छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

पुलिस महानिरीक्षक का थाना पंडरिया में आकस्मिक निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग, अनुशासन एवं जनसंपर्क सुदृढ़ करने दिए महत्वपूर्ण निर्देश।

 कवर्धा--

 कबीरधाम जिले के थाना पंडरिया में 11 अप्रेल को पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज, राजनांदगांव  बालाजी राव (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस अनुविभाग पंडरिया अंतर्गत थाना पंडरिया एवं पुलिस अनुविभागीय कार्यालय पंडरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पंडरिया  भूपत धनेश्वरी तथा थाना प्रभारी पंडरिया  अजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान श्री राव द्वारा थाना परिसर में संधारित विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों एवं रोजनामचा पंजी का सूक्ष्मता एवं गंभीरता के साथ अवलोकन किया गया तथा उनके संधारण, अद्यतन स्थिति एवं विधिसम्मत प्रविष्टियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर शस्त्रागार, मालखाना, बंदीगृह, थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेख प्रबंधन प्रणाली एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। उन्होंने शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव, मालखाना सामग्री के उचित संरक्षण एवं बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
तत्पश्चात पुलिस महानिरीक्षक श्री राव द्वारा थाना में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

इस दौरान बेहतर पुलिसिंग के लिए उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने, आमजन से सतत संवाद बनाए रखने, संवेदनशील एवं त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही, अपराधों की रोकथाम हेतु प्रभावी गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की सतत निगरानी एवं खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।
इसी क्रम में थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ आरक्षकों (जो प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति हेतु पात्र हैं) को परेड अभ्यास नियमित रूप से करने एवं शारीरिक दक्षता बनाए रखने हेतु विशेष रूप से निर्देशित किया गया।

बैठक के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों से उनके पारिवारिक दायित्वों एवं व्यक्तिगत समस्याओं के संबंध में आत्मीयतापूर्वक चर्चा की तथा किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत अथवा विभागीय समस्या होने पर अवगत कराने के निर्देश दिए, जिससे उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा समस्त निरीक्षण एवं समीक्षा कार्यों का संक्षिप्त मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा भविष्य में और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को और सुदृढ़ करने हेतु प्रेरित किया।

Leave Your Comment

Click to reload image