छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

 कवर्धा, 30 मार्च 2026। ‘‘बाल विवाह मुक्त भारत/छत्तीसगढ़ अभियान‘‘ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद पंचायत सभाकक्ष कवर्धा में एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा 10 मार्च 2024 से प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा का पूर्ण उन्मूलन करना है। कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है। साथ ही यह बच्चों के अधिकारों का हनन भी है। इस बुराई के उन्मूलन हेतु समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यशाला में नगर पालिका परिषद कवर्धा के सभापति श्री बिहारी धुर्वे, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना कवर्धा एवं दशरंगपुर के परियोजना अधिकारी, विकासखंड कवर्धा के अंतर्गत पर्यवेक्षक, सरपंच, सचिव, शिक्षक, रोजगार सहायक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के ब्लॉक समन्वयक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्य भी शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह की रोकथाम हेतु जागरूक किया गया तथा किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर टोल फ्री नंबर 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) पर सूचित करने की अपील की गई।

Leave Your Comment

Click to reload image