कवर्धा में नारी शक्ति सम्मेलन का हुआ आयोजन
कबीरधाम |
2026-04-15 19:21:33
महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता बढ़ाने पर दिया गया जोर
कवर्धा, 15 अप्रैल 2026। महिला सशक्तिकरण की दिशा में कबीरधाम जिले में “नारी शक्ति सम्मेलन” का आयोजन वीर सावरकर भवन, कवर्धा में किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 16 से 18 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले विशेष संसद सत्र तथा “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक धमतरी रंजना साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि शर्मा, सांसद श्री संतोष पाण्डेय की धर्मपत्नी श्रीमती रेखा पाण्डेय, श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुमित्रा विजय पटेल, श्रीमती पूर्णिमा मनिराम साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती देवकुमारी चंद्रवंशी, श्रीमती विजयलक्ष्मी तिवारी, श्रीमती सतविंदर पाहुजा, श्रीमती अनिता धुर्वे, जनपद सदस्य श्रीमती बिमला साहू, श्रीमती नीतू शर्मा, श्रीमती गौरी साहू, श्रीमती नीतू मिश्रा, श्रीमती अंजू शर्मा, श्रीमती ममता साहू, श्रीमती सीमा केशरवानी, श्रीमती द्रोपती मानिमपुरी, श्रीमती सुषमा चंद्रवंशी, श्रीमती सुषमा उपाध्याय, श्रीमती मधु तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आनंद तिवारी, परियोजना अधिकारी रीना ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, नारी शक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती रश्मि विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण हुआ है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह अधिनियम लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करता है, जिससे उन्हें निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी का अवसर मिलेगा। यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।
पूर्व विधायक धमतरी श्रीमती रंजना साहू ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इन अवसरों का लाभ उठाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभा रही हैं, ऐसे में राजनीति में भी उन्हें समान अवसर मिलना अत्यंत आवश्यक है, जो इस अधिनियम के माध्यम से संभव होगा।
पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत उपस्थित महिलाओं को कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण, संतुलित आहार अपनाने एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।
विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत कार्यक्रम में पौष्टिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें संतुलित आहार और पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित कर महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में तैयार की गई खेल सामग्री की भी प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी शैक्षणिक एवं मनोरंजक सामग्रियों को प्रस्तुत किया ।