रहा है, जिसमें पॉलिथीन या कचरा फंसने पर सफाई संभव नहीं होगी। साथ ही पाइप में लीकेज होने पर गंदा पानी सीधे बांधा तालाब में जाएगा, जिससे तालाब प्रदूषित होने का खतरा है। आरोप यह भी है कि निर्माण में पानी के बहाव का ध्यान नहीं रखा गया और तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जहां अधिकांश नाली ह्यूम पाइप से बनाई जा रही है, वहीं कुछ जगहों पर आरसीसी नाली का निर्माण किया गया है। इस असमानता से निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की आशंका और गहरी हो गई है।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि सियाबंद से रपटा तक नाली निर्माण पहले ही पुराने टेंडर के तहत किया जा चुका है, इसके बावजूद उसी कार्य के लिए दोबारा टेंडर जारी किया गया है। इसे शासकीय राशि के दुरुपयोग और बंदरबांट का मामला बताया जा रहा है।
इस गंभीर मामले में शिकायतकर्ता के रूप में पार्षद सुनील ठाकुर(वार्ड क्रमांक 15), मुकेश संवरा (वार्ड क्रमांक 14), श्रीमती उषा सुजीत कुम्भकार (वार्ड क्रमांक 13) सहित अन्य मोहल्लेवासियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। सभी ने एकजुट होकर इस निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब सवाल यह है कि नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाता है, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।